Tuesday, July 5, 2011

बलात्कार! बलात्कार!! बलात्कार!!!

लखनऊ। महिलाओं की आबरू लुट रही है। उनकी हत्याएं हो रही है। आंख फोड़ने से हाथ काट लेने जैसी क्रूर घटनाएं बढ़ रही हैं। सियासी दल लुटी-पिटी औरत पर राजनैतिक तमाशे खड़े करके बेशर्मों की तरह अपने वोट बैंक में नए खाते खुलवाने के प्रयास में लगे हैं। सरकार और उसकी पुलिस गैरजिम्मेदार बयानों के जरिए प्रदेशवासियों को बहलाने और अपने इकबाल का झांडा बुलंद करने को तरजीह दे रहे हैं।
            लखीमपुर खीरी के निद्यासन में सोनम, कन्नौज, गुरसहायगंज के गड़वाबुजुर्ग गांव की किशोरी, बाराबंकी में 6 साल की बच्ची सविता के साथ जो दरिंदगी हुई हैं, उसमें पुलिसवालों की भूमिका बेहद घिनौनी और अपराधियों जैसी है। मुख्यमंत्री ने भले ही उन्हें सजा के तौर पर निलम्बित कर दिया एक सिपाही को जेल भेज दिया, लेकिन लखनऊ में बैठे कानून-व्यवस्था सम्भालने के जिम्मेदार मुखिया के बयान जहां झूठ से लबरेज हैं, वहीं बेहद गैरजिम्मेदाराना। शायद इसीलिए विपक्ष उन पर बसपा कार्यकर्ता होने का आरोप लगाता है।
            यहां एक बात कहनी आवश्यक होगी कि बसपा के एक दिग्गज नेता जो दो बार चुनाव हार चुके हैं कहते हैं कि  बेशक अपराधी सरकार से पूछकर बलात्कार नहीं कर रहे हैं, इसलिए विपक्ष, मीडिया दोनों की उतनी ही जिम्मेदारी बनती हैं। जितनी सरकार की, बेशक पुलिस बिगड़ैल है, उसका आचरण अपराधियों जैसा है, लेकिन इसमें भी हमारी सामाजिक परिस्थितियां और उसके पर्यावरण में हो रहे असंतुलन की जिम्मेदारी भी है। बलात्कार मानसिक रोग है, सामाजिक अपराध है इससे निबटने के लिए हर किसी को आगे आना होगा।
            बांदा के शीलू बलात्कार कांड में पुलिस लगातार तरह-तरह के तमाशे खड़े करके पीड़िता उसके परिवार को प्रताड़ित करने में लगी है। ऐसे ही समूचे सूबे में दलितों पर बर्बर जुल्म हो रहे हैं। गोण्डा तरबगंज के सेमरा ग्राम के दलित प्रधान लाटूराम को दबंग आठ महीने तक बंदी बनाए रहे। उसकी पत्नी की गुहार किसी ने नहीं सुनी। राजद्दानी के बख्शी का तालाब क्षेत्र में दलित मुन्नी की पिटाई कर उसका हाथ तोड़ दिया गया, शिकायत करने पर पुलिस ने पीड़िता के पति को ही हवालात में डाल दिया। यह सब अचानक नहीं है। इसकी ईमानदारी से जांच की जानी चाहिए। यह चुनावी वर्ष है आरोप-प्रत्यारोप के जरिए वोट की राजनीति से अलग हटकर मानवीय दृष्टिकोण अपनाकर सभी आयोगों उच्चस्तरीय सरकारी मशीनरी के साथसिविल सोसायटीको आगे आना होगा।
बलात्कार की हालिया प्रमुख घटनाएं
          6 साल की सविता फतेहपुर से गायब हुई। 11 जून को शव बाराबंकी में मिला। एक आंख किडनी गायब। नरबलि की आशंका। सविता के चाचा एक कथित तांत्रिक को पकड़ा।
          फिरोजाबाद के सिरसागंज में 20 जून की रात पंद्रह वर्षीय किशोरी को शानू और गटुआ ने बहाने से बारात घर में बुलाकर रेप किया और भाग निकले। शानू गिरफ्तार, लेेकिन गटुआ फरार।
          एटा में 19/20 जून की रात सुनील, सुमन और मुलायम सिंह ने अनारकली के घर में घुस कर दुराचार किया जिंदा जला दिया। अभियुक्त फरार, एसओ निधौली कला निलंबित।
          गोंडा में 19 जून की रात दुराचार के बाद कत्ल की गई नाबालिग बच्ची की लाश बरामद की गई। पुलिस ने हालांकि दो आरोपियों गोविंद और ननके को गिरफ्तार किया है।
          कानपुर में भी बीस वर्षीय युवती को कुछ लड़के रावतपुर रेलवे स्टेशन से नशीली दवा खिलाकर एक होटल में ले गए। वहां सामूहिक दुराचार किया गया। स्पेशल डीजी बृजलाल ने कहा कि युवती अपनी मर्जी से गई थी। उससे दुराचार नहीं हुआ।
          बागपत के ढिकौली गांव में 14 वर्षीय किशोरी से सुनील, राजीव और मनोज द्वारा दुराचार का आरोप है। पुलिस ने सिर्फ मनोज को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस घटना को छिपाए रही और आरोपी किशोरी के परिजनों को लगातार द्दमकियां देते रहे। अंततः उन्होंने पैरवी करने वाले चाचा सत्यपाल (40) की गोली मारकर हत्या कर दी।
          फर्रूखाबाद में युवती से सरेराह दुराचार का प्रयास किया गया। हमलावरों ने विरोध करने पर उसे गोली मार दी। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने एक हमलावार को भी पीट-पीट कर मार डाला। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई शुरू की है।
          झांसी के बबीना थाना क्षेत्र के ग्राम कोटी में दयानन्द के घर विवाह समारोह में आई नाबालिग स्वाती के साथ दो युवकों ने बलात्कार किया। एक गिरफ्तार।
          अलीगढ़ में पुलिस हिरासत में 20 जून को पुनेथी पुलिस चौकी में सिपाही उसके एक साथी ने पूछताछ के दौरान बलात्कार किया। पुलिस कप्तान ने जांच के आदेश दिये।
          फतेहपुर में 20 जून को एक 12 साल की किशोरी के साथ दो लोगों ने बलात्कार किया। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
          बागपत में सीआरपीएफ जवान की 17 साल की बेटी के साथ उसकी सहेली के दो भाईयों ने बलात्कार किया। शर्मिन्दगी के कारण लड़की ने आत्महत्या कर ली।
          मुजफ्फरनगर के पास हाईवे के एक पेट्रोल पंप पर देहरादून से रही दिल्ली की दो युवतियों के बसपा विधायक के समर्थकों द्वारा मारपीट, लूट बलात्कार का प्रयास।
          मऊ में एक महिला ने दो पुलिसवालों, बस के कंडक्टर उसके मालिक पर सामुहिक बलात्कार का आरोप लगाया हैं जांच के आदेश जारी।
          बाराबंकी जनपद के देवां कोतवाली क्षेत्रान्तर्गत इब्राहिमाबाद में 24 जून की रात 8 बजे राजाराम की बेटी कक्षा तीन में पढ़ने वाली अंजलि से गांव के युवक शिवकुमार ने मुंहकाला किया। पुलिस में रिपोर्ट दर्ज, घायल बालिका लखनऊ के अस्पताल में भर्ती।
          लखीमपुर के धौरहरा थानाक्षेत्र के सैनीपुरा गांव में 24 जून की रात कमांध रामसनेही ने रमेश घर में घुसकर मां के साथ सोई पांच साल की बच्ची से दुराचार कर डाला। युवक गिरफ्तार।
          सुल्तानपुर में दोस्तपुर थानाक्षेत्र के तेदुआकाजी गांव की छः वर्षीय बच्ची के साथ 24 जून की शाम शौच जाते समय मुकेश विश्वकर्मा ने दुराचार किया, एसपी के हस्तक्षेप मेडिकल के बाद पुलिस ने रिपोर्ट लिखी।
          प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र के ठकुराइन के पुरवा मजरे पटना गांव की 29 साला दलित युवती के साथ 22/23 जून की रात घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता को थाने से भगाया। एसपी के हस्तक्षेप के बाद आरोपी गिरफ्तार एसओ/एसआई निलंबित।
          बरसाना के गांव जिरावली में गांव के ही पप्पू ने 18 वर्षीय युवती से बलात्कार में असफल रहने पर उसे जहर पिला दिया। बिजनौर में भी युवती से बलात्कार में असफल युवक ने युवती को पीटा।
          घटनाएं और भी हैं, जो दर्ज नहीं हो सकीं।

No comments:

Post a Comment