Wednesday, April 27, 2011

बजेगा बाजा आयेगी बारात

मिथिलेश द्विवेदी
लखनऊ। नवसंवत्सर चार अप्रैल से शुरू हो गया लेकिन पूरे अप्रैल में विवाह के लिए कोई शुभ मुहूर्त नहीं था। 15 मार्च से लगा खरमास 14 अप्रैल को खत्म हो गया। फिर भी विवाह के इच्छुक लोगों को 5 मई तक इंतजार करना होगा। 5 मई गुरूवार को पहला शुभ मुहुर्त है। बैशाख शुक्ल पक्ष की द्वितीया को रोहिणी नक्षत्र में विवाह करने वाले जोड़े भाग्यशाली माने जाते हैं। इसके बाद से विवाह का सिलसिला 17 जुलाई तक जारी रहेगा। मई में 17, जून में 19 और जुलाई में 17 शुभ मुहूर्त हैं। तीनों माह में कुल 53 दिन विवाह मुहूर्त के लिए अच्छे माने जा रहे हैं। अन्तिम विवाह मुहूर्त 10 जुलाई रविवार को पड़ेगा।
    11 जुलाई से हरिशयन दोष लग जाने के कारण जाड़ों में ही विवाह संभव हो सकेंगे। 2011 के नवम्बर व दिसम्बर में कुल 16 शुभ मुहूर्त हैं। इसके बाद द्दनु संक्रांति व खरमास दोष है। इस तरह मई से दिसम्बर 2011 तक कुल 69 दिन विवाह के लिए मिलेंगे। अप्रैल में कोई शुभ तारीख युवा दिलों के विवाह के लिए नहीं है।
    शादी-विवाह के इस मौसम में लोग-बाग करोड़ों खर्च करने के साथ अपनी शादी को यादगार बनाने में विश्वास करने लगे हैं। कोई हेलीकाफ्टर पर तो कोई गुब्बारे पर हवा में जयमाला डाल कर तो कोई शाक्तिपीठों पर फेरे लेकर अपनी शादी यादगार बना रहा है, तो कोई गिफ्ट में करोड़ों बांटकर। पिछले दिनों मेनका गांधी के बेटे सांसद वरूण गाधी ने वाराणसी में कांची के शंकराचार्य की पुरोहिताई में अपना विवाह कर उसे यादगार बनाया। इसी तरह साउथ दिल्ली के जौनापुर में कांग्रेस नेता कंवर सिंह तंवर के बेटे ललित तंवर सोहना के पूर्व विधायक सुखबीर सिंह जौनापुरिया की बेटी योगिता की शादी किसी शाही शादी से कम नहीं थी। इस शादी में कुल मिलाकर 100 करोड़ रुपए खर्च किए गए।
    इससे पहले भी दुनिया में कई महंगी शादियां हुई हैं। ‘स्टील किंग’ लक्ष्मी मित्तल की बेटी वनिशा मित्तल का विवाह इन्वेस्टमेंट बैंकर अमित भाटिया से हुआ था। 18 नवंबर, 2006 को यह शादी फ्रांस में हुई थी। जिसमें 7.80 करोड़ डॉलर अर्थात तकरीबन 350 करोड़ रूपया खर्च हुआ था। शादी का निमंत्रण कार्ड चांदी का बना था और उसमें 20 पेज थे। इसमें 1000 लोगों ने शिरकत की थी और उन्हें 100 अत्यंत स्वादिष्ट  डिश पेश की गई थी। 18 फरवरी, 2006 को न्यूयॉर्क के एक होटल मालिक के बेटे विक्रम चटवाल और मॉडल -एक्ट्रेस प्रिया सचदेव विवाह के बंधन में बंधे तो मुंबई व उदयपुर से लेकर दिल्ली तक समारोह पूरे 10 दिन चला था। 26 देशों से 600 मेहमान प्राइवेट चार्टर्ड जेट से आए थे जिनमें बिल क्लिंटन, नाओमी कैंपबेल आदि प्रमुख थे। इस शादी पर दो करोड़ डॉलर अर्थात 90 करोड़ खर्च किए गए थे।
    फ्रांस के व्यवसायी बर्नार्ड आरनॉल्ट की बेटी डेलफाइन ने गांसिया वाइन वंश के एलेंसैंड्रों वैलेरिनों से 24 सितंबर 2005 को विवाह किया था।  डेलफाइन के गाउन को फैशन डिजाइनर जॉन गैलिआनों ने तैयार किया। इनके विवाह स्थल को 5000 सफेद गुलाब के पुष्पों से सजाया गया था। एलिजाबेथ हर्ले व कार्ल लैंगरफेल्ड ने इसमें शिरकत की थी। इस शादी में 32 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे।
    इसी साल दुनिया की एक और सबसे महंगी शादी होने जा रही है। ब्रिटेन के शाही घराने के अगले वारिस प्रिंस चार्ल्स के बेटे प्रिंस विलियम की शादी 29 अप्रैल में होनी है मंदी से जूझ रही ब्रिटिश अर्थव्यवस्था को इस शादी से काफी उम्मीदें हैं। ब्रिटिश अर्थव्यवस्था इन दिनों भयंकर संकट के दौर से गुजर रही है। एक अनुमान के अनुसार इस शादी पर 4 करोड़ पौंड यानी 290.52 करोड़ रुपए खर्च होंगे। 28 साल के राजकुमार प्रिंस विलियम की शादी की तैयारियों का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे पहले 1982 में विलियम की मां डायना और पिता चार्ल्स की शादी पर 29.04 करोड़ रूपए का खर्चा आया था, जबकि 2005 मंे चार्ल्स और कैमिला की शादी पर 50 लाख पौंड 50 अर्थात 36.32 करोड़ रुपए खर्च हुए थे।
    29 अप्रैल को होनेवाली प्रिंस विलियम और कैंट की शादी इन सभी को होनेवाली प्रिंस विलियम और केंट की शादी इन सभी को पीछे छोड़ देगी, इस शादी पर रिकार्ड पैसे बहाए जाने की संभावना है। इस शादी में दुनिया भर से लोग शामिल होंगे जिससे ब्रिटिश अर्थव्यवस्था को एक अरब ब्रिटिश पौंड यानी 72.64 अरब रुपए मिलने की उम्मीद है। पर्यटन उद्योग को सबसे ज्यादा 75 करोड़ पौंड मिलने की संभावना है।

No comments:

Post a Comment