Tuesday, November 17, 2015

‘लिसिन’... हिंदी बोलनी ही पड़ेगी

हिन्दी, हिन्दू और हिन्दुस्तान का सनातन नारा बुलंद करने वाले अचानक पिछले दो सालों से अंग्रेजी, अमीरी और अमेरिका का जयकारा लगाने लगे हैं। नतीजे में सारा देश मिलनसार माध्यम (सोशल मीडिया) के लिए उतावला है। सूबे के बच्चों को बैदिक गणित पढ़ाने की वकालत करने वाले उप्र के एक पूर्व शिक्षा मंत्री साक्षरता से अधिक स्वच्छता और सुरक्षा के लिए चिंतित है। मौजूदा केन्द्रीय/प्रान्तीय सरकारें गरीब बच्चों को भी अमीरों के बच्चों के साथ एक ही स्कूल मंे एक ही बेंच पर बिठाकर वन...टू...थ्री... यस मैम... सिखाने के लिए प्रयासरत हैं। सरकारी स्कूलों का हाल तो सूबे के मुख्यमंत्री से लेकर आलाहाकिम तक बयान कर चुके हैं।     उनको सुधारने की कवायद में उच्च्तम न्यायालय तक को फैसला सुनाना पड़ा कि अफसरों/मंत्रियों के बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ेंगे लेकिन अभी तक कहीं किसी के कानों पर जूं नहीं रेंगी? सूबे में शिक्षा के दफ्तर का जिम्मा संभाले एक हाकिम ने पिछले दिनों एलान किया है, ‘सितंबर हिंदी, तो अक्टूबर गणित के नाम से रहेगा, बढ़ाएंगे सरकारी स्कूलों का स्तर। राज्य सरकार अभियान चलायेगी,’ हालांकि अभी तक कहीं कोई सुगबुगाहट नहीं नवंबर भी जा रही हैं। मजेदार बात है कि इसी प्रदेश के बच्चों को न तो हिन्दी की गिनती, पहाड़े का ज्ञान है और न ही हिन्दी का वर्णमाला का, लेकिन उसे अ से अर्दब, आ से आतंक की जानकारी के साथ ए फाॅर अॅन्टी000 जेड फाॅर जिम... लंगोटी (डाईपर) बदले जाने के दौरान ही दे दी जा रही है। हालात समूचे देश के लगभग ऐसे ही हैं। वह भी तब, जब सरकारी खजाने से साक्षरता, हिन्दी अपनाओ और हिन्दी के मेले-ठेलों पर करोड़ों-करोड़ रूपये हर बरस लुटाये जाते हैं। विद्यालयों, हिन्दी विद्यापीठों/संस्थानों के लिए कुछ कहना बेमानी होगा।
सरकार की भली कही, ढाई साल पहले लखनऊ की उर्वशी शर्मा को सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी पर भारत सरकार के गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग ने सूचित किया था कि भारत के संविधान के अनुच्छेद 343 के अनुसार हिन्दी भारत की ‘राजभाषा’ यानी आफीशियल भाषा मात्र है। संविधान में राष्ट्रभाषा का कोई उल्लेख नहीं है। थोड़ा और पीछे चले चलते हैं, 1981 में उप्र के मुख्यमंत्री ने इसी राजभाषा को 28 जुलाई जी0ओ0 58761 सीएम के तहत राजकाज से यह कहकर बाहर कर दिया था कि अब केन्द्रीय सरकार से पत्र-व्यवहार में राज्य सरकार अंग्रेजी का प्रयोग करें। अनुवाद की सुविधा होने और आगे भी केन्द्र सरकार की भाषा नीति जारी रखने के बाद भी? इससे चंद दिनों पहले वाराणसी में एक हिन्दी भाषी समारोह में हिन्दी के मूर्धन्य विद्वानों ने अंग्रेजी में भाषण देकर हिंदी के प्रति अपने मोह को जाहिर किया था। आज तो ऐसा प्रेम संसद से सड़क तक रोज देखने को मिल जाता है। अभी हाल ही में 10 करोड़ रूपये खर्च करके भोपाल में 10वां विश्व हिंदी साहित्य सम्मेलन गुजरा है, जहां ‘गैंग्स आॅफ हिन्दीगंज’ के देवताओं के दर्शन, हिन्दी की ‘कैटवाॅक’ और हिन्दी की हें... हें... देखने को मिली। हालांकि इसमें कुछ नया नहीं है, अटल जी के जमाने में एक मंत्री जी हिन्दी को ‘आइटम गर्ल’ के खिताब से नवाज चुके हैं। इसी सम्मेलन में पुणे के किसी अनुराग ने ‘ट्विटर की तर्ज पर ‘सोशल नेटवर्किंग साइट’ के लिए हिन्दी में ‘मूषक’ को पेश किया था। हंसी भी आ रही है और अच्छा भी लग रहा है कि हिन्दी को लाख ‘स्कर्ट’ पहनाओ या युवतियां भले ही गणेश का ‘टैटू’ अपनी जवान गोरी-गोरी नंगी पीठ पर बनवा लें और ‘लिसिन मी से या... या... याह.... तक के नखरे करें,’ मगर उसे हिन्दी में बोलना ही पड़ता है। देश में ही नहीं विदेशों में भी, नहीं तो बताईये भला लंदन में ‘जलेबी स्ट्रीट’ की क्या तुक है? इमरती, बालूशाही, पानी के बताशे, लाठी, लिट्टी-चोखा या खाखरा, ढोकला को अंग्रेजी में क्या कहेंगे? हिन्दी में ही ‘जयमाला’ या ‘वरमाला’ कहा जाता है, अंग्रेजी में क्यों नहीं? ऐसे तर्क-कुतर्क बहुत हैं। लिट्रेरी कार्निवाल का आगाज भले ही सिनेतारिका माधुरी दीक्षित से करा लें, लेकिन बिना अमृतलाल नागर, प्रेमचन्द के वहां क्या होगा? हिन्दी में बेहूदा विज्ञापनों को सास-बहू षड़यंत्रों के बीच लाख दिखा लीजिये। संसद में रोमन में लिखी हिंदी बोलिये, लेकिन भारत समेत दुनिया भर में फैले लगभग तीन करोड़ भारतीयों को हिंदी बोलनी ही पड़ेगी। आंकड़े भले ही कहते हैं कि हिंदी 41 फीसदी भारतीयों की मातृभाषा है या विदेशों में हिंदी बोलने में शर्म करते हैं भारतीय। अब तो भोजपुरी भाषा का खासा विस्तार हो रहा है। हिन्दी अखबारों की संख्या, प्रसार संख्या बढ़ रही है। रोजी-रोटी का माध्यम बन रही हिन्दी के साथ अंग्रेजी की ‘मैराथन’ बंद करानी होगी। इसके लिए बाकायदा समाज के जिम्मेदारों को आन्दोलन खड़ा करना होगा?
    यह सच है कि हिन्दी के देवताओं का कमाओ-खाओ कुनबा सरकारी दूध-मलाई पर मुटा, अघा रहा है। उन्हें भी अपने पूर्वजों से कोई लेना-देना नहीं। बस जो बिक सकता है वो उनका सगेवाला। लखनऊ मंे ही के.पी. सक्सेना को गुजरे अभी अधिक समय नहीं बीता उन्हें याद करने की फुर्सत किसे हैं? ‘हंस’ छप रहा है, किसने याद किया राजेन्द्र यादव को? फिर भला अमृतलाल नागर, यशपाल को कौन याद करे? भाषा को आमजन की दुलारी बनाना और उसे पढ़ने, बोलने, लिखने के लिए किसी पत्र-पत्रिका के जरिये मजबूत कर देने जैसा करिश्मा नवाबियत पर अंग्रेजी का मुलम्मा चढ़ने के दौरान पं0 दुलारेलाल भार्गव ने लखनवी भाषा को ईजाद करके किया था। यह नब्बे साल पहले की ‘माधुरी’, ‘सुधा’ और गंगा-पुस्तक माला के जरिये किया गया था। उसी दौरान साहित्य कुटीर, इंडियन बुक डिपो जैसे संस्थान भी आगे आये। मुंुशी नवल किशोर प्रेस तो पहले से ही था, जहां ‘मिश्रबंधु’, रूपनारायण पांडे, प्रेमचंद जैसे दिग्गज दुलारेलाल जी भार्गव और उनके चाचा विष्णु नारायण भार्गव के साथ थे। इसी परम्परा को आगे बढ़ाया नागर, भगवती, यशपाल त्रयी ने, तो उसे मिठास मिली गौरा पंत ‘शिवानी’ की कथा में, तो दैनिक अखबार ‘नवजीवन’ के योगदान को और ज्ञान चन्द जैन को भुलाया नहीं जा सकता।
    बातें, कहावतें और आक्रोश जल्दी खत्म नहीं होते लेकिन यदि भाषा, भूषा और भोजन उधार लेकर जियंेंगे तो, सूदखोर बाजार हमारा अस्तित्व ही मिटा देगा। इससे पहले कि देर हो जाये गली, गांव किनारे उग आये परचूनियों जैसे ‘माॅन्टेसरी’ या ‘एकेडमी’ को गुरूकुल में बदलने का परिश्रम करना होगा। मां के लिए आॅंसू बहाकर हमदर्दी बटोरने की जगह मां से सच मायनों में मां कहना सीखना होगा और नई मां को भी जिम्मेदार होना होगा, तभी आगे कुछ सीखा पायेंगे।

इठलाती दीवाली में आदमी

 दीपावली रोशनी का पर्व है। श्रीराम की अयोध्या वापसी का जश्न है। लक्ष्मी-गणेश यानी धन और गण को पूजने की परम्परा का पंचमहोत्सव है। आम आदमी से लेकर अमीर आदमी तक अपने बहीखातों के नये स्वरूप की पूजा करता है। पिछले सवा पांच सौ दिनों में आदमी, अमीर आदमी और आदमियों की सरकार के बहीखातों की पड़ताल करें तो उसमंे खुश होने जैसा कोई आंकड़ा दर्ज नहीं दिखाई देता। आदमी की रसोई, कारोबारी जगत व सरकार के लक्ष्य में सिर्फ और सिर्फ दुश्वारियां ही नजर आती हैं। रोटी, दाल, सब्जी जैसे खाद्य उत्पादों, बिजली, दवाई, सफाई, पानी, मकान, परिवहन-रेल, कपड़े से लेकर सभी जरूरी जरूरतों की कीमतों में लगातार बढ़ोत्तरी के कारण ‘महंगाई’ शब्द खासा महंगा हो गया है।
    आंकड़ों के खेल और थोथी बयानबाजी के सरकारी अश्वमेघ यज्ञ से निकले आश्वासन के घोड़े के सामने अड़कर खड़े हैं, महंगाई, खस्ताहाल अर्थव्यवस्था, कालाधन, झूठ और असुरक्षा। ऐसे में विश्वगुरू का हल्ला या स्वच्छता, शौचालय, बैटी बचाओ, मन की बात, किसान टीवी, योग, मेक इन इंडिया, निर्मल गंगा के क्या मायने? जनधन हो या जीवन-बीमा देनों ने जन की जेब ही काटी है। रसोई गैस, डीजल-पेट्रोल का सच दुनिया की मंदी से लेकर गली-कूचे तक जाहिर है। दाल, प्याज, टमाटर की बढ़ती कीमतों ने मनरेगा की कमाई तक हड़प ली! फिर भी दिवाली में कहां फूटेंगे पटाखे और कहां होगी धनवर्षा या पांच सौ पच्चीस दिनों की सरकार के इरादों की हकीकत क्या है?
ऽ    कालाधन के नाम पर विदेशों से फूटी कौड़ी नहीं आई, उल्टे 61 अरब करोड़ देश के बैंकों के जरिये हांगकांग भेज दिया गया। विदेश में जमा कालेधन के खिलाफ नए कानून के तहत 4147 करोड़ रूपयों का खुलासा हुआ है। 15 लाख हर आदमी के खाते में जमा करने के चुनावी वायदे के नाम पर एसआईटी बनाकर जांच जारी है। जिन नामों का खुलासा किया गया, वे पहले से ही जानकारी में है।
ऽ    अरहर की दाल की कीमतों में बढ़ोत्तरी की आशंका अप्रैल के महीने से ही थी। 80 रू0 किलो बिक रही दाल के लिए हल्ले के साथ सभी दालों के भाव बढ़ने लगे थे। यह कोई पहली बार नहीं था, पिछले 20 बरस के आंकड़े गवाह है। जब दाल 55 रू0 किलो थी तब ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी और स्मृति ईरानी समेत तमाम भाजपा नेताओं ने सड़क पर हल्ला-गुल्ला किया था।
ऽ    प्याज-आलू, टमाटर, मौसमी सब्जियां, आटा-चावल, दूध-घी और चाय सहित अन्य खाद्य वस्तुओं की कीमतें आसमान छूती गईं। खुदरा महंगाई दर लगातार आंकड़ों में घटती गई, जबकि बाजार में बढ़ती गई। विपक्ष ने विरोध के स्वर भी मुखर किये, लेकिन बिजली-पानी भी मंहगे होते गये।
ऽ    मौसम की मार के शोर के साथ सवां पांच सौ दिनों की सरकार ने बयान दिया देश में अनाज का पर्याप्त भंडार हैं उचित प्रबंधन के नारे लगते रहे, किसान बर्बाद होता रहा, खाद महंगी होती गई। उसकी अपनी बीमा राशि का भुगतान तक नहीं हो पाया, मुआवजे की हकीकत बयान करते दिख जाएंगे सैकड़ों बर्बाद किसान शहरों में मजदूरी करते।
ऽ    हर साल लाखों टन अनाज उचित रखरखाव के अभाव में बर्बाद हो जाता है। इस पर भाजपा ने यूपीए सरकार को उसे गरीबों में बांटने की सलाह दी थी। अब तक उसने खुद अमल नहीं किया?
ऽ    शेयर बाजार में निवेशकों के जब 7 लाख करोड़ डूब गये और शंघाई से मुंबई तक बाजारों में सन्नाटा छा गया, तब सरकार बोली, ‘घबराएं नहीं, अर्थ व्यवस्था मजबूत है,’ जबकि 26 मई 2014 को एक डाॅलर की कीमत 58.67 रूपये थी और 24 अगस्त 2015 को यह कीमत 66.65 रूपये हो गई और आज भी 64-65 रूपये के बीच है।
ऽ    कारोबारी भरोसा टूटा है, वल्र्ड बैंक की नजर में भारत कारोबार के लिए मुश्किल जगह है। विदेशों में ‘मेक इन इंडिया’ को कोई खास तवज्जों नहीं दी गई है। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मई, 15 में ही भारतीय शेयर और बांड बाजारों से करीब 2 अरब डाॅलर की निकासी की थी। देश 68 अरब डाॅलर के विदेशी कर्जें में डूबा है। यह हालात तब है, जब प्रधानमंत्री मोदी 27 देशों से अधिक में अपनी जोरदार मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं। हालांकि सरकारी आंकड़े बताते हैं कि भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के साथ एफडीआई में बढ़त हासिल कर रहा है?
ऽ    देश के बैंकों की उधारी का एक तिहाई हिस्सा 11 हजार कर्जदारों के पास है। एनपीए लगातार बढ़ रहा है, वसूली का संकट बरकरार है। फिर भी काॅरपारेट घरानों को 64 हजार करोड़ टैक्स छूट दे दी जाती है और 2 लाख करोड़ से अद्दिक का कर्ज एक अकेले घराने को दे दिया जाता है।
ऽ    सरकारी योजनाओ के प्रचार में हजारों करोड़ खर्च करके 8 हजार करोड़ जनद्दन योजना में जमा होने या 30 लाख लोगों द्वारा गैस सब्सिडी छोड़ दिये जाने पर ‘मन की बात’ से लेकर टीवी चैनल तक पर हल्ला है। और भी बहुत कुछ बाकी है गिनाने को, लिखने को अक्षर कम पड़ जायेंगे और दिवाली निकल जायेगी, तो कुछ रोचक बातें भी हो जायें।
ऽ    देश में धार्मिंक उन्माद के चलते दंगे-फसाद, हत्याएं, धर्म परिवर्तन और गिरफ्तारियों पर अमेरिकी विदेश विभाग की ‘अंतर्राष्ट्रीय धार्मिंक आजादी-2014’ की रिपोर्ट मंे चिंता व्यक्त की गई है।
ऽ    गंगा मां को साफ सुथरा रखने के लिए 2013 करोड़ रूपये पिछले बरस प्रस्तावित हुए और उसका जोर-शोर से प्रचार भी लेकिन काम कुछ भी नहीं हुआ। यही हाल रेल, बिजली, पानी में भी है। स्वर्ण बचत योजना जैसा ही हश्र सारी योजनाओं का है।
    इसके बावजूद दीपावली के चिराग रौशन होंगे और अरबों रूपयों का लेन-देन भी होगा। अकेला धनतेरस एक लाख करोड़ से अधिक का होगा। लखनऊ जैसा छोटा शहर 150 मर्सडीज, 15 करोड़की शराब सहित तीन अरब की खरीददारी को तैयार बैठा है। अभी गई अक्षय तृतीया जैसे छोटे से पर्व पर 50 करोड़ से अधिक सोने की खरीद हुई थी, बाकी हीरे-जवाहरात, शादी-व्यह (जो उस दिन हुए) व पूजा-पाठ में जो खर्च हुआ वह अलग है। इसी देश में राम जेठमलानी जैसे वकील भी रहते हैं, जो 25 लाख से अधिक फीस वसूलते हैं, तो मुकेश अंबानी भी हैं। इसी भारत भूमि में करोड़ों-करोड़ की जनसंख्या आधे पेट रहने को मजबूर हैं?

Saturday, September 19, 2015

कलम, कमल और कमला 

लखनऊ , पिछले दिनों लखनऊ में एक नाटक "कमला " का मंचन हुआ था , इसे अमरउजाला  अख़बार ने छापा भी था लेकिन सिगरेट के धुंवे में दिल जलाने , लूटने-लुटाने वालो ने बिकती औरत  की हकीकत को समझने ,जानने की कोशिश नहीं की और सरेआम बढ़ती  शोहदाई समाज  को इसी ओर  धकेल रही है.हालाँकि यह हिंदी पखवाड़े के नाम पर हुआ फिर भी अच्छा प्रयास था।  मज़े की बात है की" कमला " नाट्क में कमला का किरदार एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की पत्नी ने निभाया। यहां कमला के बारे में लिखने का मकसद केवल ये है , सरकार नहीं आपके हिलने की जरूरत है  . सरेआम गोश्त की दुकान देख कर मांसाहारी गोश्त खरीदेगा ही।  सारा शहर देक्ता है खुली आँखों से मगर बोलता कोई नहीं।  पिछलेदिनो एक लरका एक किशोरी से हुसैनगंज चौराहे पर मारपीट कर रहा था , यह तमाशा लोग घंटा भर देखते रहे लेकिन कोई बोला नहीं क्योकि इन हिजड़ों के घरों में कोई लरकी नहीं होगी शायद और पुलिस हमेशा की तरह मासूम कुछ नहीं जानती। शहर के सबसे बड़े अख़बार "दैनिक जागरण " ने खबर छापी , फेसबुक पर लिखा , यहां तक मोटरबाइक का नंबर दिया गया मगर सब गणपति बप्पा मोरया के नाम पर मस्त।  आप कुछ कर सकते है।  बाइक का नंबर है उ.p. ३२ सीएल ८७८९ , पुलिस कंट्रोल कंप्लेंट नंबर पी १६ -०९ -२०१५ / १०८२४ समय ६. पीएम।  है कोई मई का लाल जो खुलासा करे ? गोया क़लम ,कमल , कमला यूँ ही बिकती ,पिटती रहेंगी ?         

Friday, September 11, 2015

राजनीति के मुहल्ले में 2017 का पंचाग

तो इस गरमी में पीने का पानी भरपूर मिलेगा और बिजली चैबीस घंटे। शहर-गांव गुलजार होंगे, रातों की नींद हराम नहीें होगी। ऐसा ऐलान किया है बिजली वाले बड़े साहब ने, जो विद्युतशास्त्र के आर्थिकज्ञान वाले घपले-घोटालों के मोटे-मोटे बहीखाते अपनी ठंडी वाली कार में रखे अशोक मार्ग से कालीदास मार्ग के लगातार, बार-बार चक्कर लगाने में मसरूफ़ हैं। इधर भूकंप और बारिश के भय से उबरे तो सूर्यदेव की भृकुटी दो दिन क्या तनी... राजधानी में त्राहिमाम.. दसियों लाख की आबादी पीने के पानी के लिए हलकान। गलियों से लेकर बहुखण्डी भवनों तक में अंधेरा पसर कर फैल गया। रक्तचाप, मधुमेह के मरीजों से लेकर स्वस्थ्य व नब्बे किलो वजन वाले भी गरमी, मच्छरों के हमलों से बेचैन। बाकी सूबे की आबादी हर साल की तरह इस साल भी भगवान भरोसे है।
नगर विकास महकमा अपने जिम्मे के काम सफाई, अतिक्रमण और विकास में पूरी मुस्तैदी से रामपुर, इटावा, आजमगढ़, मैनपुरी, कन्नौज में जुटा है। बचे हुए समय में अपने मंत्री के तोहफे वापस लाने, उनके बयान लिखने और अखबार के दफ्तरों में पहुंचाने में ब्यस्त है। और मौसम है कि पूरी तरह से बेइमानी पर अमादा। हर चैथे दिन बादल-बरखा-तूफान का तांडव। शहरों में जलभराव से लेकर मच्छरों की जनसंख्या विस्फोट के साथ संक्रामक रोगों की आमद का खतरा। गांवों में खेत-खलिहान बर्बाद, किसान मरने को मजबूर। सरकार आइजीपीएल और फैशन शो में मस्त। किसानों को मुआवजे के नाम पर इंचीटेप से नापी गई जमीन के हिसाब से हजार-पांच सौ के चेक थमाएं जा रहे हैं, वो भी बैंक से बैरंग लौट रहे हैं। अब उनकी जांच होगी। ऐसे में बर्बाद भूखा किसान फांसी के फंदे पर नहीं झूलेगा? मजा तो इस बात का है कि किसानों की तकलीफें सुनने की जगह उन्हें लाठियों से पीटा तक जा रहा है। नब्बे फीसदी किसान कर्जदार है, सिर्फ अखबारी बयानों के जरिए लगान, बिजली-पानी शुल्क ऋण माफी की बातें की जा रही है।
अस्पतालों में डाक्टर से लेकर आया, चैकीदार तक मरीजों और उनके तीमारदारों से आये दिन मारपीट कर रहे हैं। बीमारों को लूटने-ठगने के अलावा बाकायदा दवाओं, लहू और लाश के कारोबार में लगे डाॅक्टर्स सड़कों पर इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाकर सरकार को ब्लैकमेल करने के साथ अपने को वोटबैंक साबित करने की जिद ठाने है। यही जिद सूबे के वकील साहबान, निजी स्कूलों के संचालक व सरकारी स्कूलों के मास्टर साहब भी ठाने हैं। अकेले
राजधानी लखनऊ में आये दिन वकीलों के झगड़े, मारपीट की वारदातें इतने अधिक बढ़ गये हैं कि लखनऊ को दुनिया के मानचित्र पर बार-बार शर्मसार होना पड़ता है। व्यापारी नेता बनवारीलाल कंछल से कचहरी परिसर में की गई मारपीट को लखनऊ की किस रवायत या किस तहजीब से परखा जायेगा? आये दिन होने वाली वकीलों की हड़तालें और उस दौरान कानून के विद्वानों द्वारा कानून का मखौल उड़ाने के साथ हिंसक आचरण करना, कानून की किस किताब के किस पन्ने पर दर्ज है?
गरीब बच्चों के निजी स्कूलों में पढ़ने का हक नहीं है? क्या महज इसलिए कि उनकी गरीबी से अमीर बाप के बेटों को समय से पहले गरीबी से पहचान हो जाएगी या गरीब के बेटे भी अमीरों की औलादों के बराबर हो जाएंगे? इसी आशंका से ग्रस्त निजी स्कूलों के संचालक अदालत में इंसाफ की गुहार लगाने जा रहे हंै? मोटी-मोटी तनख्वाह उठाने वाले मास्टर साहबान बच्चों के पढ़ाने से अधिक राजनीति में, कोचिंग क्लास चलाने में या नकल कारोबार में साझीदारी करने में अधिक दिलचस्पी रखते हैं? यह महज आरोप नहीं है वरन् सरकारी स्कूलों के हालात इसके सच्चे गवाह हैं। एक बात और जो इससे भी अधिक कड़वी है, मेरे मित्र व उप्र सरकार के पूर्व मंत्री डाॅ0 सरजीत सिंह डंग ने ‘अखबार मेले‘ में दिये गये अपने भाषण में कही थी, ‘जो स्वंय नकल करके पास होकर जोड़-तोड़ लगाकर शिक्षक की नौकरी पा गया भला व बच्चों को क्या पढ़ाएगा और कैसी नई पीढ़ी तैयार करेगा‘।
बहरहाल, राजनीति के ‘स्लम एरिया‘ में अपने-अपने छप्परों के नीचे लिखा-पढ़ी करके या यूं कहें कि वोटरों की रजिस्ट्री अपने नाम दर्ज कराके जश्न मनाने के दौर दौरे में 2017 में होने वाले चुनावों का पंचांग और सूबे में आने वाली नई सरकार के वास्तुशास्त्र का अध्ययन जारी है। ऐसे में जो चुप रहेगा वो भीष्म पितामह की संज्ञा से निंदनीय होगा, इसलिए आदमी को और उसके नातेदारों को खबरदार करते रहना राष्ट्रधर्म होगा।

यह दौर शोशा (सोशल) इंडिया का है: पं0 हरि शंकर तिवारी

पं0 हरिशंकर तिवारी के जाननेवालों को उनका जन्मदिन याद रखने में कोई कठिनाई होनी नहीं चाहिए, क्योंकि वे सावन में पैदा हुए थे। सावन में शिव, बरखा और बाढ़ की धूम रहती है। और पूर्वांचल इन तीनों से ही निहाल रहता है। इसकी धार्मिक राजधानी काशी (बनारस) जहां शिव स्वयं रहते हैं। राजनैतिक राजधानी गोरखपुर जहां बरखा और बाढ़ के साथ इस शहर के भूगोल में खासा बदलाव आया है। नई काॅलोनियों व बहुमंजिली इमारतों के जंगल उग आये हैं। तरक्की के नाम पर अजगर की तरह पसरे ओवरब्रिज के पेट में आपाधापी मचाती नई आबादी की अराजक भीड़ की एक दूसरे से आगे निकलने की बेसब्र होड़ दिखती है और इस सब के बीच जस का तस दिखता है, गोरखनाथ मंदिर, गीता प्रेस व धर्मशाला बाजार में तिवारी जी का हाता। तीस बरस पहले भी उनसे अखबार के लिए साक्षात्कार लेने आया था और आज भी उनकी उम्र के 75 बरस पूरे होने पर बातचीत के लिए पहुंचा। वहीं बड़ा सा फाटक, बड़ा सा मैदान, सामने की ओर वही झोपड़ी, बगल में हैंडपम्प, दाहिनी ओर आवासीय परिसर के कमरों के सबसे कोने में ड्राइंगरूम कहा जाने वाला बड़ा सा कमरा। यहीं मुलाकात होती है पूर्वांचल की राजनीति के सशक्त स्तम्भ और लोकप्रिय बाबा हरिशंकर तिवारी से, और उनसे जो बातें हुईं वे आपके लिए हाजिर हैं:-
सवाल: अगले महीने आप 75 साल के हो

जाएंगे उम्र के इस पड़ाव पर कुछ खास सोंच रखते हैं या कोई विशेष कार्य करने की इच्छा रखते हैं।
जवाब: उम्र तो होती ही है बढ़ने के लिए और बढ़ती उम्र के साथ सोंच परिपक्व होती है। मैं तो आदमी के दुख-दर्द में हमेशा खड़ा रहा। पीडि़त की सेवा ही लक्ष्य था और है।
सवाल: आप काफी समय उप्र सरकार के मंत्री रहे हैं, मुलायम सिंह यादव के साथ भी उनके मंत्रीमण्डल में रहेे हैं। उस दौरान आपने गोरखपुर के विकास के लिए कुछ विशेष किया।
जवाब: सारा जिला जानता है जितना काम मैंने किया उतना शायद ही किसी ने किया। पुल, पुलिया, सड़क तो सभी बनाते हैं, मैंने भी बनवाये। एक जिले से दूसरे जिले को जोड़ने की दूरी को कम करने के साथ उन गांवों को सड़क से जोड़ने का काम किया जहां साइकिल से भी लोग नहीं जा पाते थे। जो मेरी क्षमता में था किया, बाकी जनता सब जानती है।
सवाल: आज गोरखपुर के विकास के लिए कोई विशेष सोंच या हसरत है?
जवाब: हाँ, यहां के नौजवानों को रोजगार यहीं दिलाने के लिए कागज, खाद के कारखाने लगवाने की इच्छा हमेशा रही। प्रयास मैंने किये और आज भी प्रयासरत हूँ, देखिये कब सफलता मिलती है।
सवाल: राजनीति में आने के पीछे क्या सोंच थी? घरवालों ने एतराज नहीं किया?या कोई प्रेरणास्त्रोत रहा?
जवाब: छात्र जीवन से ही राजनीति से जुड़ गया था। घर-परिवार और प्रेरणास्रोत सभी कुछ जनता है, फिर एतराज कैसा, बाकी जो परेशानियां आई उन्हें भी जनता के सहयोग से दूर किया।
सवाल: आपकी शिक्षा कहां से हुई? आज आप शिक्षा के प्रति कितने सजग हैं? आपने शिक्षा के क्षेत्र में कोई विशेष कार्य किया है?
जवाब: यहीं गोरखपुर में पढ़ा और अपने क्षेत्र के नेशनल पोस्ट ग्रेजुएट काॅलेज बड़हलगंज से लेकर यहां तुलसीदास माध्यमिक विद्यालय तक कई विद्यालयों में जो बदलाव हुए हैं और उनका स्तर कितना अच्छा हुआ है, यह सर्वविदित है। लड़कियों के स्कूल के अलावा नर्सिंग शिक्षा के लिए भी प्रशिक्षण संस्था खड़ी की और आज भी इन शिक्षा के मंदिरों को उच्चस्तरीय बनाने में प्रयासरत हूँ। मैं गोरखपुर विश्वविद्यालय कार्यकारिणी से काफी लम्बे समय से जुड़ा रहा।
सवाल: आप स्वाभाव से धार्मिक हैं या यथार्थवादी? कभी मंदिर जाते हैं?
जवाब: स्वभावतः धार्मिक हूँ, मंदिर भी जाता हूँ, लेकिन कर्म की धरती पर यथार्थवादी हूँ।
सवाल: आपके जीवन में कोई भाग्यवान (लकी) रहा है?
जवाब: कभी इस बारे में सोंचा नहीं।
सवाल: आप अपने गुस्से को कैसे शान्त करते हैं?
जवाब: ऐसा अवसर आता ही नहीं फिर मैं भी आदमी हूँ।
सवाल: नितांत व्यक्तिगत सवाल है, क्या आपने कभी खाना या चाय आपने हाथ से बनाया है?
जवाब: हाँ भाई, जब मैं पढ़ता था तो यहीं अलीनगर में अपने छोटे भाई के साथ रहता था, तब ऐसे अवसर आये थे।
सवाल: आप धर्मग्रन्थ या साहित्य में क्या विशेष रूप से पढ़ना पसन्द करते हैं?
जवाब: दोनों, मैंने गीता भी पढ़ी, रामायण भी पढ़ी और उनसे प्रेरणां भी ली। उपन्यास भी पढ़े, इतिहास भी पढ़ा। समाचार-पत्र नियमित पढ़ता हूँ।
सवाल: टी.वी. देखते हैं? कुछ खास देखते हैं?
जवाब: सिर्फ समाचार।
सवाल: कभी सिनेमा हाल जाकर सिनेमा देखा?
जवाब: याद नहीं पड़ता।
सवाल: प्रदेश में बिजली-पानी पर त्राहिमाम है, जनता पर दरों में वृद्धि और पुलिसिया डंडों की दोहरी मार पड़ रही है, इस पर कोई सुझाव?
जवाब: देखिए, हर सरकार अपनी ओर से जनता को बिजली-पानी ही नहीं सभी मूलभूत सुविधाएं देना-दिलाना चाहती है, लेकिन उसके सामने तमाम समस्याएं होती हैं। बिजली पानी  की सरेआम चोरी होती है, इसको रोकने के जब-जब कदम उठाये जाते हैं, जनता सड़क पर उतर आती है। यह सच है भेदभाव होते हैं, अफसरान लापरवाही, मनमानी करते हैं या क्षेत्र विशेष को लाभ दिया जाता है, लेकिन इस समस्या के समाधान के लिए जन सहयोग भी आवश्यक है। अब वैकल्पिक ऊर्जा की ओर सरकार की सोंच बढ़ी है, प्रयास करने होंगे। बावजूद इसके उत्पादन बढ़ाकर, चोरी रोककर, क्षेत्रीय पक्षपात रोककर इस ओर अच्छे कदम उठाये जा सकते हैं। एक ही अफसर को बिजली की सारी जिम्मेदारी सौंपकर निश्चिंत हो जाना ठीक नहीं है। बिजली-पानी पर गंभीरता से प्रदेश सरकार को सांेचना चाहिए।
सवाल: क्या अलग पूर्वांचल राज्य से विकास की गति को बढ़ावा मिलेगा?
जवाब: यदि ऐसा होता तो उत्तरांचल, झारखण्ड, छत्तीसगढ़ राज्य देश के मानचित्र पर सबसे अलग दिखते दुर्भाग्य से इन राज्यों में सिर्फ लूट का विकास हुआ है।
सवाल: राजनीति बहुत घटिया क्षेत्र है, ऐसा बहुतों की घारणां हैं, आप क्या कहेंगे?
जवाब: ऐसा नहीं है। यदि ऐसा होता तो चाणक्य, गांधी और नेहरू का नाम शायद कोई नहीं जानता।
सवाल: भारत में सामंतवादी लोकतंत्र है, आप इससे सहमत हंै? इसके मुखालिफ मुहिम चलाई जानी चाहिए?
जवाब: सामंतवादी लोकतंत्र तो हमारे समाज में लाखों बरस से है। जिस राम राज्य की दुहाई दी जाती है वहां भी यही व्यवस्था रही है। फिर जो जनता की कसौटी पर खरा नहीं उतरता उसे जनता नकार देती है। इतिहास भरा पड़ा है उदाहरणों से, वर्तमान आपके सामने है।
सवाल: 2017 के विधान सभा चुनाव में चिल्लूपार से चुनाव लड़ने की तैयारी चल रही है? कोई विशेष अभियान, गठबंधन या दल में प्रवेश की मंशा?
जवाब: अभी बहुत समय है, समय आने दीजिये।
सवाल: इतनी व्यस्तताओं के बीच अपने परिवार के लिए समय निकाल पाते हैं? कोई नाराजगी या स्नेहिल क्षणों का विशेष किस्सा बताएंगे?
जवाब: समग्र जनता मेरा परिवार है, उनके बीच हर पल रहता हूँ। वे लोग नाराज हैं या खुश, यह अगर वोटों की गिनती तय करती है तो मैं कहुंगा शायद कुछ लोग नाराज हैं। मेरा प्रयास है वे भी मुझे समझें और अपनी नाराजगी बताएं मुझसे जो बन पड़ेगा जरूर करूंगा। आपने तो खुद देखा है मैं क्षेत्रवासियों के बीच कितना और कैसे समय बिताता हूँ। मैं तो अपने जानवरों के साथ, खेतों में मजदूरों के साथ भी काफी समय बिताता हूँ। अपने कुनबे के सदस्यों के साथ भी सामान्य आदमी की तरह मौका मिलते ही समय बिताता हूँ।
सवाल: आप 23 साल लगातार विधान सभा सदस्य (मंत्री भी) रहे हैं, विधान मण्डल का कोई यादगार वाकया या पल जो जनसाझा करना चाहेंगे?
जवाब: कुछ खास नहीं। जो जिम्मेदारी मिली निभाई। जो काम मिला पूरे मन से किया।
सवाल: आपको अपने जीवन में सर्वाधिक किस राजनेता ने प्रभावित किया?
जवाब: इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, पं0 कमलापति त्रिपाठी, पं0 नारायण दत्त तिवारी का स्नेह रहा।
सवाल: उप्र सरकार कामकाज को लेकर कई तरह के आरोप लग रहे हैं। पत्रकार मारे जा रहे हैं, जाति विशेष के लोग न्यायालय की अवमामना तक कर रहे हैं। अपराधों की बाढ़ सी आ गई है, पुलिस सत्तादल के कार्यकर्ता जैसा आचरण कर रही है, फिर भी सरकार के मुखिया अपनी पीठ ठोंक रहे हैं, क्या इसके मुखालिफ ‘हल्ला बोल‘ आवाज देने की आवश्यकता नहीं है?
जवाब: देखिए कानून-व्यवस्था ध्वस्त होने के पीछे अकेले सरकार को दोष देने से इसमें सुधार नहीं होगा। जनता को भी अपनी सोंच बदलनी होगी। बढ़ती हुईं आबादी के साथ सामाजिक बदलावों और बाजार के आकर्षण अपराध के जन्मदाता होते हैं। अब डाकुओं का चम्बल नहीं रहा, हर गली का अपना चम्बल है। इसमें सरकारी अमला भी शामिल है। रही पत्रकारों के उत्पीड़न या किसी को भी जलाने के प्रकरण तो यह निंदनीय है। पुलिस का इकबाल उसके सियासी इस्तेमाल से कम हो रहा है। इसमें सुधार की आवश्यकता है। रही सरकार के मुखालिफ आवाज उठाने की या हल्ला बोलने की तो विपक्ष सजग है। कुछ अपवाद हमेशा होते हैं उन पर जाँच होती है, हो रही है। अपराधियों को सजा अवश्य मिलनी चाहिए। कोसने से नहीं, करने से समाधान होगा। हर पीडि़त को इंसाफ दिलाने के लिए आवाज उठनी चाहिए, उठानी चाहिए।
सवाल: महंगाई लगातार बढ़ रही है, केन्द्र सरकार गरीबों की जेब से लगातार पैसे निकालने वाली योजनाओं को लागू कर रही है। पूंजी निवेश के नाम पर देशी/विदेशी अमीरों को सस् माथे पर बैठाकर ‘मेक इन इण्डिया‘ ‘डिजिटल इण्डिया‘ का नारा दिया जा रहा है। क्या इससे सवा सौ करोड़ लोगों का भला होगा, आप क्या सोंचते है?
जवाब: आपकी बात सही है। अब देखिए जिस चीन के गुणगान हो रहे थे, उसकी भी असलियत सामने आ गई। झूठ के पांव बेशक लम्बे होते हैं और चाल तेज लेकिन वे थक भी जल्दी जाते हैं। देश ने ‘इंदिरा इज इंडिया’, ‘शाइनिंग इंडिया’ के दौर देखे हैं और अब ‘शोशा (सोशल) इंडिया’ भी देख लेगी।
सवाल: मन की बात, योग, स्वच्छ भारत, निर्मल गंगा, बेटी बचाओ के साथ विदेशी संबंधों के प्रचार से किसी लाभ की संभावना दिखती है आपको या यह संघ/भाजपा की मानसिकता का आचरण कहा जाएगा?
जवाब: संघ तो अध्यापक की भूमिका में सदैव रहा है और उसके प्रचारक बातें अच्छी करते हैं लेकिन काम कितना अच्छा करेंगे उसके लिए देश की जनता ने उन्हें दूसरा अवसर दिया है। इंतजार कीजिए।