Tuesday, December 2, 2014

गांधी, गणेश और गंगाधर की विरासत हैं छोटे अखबार

ईश्वर से या चैरासी करोड़ देवी-देवताओं से मेरी मुलाकात कभी नहीं हुई। मिले तो हमेशा आप लोग। आप ही सहोदर हो, देव हो और बिरादर भी। सुख में, दुख में और अक्षरों के गांव-गलियारे में आपने ही हाथ थामा। आज ‘अखबार मेला’ के मण्डप में आप सभी के चरण पखारते हुए धन्य हुआ। आप सभी का स्वागत करते हुए मैं राम प्रकाश वरमा अपने सहयोगियों सहित प्रणाम करता हूँ। आपका आशीर्वाद पाने के बाद यहां पर बैठे हुए माननीय अग्रज का इस्तकबाल आप सबकी ओर से करता हूँ और चाहुँगा कि इन राजर्षियों, ऋषियों के सम्मान में, खैरमकदम में आप सब इतनी जोरदार तालियां बजायें कि मेला मण्डप और उसके ऊपर का आसमान भी खिलखिला कर हंसते हुए अदब से आदाब करें।..... लखनऊ की तबियत और तरबियत बिलाशक नवाबी है, सो रूआब, शवाब और कबाब को सुर्खियां हासिल हैं, मगर मेले-ठेलों के शायराना ठहाके मजाज की ‘आवारा’ यादें ताजा करते हैं, तो नागर जी की ‘कोठे वालियों’ से भी आपकी मुलाकात कराते हैं। ‘अखबार मेला’ लखनऊ की सरजमीं पर लगाने का हौसला ओर प्रेरणां अपने गुरूवर आचार्य दुलारे लाल भार्गव के ‘कवि-कोविद-क्लब’ की पावन स्मृतियों से मिला। खासकर छोटे और मंझोले अखबारों/पत्रिकओं के प्रति आम सोंच से अलग उनकी असलियत से आमना-सामना कराने के लिए यह मेला आयोजित किया गया है। इसलिए भी कि गांधी, गणेश (शंकर विद्यार्थी) और गंगाधर की विरासत अभी चुकी नहीं है। दो-चार पन्नों के अखबार गली-मुहल्लों की खबरों के अलावा सचबयानी का हलफनामा होते हैं। पत्रिकाएं प्रेमचन्द की ‘ईदगाह’ से लेकर के.पी. सक्ेसना के लखनउवा आंगन तक की हकीकत बयां करती हैं। और भी बेलाग कहूं तो दो पन्नों में लोकतंत्र के झूठे दर्प का रोजनामचा छपा होता है। दरोगा से लेकर दागदारों की हकीकत से जलते हुए अक्षर इंसाफ के जयकारे लगाते हुए खबर की शक्ल में पढ़ने को मिलते हैं। कटरों-कस्बों की गंधाती जिंदगी और उनसे पैदा होने वाले कीमती कचरे का नरक से सामना करातीं खबरों की पूरी जमात का दर्द पढ़ा जा सकता है।
गो कि इन अखबारों/पत्रिकाओं में पसीना बेचकर अक्षरों को आलू, नमक और आटे की मंडी के ताजा भाव में बदलने के करतब करने पड़ते हैं। चुनाचे छोटे-मंझोले अखबारों/पत्रिकाओं के बेरंग या बेनूर होेने से उसकी गरिमा या पठनीयता कम नहीं होती। और आम पढ़े-लिखे अभिजातों के दिलो-दिमाग में बैठा यह भरम कि छोटे अखबार सरकारी विज्ञापन पाने की गरज से सौ-पचास (फाइल काॅपी) की संख्या में छापे जाते हैं, यह कोरी कल्पना है। सरकारें (केन्द्र/प्रदेश) छोटे पत्र/पत्रिकाओं को विज्ञापन देने के नाम पर तमाम ऐसे नियमों को लादे है जिसे पूरा करने में छोट प्रकाशक/संपादक हलकान रहते हैं। सूचीबद्धता के नाम पर भ्रष्टाचार का, शोषण का पूरा कुनबा जनसम्पर्क विभाग में खा पीकर अघा रहा है। सूचीबद्ध छोटे अखबारों (साप्ताहिक/पाक्षिक मासिक) को भी साल भर में महज तीन विज्ञापन जारी किये जाते हैं, जिनकी अधिकतम दर 6 हजार है। डीएवीपी की दरों पर जारी किए जाने वाले विज्ञापनों की अपनी अलग दास्तां है। ऐसे हालातों में अभावों से प्रतिस्पर्धा करनेवाले भला पीडि़त और शोषितों की आवाज कैसे बनेंगे?
इससे भी खतरनाक हालात पत्रकार मान्यता के हैं। जहां मान्यता समिति का बरसों से कोई अता-पता नहीं, वहीं (लघु-मध्यम पत्रों के) सम्पादकों को पहचान-पत्र तक नहीं जारी किये जाते। मान्यता प्राप्त धमाकाधुनी पत्रकारों की एक लम्बी जमात (अखबारों/इं.चैनलों में छोड़कर) बरसों से स्वतंत्र पत्रकार के रूप में सरकारी सुविधाओं के साथ अर्थ हिंसा के धंधे में अपना ठीहा जमाए है? प्रेस क्लब और दो जंग खाएं 19वीं शताब्दी के संगठन और उनके सरगना इसकी गवाही हैं। वहीं छोटे अखबार वालों को खबरें इकट्ठी करने तक के हक नहीं दिये जाते? यहां एक बात प्रदेश की समाजवादी सरकार, उसके मुखिया और तमाम जनप्रतिनिधियों से कहनी तर्कसंगत होगी कि आये दिन बड़े अखबारों के झूठे और अनर्गल प्रचार से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है, तो क्यों नहीं छोटे-मंझोले अखबारों को बढ़ावा देने की पहल की जाती? यदि ऐसा किया जाये तो सरकारी विकास का सच झोपडि़यों से जंगल तक अपनी पहुंच बना सकेगा। और अन्त में बेटियों की बात, जो कल की मां हैं। नई पीढ़ी का भविष्य हैं। उनकी सुरक्षा के साथ सम्मान और शिक्षा पर बाकायदा जन जागरण अभियान चलाना होगा। दरअसल मानवीय संवेदना की सरस्वती लुप्त हो गई है, उसे तलाशना होगा और उसे पूर्वजों की गंगा, परम्पराओं की यमुना से मिलाना होगा। उस पर सामुहिक सरोकारों के सेतु का निर्माण करना होगा।
इन्हीं संकल्पों के साथ आभार। प्रणाम।

जगर-मगर मीडिया के बीच लगा अखबार मेला

रविवार का दिन। राजधानी लखनऊ के राजपथ पर लगा ‘अखबार मेला’ का काफी बड़ा विज्ञापन पर्दा (बैनर) हर आने-जाने वाले को रोक रहा था। हर कोई जानना चाह रहा था, ‘यह कैसा मेला है?’ यहां अखबार बेचे जायेंगे?लखनऊ से छपने वाले सारे अखबार यहां मिलेंगे?क्या कोई राजनेता आ रहा है?कोई मनोरंजन का कार्यक्रम हैं?जितने लोग उतनी बातें। भीड़ बढ़ती जा रही थी। ‘अखबार मेला’ बैनर के पीछे लगे शामियाने के नीचे कई मेजों पर तमाम बहुरंगी अखबार/पत्रिकाएं करीने से सजे थे। उत्सुक भीड़ खासी थी। दरअसल तमाम छोटे-मंझोले, नये-पुराने अखबारों/पत्रिकाओं की प्रदर्शनी/मेला का पहला आयोजन राजधानी लखनऊ से छपनेवाली ‘प्रियंका’ हिन्दी पाक्षिक पत्र ने अपने कार्यालय ‘दिलकुशा प्लाजा’ के बाहर, विधानसभा मार्ग, हुसैंनगंज चैराहे पर अपने दो मित्र प्रकाशनों रेड फाईल’ हिन्दी पाक्षिक व ‘दिव्यता’ हिन्दी मासिक/साप्ताहिक के साथ किया था।
‘अखबार मेला’ की मुख्य अतिथि तेरह साल की कक्षा आठ में पढ़नेवाली नवयुग रेडियन्स स्कूल लखनऊ की छात्रा प्रतिष्ठा थी। यह विशेषता ‘बेटी कल की मां है-बेटी बचाओ’ सोंच पर आधारित थी। मेले में कोई मंच या मनोरंजक कार्यक्रम नहीं थे। साधारण से पंडाल के पीछे, ‘प्रियंका’ कार्यालय के बेसमेन्ट में ‘माता सरस्वती’ के चित्र को माल्यापर्ण कर प्रतिष्ठा ने मेले का शुभारम्भ किया। मेले का उद्घाटन दीप जलाकर पूर्वांचल के लोकप्रिय नेता, 25 करोड़ से अधिक भोजपुरी भाषियों के दुलारे ‘‘बाबा’ उप्र के पूर्वमंत्री व ‘प्रियंका’ हिन्दी पाक्षिक के संरक्षक पं0 हरिशंकर तिवारी ने किया। दीप जलाने में साथ रहे सरोजनीनगर लखनऊ के सपा विधायक पं0 शारदा प्रताप शुक्ला, पूर्वमंत्री उप्र डाॅ0 सुरजीत सिंह डंग व सामाजिक कार्यकर्ता, लेखक पद्यनाभ त्रिपाठी।
‘अखबार मेला’ में आये अतिथियों का स्वागत करते हुए मेला आयोजक राम प्रकाश वरमा बोले,
‘बचपन में सिखाते यही धाम सत्य है
यौवन में लगे अर्थ काम सत्य है
जब राम चले जाते तन की अयोध्या से
तब लोग बताते राम नाम सत्य है
इसी सत्य से मेरा सामाना रोज होता है। राम से मेरी मुलाकात हर कदम पर, हर प्रयास पर और मेरी कलम से लिखे गये हर अक्षर में होती है। सुख में, दुख में मेरे साथ राम ही होते हैं। मेरे राम आप हो। आप ही मेरे प्रेरक हो, पालक हो और पथ प्रदर्शक हो। सखा हो, सगे भाई हो। मैं नहीं जानता ईश्वर को और जानना भी नहीं चाहता। मेरे लिए आदमी यानी आप ही ईश्वर हो। आपको प्रणाम। आपकी प्रेरणा से ही ‘अखबार मेला’ का ख्याल जब मेरे मन में जन्मा तो मैंने आपसे ही इसकी चर्चा की, आपसे इसके आयोजन की सलाह ली और आशीर्वाद की अभिलाषा भी। मेरे साथ मेरे साथी श्री रिजवान चंचल जी, श्री प्रदीप श्रीवास्तव जी और आप सब ‘अखबार मेला’ में मौजूद हैं। खासकर पूर्वांचल की धरती से आये पत्रकारों की मौजूदगी ने मुझे बेहद हौसलामन्द किया है। दरअसल ‘अखबार मेला’ अपने लिए अपनों से संघर्ष है। अपनी पहचान के लिए अपनों के बीच पर्व है। यह ताली बजाऊ या हल्ला-गुल्ला मचाने वाला कार्यक्रम नहीं है बल्कि जगर-मगर करते मीडिया के बीच छोटे-मंझोले अखबारों/पत्रिकाओं और आदमी के बीच संवाद कायम करने की पहल है। इसके अलावा देश की आधी आबादी जो बदलाव का परचम थामे बाजार की साजिशों का शिकार हो रही है के लिए आवाज बनने की कोशिश है। सो ‘बेटी कल की मां’ है के सच को अक्षरों का आन्दोलन बनाने का प्रयास है। बिलाशक यह रास्ता पथरीला है। इसी रास्ते पर गांधी, गणेश शंकर विद्यार्थी और बाल गंगाधार तिलक चले थे। यही रास्ता सरस्वती पुत्र प्रेमचन्द्र ने ‘ईदगाह’ जाने के लिए चुना था। नाम तो बहुत हैं हमारे पुरखों के मगर उनकी विरासत को चार कदम आपके साथ चलकर संजोये रखने की एक छोटी सी कोशिश भर है ‘अखबार मेला’।समय और सम्माननीयों का अदब करते हुए इतना ही कहूंगा-
बैठ जाता हूँ खाक पर अक्सर,
अपनी औकात अच्छी लगती है।’
मुख्य अतिथि प्रतिष्ठा ने बेटी बचाओं पर गंभीर चिंता व्यक्ति की, ‘बेटियों को दान करके अपना परलोक सुधारने के सनातन चलन ने आज बेटियों को महज असुरक्षा के वातावरण में जीने को ही नहीं मजबूर किया है, वरन् माता-पिता के वंश से भी निकाल फेंका है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी बेटी के पिता भले ही नहीं थे लेकिन उन्होंने स्वर्गीय इंदिरा गांधी को अपनी दत्तकपुत्री मानकर अपना ‘गांधी’ नाम उन्हें दिया था। आज भी
गांधी वंश का नाम बड़े अदब से भारत में ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में लिया जाता है। बेटियों को दुलाराएंगे तो देश को बा... मदर टेरेसा और इंदिरा गांधी के सैकड़ों अवतार मिलेंगे।’
‘प्रियंका’ परिवार के संरक्षक पं0 हरिशंकर तिवारी पूर्व मंत्री ने अखबार के सम्पादक के पिछले तीस वर्षाें के संघर्षाें की चर्चा के साथ अखबार और उसके सम्पादक राम प्रकाश वरमा को ‘अखबार मेला’ आयोजन पर बधाई देते हुए कहा, ‘ऐसे अद्भुद आयोजन तो बड़े अखबार के लोग भी नहीं सोंच सके। ‘प्रियंका’ के ‘अखबार मेला’ अंक का लोकार्पण करते हुए श्री तिवारी जी बोले, ‘इसी तरह इनके अखबार ‘प्रियंका’ में भी एकदम अलग खबरें पढ़ने को मिलती हैं, जो इन्हें व इनके अखबार को तमाम बड़े-छोटे-मंझोले अखबारों से अलग खड़ा करता हैं। आप इसी अखबार में पढ़ेंगे तो कई खबरें ऐसी होंगी जो पिछले पन्द्रह दिनों में आपने कहीं नहीं पढ़ी होंगी’ ‘अखबार मेला’ में लगी तमाम अखबारों की प्रदर्शनी देखकर पंडित जी बेहद आचर्य चकित हुए। मेले में मौजूद सरोजनी नगर, लखनऊ के सपा विधायक पं0 शारदा प्रताप शुक्ला ने ‘अख़बार मेला’ के आयोजन को सराहते हुए कहा, ‘पुस्तक मेला सुनाा था, साहित्य मेला सुना था, लिट्रेरी कार्निवाल सुना था, लेकिन ‘अख़बार मेला’ पहली बार सुना, देखा और गुना। गुना यों कि इसके आयोजक मेरे मित्र ही नहीं हैं वरन ‘प्रियंका’ समाचार पत्र को निकालने के लिए नये-नये प्रयोग करते रहे, लड़ाइयाँ लड़ते रहे। आज भी मेला की मुख्य अतिथि बेटी है। इसके अलावा आयोजन का निमंत्रण भी अखबार के पन्नों पर ही छपा हैं एक-दो पन्नों में नहीं साढ़े चार पन्नों में, मैंने आज तक ऐसा कभी नहीं देखा, पढ़ा। राम प्रकाश बधाई के पात्र हैं।
डाॅ0 सुरजीत सिंह डंग ‘अखबार मेला’ देखने के बाद और बिटिया प्रतिष्ठा को मुख्य अतिथि की प्रतिष्ठा दिये जाने से बेहद भावुक शब्दों में बेटियों को शिक्षित किये जाने पर जोर देते हुए बोले, ‘हमें नकल करने की आदत है, इससे परहेज करना होगा। नकल करके पास होने वाला जब शिक्षक बन जाता है तो वह नई पीढ़ी को क्या शिक्षा देगा? आज दुर्भाग्य से हो ऐसा ही रहा हैं हमें अपनी बेटियों को बेटी समझने की ओर कदम बढ़ाने होंगे। प्रतिष्ठा बिटिया ने जो कहा है उस पर अमल करने का संकल्प लेना होगा।
‘अखबार मेला’ में आये अतिथियों, पत्रकारों व पाठकों को लेखक, विचारक व सामाजिक कार्यकर्ता पं0 पद्मनाथ त्रिपाठी, राष्ट्रपति से पुरूस्कृत शिक्षक पं0 ओम प्रकाश त्रिपाठी, भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक डाॅ0 भगवान प्रसाद उपाध्याय, सोनभद्र से प्रियंका परिवार के वरिष्ठ सदस्य/पत्रकार मिथिलेश प्रसाद द्विवेदी, कांग्रेस नेता व प्रियंका परिवार के सदस्य राजेश द्विवेदी ने भी सम्बोधित किया। रायबरेली, उन्नाव, कानपुर, बाराबंकी, हमीरपुर, ललितपुर, बांदा, बनारस, इलाहाबाद, सुल्तानपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, सीतापुर, मऊ, फैजाबाद, जौनपुर व राजधानी लखनऊ के पत्रकारों ने व सोनभद्र के वरिष्ठ पत्रकार श्री मिथिलेश द्विवेदी के नेतृत्व में सोनभद्र से 40 पत्र-पत्रिकाओं के तमाम संपादकों- प्रकाशकों ने मेले में सक्रिय भागीदारी निभाई। मेले में लगे अखबार-पत्रिकाओं में जहां हिंदी ‘ब्लिट्ज’ के पुराने अंक थे वहीं उनके संवाददाता रहे प्रदीप कपूर ने अपनी लिखी खबर भी उन्हीं अंकों में खोज ली और उसकी फोटो आयोजक के साथ अपने कैमरे में कैद कर ली। मेले में ‘‘वाह क्या बात’, ‘न्यूज साइट’ व कई अन्य पत्रिकाओं का विमोचन भी अतिथियों ने किया। सुदूर दक्षिण भारत के केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, बिहार व उप्र के 1870 पत्र-पत्रिकाओं को देखकर पाठक, पत्रकार, नेता अभिभूत थे।

झूठा है महंगाई घटने का शोर


राजकोषीय घाटा चिंता का विषय है। कर्ज बढ़ता जा रहा है। टैक्स-मुद्रा स्फीति मामले में देश की हालत सोंचनीय है। बाजवजूद इसके जिन सवा सौ करोड़ की दुहाई देकर तमाम गुल-गपाड़ा मचाया जा रहा है, उन्हें आंकड़े नहीं सस्ती और सुविधाजनक तरीके से रसोई गैस चाहिए न कि कांग्रेस फार्मूले वाले घुमाव-फिराव वाली सब्सिडी का झांसा। विदेशों से वापस आनेवाले कालेधन से करोड़पति बनने की चाहत के सपने में चन्द भारतीय मगन होंगे लेकिन हकीकत में कालाधन तो फुटपाथ से लेकर महलों तक हर किसी की ख्वाहिशें पूरी करने का साधन है। इंटरनेट, मोबाइल सस्ता होने से अधिक अरहर की दाल के सस्ते होने की जरूरत है। आंकड़ों का झूठ कहता है कि खुदरा महंगाई एक प्रतिशत घटी जबकि अंडा एक पांच-छः रूपए में मिल रहा है, मई से अक्टूबर तक चार रूपए में मिल रहा था। मछली मामूली दर्जें की एक सौ चालीस रू0 किलो बिक रही हैं, मई में 60-80 रूप किलो बिक रही थी। ऐसे ही घी-तेल व अन्य सामानों के भाव हैं। डीजल/पेट्रोल सस्ता होने से ट्रांस्पोर्टरों को फायदा हुआ होगा। लेकिन जन सामान्य तो पहले से भी महंगा सामान खरीदने को मजबूर है। सीजन में आने वाली सब्जियों के भाव भी आम आदमी की रसोई की हालत चिंताजनक बनाए हैं।
अखबारों में छापा जा रहा है कि भारतीय शेयर बाजार में इस साल 15.4 अरब डाॅलर का अब तक निवेश हो चुका है और सेंसेक्स 7,246 अंक मजबूत हुआ है। इसका लाभ आम आदमी को क्या मिला? यह तो कागजी हल्ला है। यही कागजी शेर बैंकों का 41 हजार करोड़ से अधिक दबाये बैठे हैं। मोबाइल फोन के बाजार को 40-42 हजार करोड़ का बताया जा रहा है, इसमें 75-80 फीसदी विदेशी कंपनियों के खाते में है।
गौर से देखा जाय तो ईस्ट इंडिया कं0 के नक्शेकदम पर लूट जारी है। ताजी घटना स्टेट बैंक द्वारा अदाणी समूह को एक अरब डाॅलर का कर्ज दिये जाने की है, जबकि पहले से ही किंग फिशर के पास 7,800 करोड़ की रकम दबी है। जनधन योजना के नाम पर खुलवाये गये आठ करोड़ गरीबों के खातों की रकम अमीरों में बांटी जा रही हैं?ये कैसे अच्छे दिन हैं?
यह महंगाई घटने का कौन सा अर्थशास्त्र देशवासियों को पढ़ाया जा रहा है?
सामग्री नवंबर, 2014 मार्च, 14
का भाव का भाव
अरहर दाल 78-85 75
मसूर दाल 72-75 70
उड़द दाल 100 80
चावल मंसूरी 35 30
चावल बांसमती 80 70
आलू 30-40 20
केला 40-50 30-40
प्याज 20-25 25-30
आटा 23-25 20-22
सरसों तेल 120 100
वनस्पति घी 83 82
देशी घी400-425 360-380
दूध फुलक्रीम 70-80 46-48
(सभी दरें प्रति किलो में)

अख़बार मेला सफल

मोबाइल फोन की घंटी बजती है......... स्क्रीन पर 919415081581 नंबर उभरता है.... घंटी लगातार बजती जा रही है। अन्जाना नम्बर था... उठाया... जवाब में उधर से बधाई हो, मैं राजस्थान के लांडनूं से बोल रहा हूँ... ‘अखबार मेला’ की सफलता पर बधाई स्वीकारें। मैं और सुमित्रा जी आना चाहते थे, लेकिन पारिवारिक कारणों से नहीं आ सके। ‘कलम कला’ अखबार मे ंखबर भी छापी है।’ ऐसे ही इन्दौर, भोपाल, मुंबई, अहमदाबाद, गांधीधाम, तिरूवनन्तपुरम् (केरल), मोहाली (पंजाब), नागपुर और उत्तर प्रदेश के कई जिलों से मेले में न पहुंच पाने के मलाल..... मुआफी के साथ बधाइयों के फोन आते रहे। अभी भी आ रहे हैं। और तो और केरल से मलयालम भाषा व हिन्दी की पत्रिकाएं व कुछ किताबें मेला समाप्ति के सप्ताह भर बाद तक आईं।
‘अखबार मेला’ देखने-जानने की ललक देशभर के अखबारवालों में जहंा थी, वहां विधानसभा मार्ग से गुजरने वाले पाठकों में भी खासी थी। मेला शाम पांच बजे जबरन बंद कराया गया। जबरन इसलिए कि पाठकों के आकर्षण में पुराने समाचार-पत्रों के साथ नये पत्र-पत्रिकाओं में रमा रूझान अंधेरे की आमद को भी नकार रहा था।
गौरतलब है ‘अखबार मेला’ आयोजन बगैर किसी सरकारी सहयोग के दशे में पहली बार लखनऊ में लगाया गया था जो बेहद सफल रहा। उससे भी अधिक आश्चर्यजनक था कि मेले में प्रदेश सरकार के कोई मंत्री या मुख्यमंत्री भी नहीं आये थे। उसी दिन लखनऊ मेें राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर कई कार्यक्रम पत्रकार संगठनों द्वारा आयोजित किये गये थे। एक पत्रकार संगठन का राष्ट्रीय अधिवेशन भी था, बावजूद इसके मेले में दिन भर भारी भीड़ बनी रही। जिले से आये पत्रकारों में कुछ कवि मन कविताओं के जरिए मेले का गुणगान करते रहे। अजब उत्साह, गजब ऊर्जा से भरपूर पत्रकारों-पाठकों के संगम का नजारा पहली बार सूबे की राजधानी के राजपथ पर देखने को मिला।
‘अखबार मेला’ में पं0 हरिशंकर तिवारी के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पं0 मार्कण्डेय तिवारी, राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय सचिव अनिल दुबे ने दोपहर में शिकरत कर पत्र-पत्रिकाओं का अवलोकन किया। श्री मार्कण्डेय तिवारी ने सोनभद्र से प्रकाशित पत्रिका ‘वाह क्या बात है’ को जारी भी किया। मेला स्टाल पर ‘प्रियंका’ के अंकों को सराहना मिली तो ‘रेड फाइल’ के अंक पलटे गये। ‘दिव्यता’, ‘पूर्वा स्टार’, ‘माया अवध’ व ‘केरल ज्योति’ की प्रतियों में लोगों की दिलचस्पी दिखी।
‘अखबार मेला’ के पूरी तरह सफल होन पर कई पत्रकार संगठनों ने हैरत के साथ अपनी बधाईयां भेजी हैं। इसके साथ ही उत्साहित भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक ने 30 दिसम्बर को इलाहाबाद में संगम किनारे ‘अखबार मेला’ लगाने की घोषणा की तो सोनभद्र के मिथिलेश द्विवेदी व राजेश द्विवेदी ने सोनभद्र में 17 जनवरी 2015 को ‘अखबार मेला’ के आयोजन का ऐलान किया। बहरहाल अक्षरों के आन्दोलन का प्रथम चरण पूरी तरह सफल रहा।

ताली बजाऊ तमाशा नहीं है ‘अख़बार मेला’

‘अख़बार मेला’ की अभूतपूर्व सफलता के बाद छोटे-मंझोले पत्र-पत्रिकाओं के पत्रकारों को
धन्यवाद देते हुए, बधाई देते हुए राम प्रकाश वरमा ने कहा, ‘मेला आप सबके प्रयासों से सफल हुआ, लेकिन अभी भी कई लोगों के मन में मलाल है कि मंच नहीं था, हाल में आयोजन नहीं था। मेला और भव्य हो सकता था। इसे प्रेस क्लब में आयोजित किया जा सकता था। ऐसी ही कई बातें उठीं। मैंने पहले ही साफ कर दिया था कि मेले में कोई मंच नहीं होगा, कोई वीआईपी मुख्य अतिथि नहीं है और मेला किसी हाल में नहीं होगा। भव्यता से अधिक पाठकों की भागीदारी की आवश्यकता थी, जो भरपूर मिली। यही कारण था कि मेला समाप्ति के पूर्व लखनऊ से छपनेवाले कई प्रतिष्ठित दैनिक समाचार-पत्रों ने अपनी प्रतियां मेला स्टाल पर खड़े पाठकों/पत्रकारों को वितरित की। हाल में पाठकों की पहुंच न के बराबर हो पाती और सड़क पर जो दृश्य था वो सबने देखा। रहा प्रेस क्लब में आयोजन करना सो वहां का बखान करने से अच्छा होगा कि हम आगे की बातें करें।’
बात को आगे बढ़ाते हुए वरमा जी ने कहा, ‘अख़बार मेला’ पाठकों, विज्ञापनदाताओं और अख़बारों/ पत्रिकाओं के बीच नये रिश्ते बनाने की ओर पहला कदम है। जो बेहद सफल रहा। लोगों ने बड़े ही उत्साह से पत्रिकाएं/अख़बार देखे, उन्हंे खरीदने की पेशकश की और जब निराशा हाथ लगी। तो कोई पत्र/पत्रिकाएं चुपके से उठा ले गये। यही मेले की सबसे बड़ी सफलता है। ठेके के मंच  और किराये के हाल में पत्रकार संगठनों के
अधिवेशन होते हैं, सांठ-गांठ वाले सम्मान समरोह या ताली बजाऊ नपंुसक तमाशे। उनकी सार्थकता पर दसियों सवाल भी खड़े होते हैं। छोटो-मंझोले पत्र-पत्रिकाओं के प्रति समाज में भ्रम की स्थिति है, उन्हें बदनाम करने के तमाम जतन किये जाते हैं। इसी भ्रम को दूर करने और सच को सामने लाने का प्रयास है ‘अख़बार मेला’।’ ‘अख़बार मेला’ की सफलता पर मिल रही बधाइयों के बीच ‘प्रियंका’ सम्पादक ने बताया कि 2015 में भी इसी जगह पर मेले का आयोजन इससे बड़ा होगा। कई नवीनताएं भी होंगी। एक पत्रकार को सम्मनित भी किया जाएगा। यह सम्मान हिन्दी के पितामह आचार्य पं0 दुलारे लाल भार्गव के नाम से होगा। पत्र-पत्रिकाओं के विमोचन को भी प्रमुखता दी जाएगी। मेले में देश के कई हिस्सों से छपने वाले पत्र-पत्रिकाएं दिखेंगे साथ ही उनके संपादकों/प्रकाशकों व अन्य भाषाई पत्रकारों को भी आमंत्रित किया जायेगा। ‘अख़बार मेला-2015’ का मुख्य अतिथि भी कोई वीआईपी नहीं होगा और कोई मंच भी नहीं होगा। हामरे पुरखों के द्वारा छापे गये पत्र/पत्रिकाओं की प्रदर्शनी अलग से लगाई जायेगी। जिलों से छपने वाले पत्रों और उनके पत्रकारों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किये जायेंगे। ‘अख़बार मेले’ में आप आये धन्यवाद। आप किन्हीं कारणों से नहीं आ सके तो 2015 के मेले में आने की अभी से तैयारी कीजिए और अंत में इतना अवश्य कहुंगा कि हर आयोजन की शुरूआत में कमियां रह जाती हैं, गलितयां हो जाती हैं, अन्जाने में अपनों का अपमान हो जाता है, ऐसी किसी भी परिस्थिति का सामना करने वालों से मैं माफी चाहुंगा और चाहुंगा कि वे अपने सुझाव अवश्य दें जिससे मेला और अधिक सफल हो सके।