Tuesday, September 11, 2018

नरक की भागीदार


कहानी
यह उस वक्त की कल्पना है जब औरतें बहुत ज्यादा घर से बाहर नहीं निकलती थी, पर्दाप्रथा थी और स्त्रियां अपने पति का नाम लेने में शर्म और संकोच महसूस करती थी। कुछ स्त्रियां तो ऐसी भी होती थी जो अगर कहीं किसी जगह खो भी जाये और उनका पता ठिकाना या पति का नाम पूछा जाए तो भी पति का नाम नहीं लेती थी, बल्कि इशारों में पति का नाम बताती थी। मसलन हरिलाल तो हरी हरी चूड़ियां दिखाती थी या पत्ते और लाल माथे का सिंदूर दिखाती थी। सामने वाला गफलत में ही रहता था क्या नाम हो सकता है देवी जी के पति का? चलिये मिलते हैं गाँव-गलियों में उस समय की स्त्रियों से ...।

"ऐ दुलारी चल अभय अंधेर है जल्दी जल्दी जाई के आई जावा जाए।"  माथे का पल्लू ठीक करते हुए कम्मो हाथ में लोटा लिए जल्दी-जल्दी बाहर आई और चंपा को आवाज दी, "चंपा कमीनी कहां मर गई, जल्दी कर", बोलते हुए दुलारी और वह बाहर की ओर बढ़ने लगे कि इतने में चंपा भी आ गई और उनके साथ में हो ली। पास की एक दो और औरतें भी उनके साथ हो लीं। "ऐ कम्मों", दुलारी ने आवाज दी, "हां बोल", कम्मो कहते हुए खेत की ओर बढ़ने लगी। "मेला घूमै चलिहौ का?" "ऐ हां, मेला लगा है ना, चलौ घूम आवा जायै।" कम्मो बोली। "जरा एक दो जनि से और पूछ लेओ मन्नो, रज्जो, बिट्टो औउर तुलसा से भी पूछ लेओ, मेला चलिहैं का?"  दुलारी ने कहा और खड़ी होकर बाहर आ गई। कम्मो बोली, "अरे सुनो सब जनि, मेला लगा है चलिहौ का सब घूमैं?" रज्जो बोली, "जिज्जी, घर का सारा काम पड़ा है कैइसे जइबै"? बिट्टो भी बोली, "सासू मइया से पूछैक परिहै"। आखिर में तुलसा बोली सब जनि जल्दी-जल्दी काम निपटा लैओ फिर चला जाये।  इतना कहकर सब औरतें अपने अपने घर की ओर रवाना हो गई। रज्जो काम निपटाते - निपटाते अपनी सासू जी को मक्खन भी लगाते जा रही थी। "अरे अम्मा जी, मेला लगा है, आपके खातिर साल लै आई ? ऊ पहिले वाली तो पुरानि हुइ गय है और उमें छेद -छेद हुई गए हैं औउर  मुन्ना के चड्डी और बनियान भी लेत अइबै"। अम्माजी सब समझ रहीं थीं कि बहूरानी को घूमने जाना है बोलीं, " ठीक है लेकिन अंधेरा होये के पहिलै घर आये जायो"। रज्जो मन ही मन खुश हो गई और "जी अम्मा" कह कर जल्दी-जल्दी काम निपटाने में लग गई। कम्मो ने भी अपना काम खत्म किया और अपने पति को कहा, "अजी सुनते हो हम जा रहे हैं सबके साथ मेला देखने घंटा दुई घंटा मा आई जइबै"। अब मियां बिचारे कुछ बोले नहीं बस हुक्का गुड़गुड़ाते रहे। सभी स्त्रियां दुलारी के घर पर जमा हुई और मेला देखने चल पड़ी।

ऐ बिट्टो तुम अपने घर का बोलकर आई हो ? रज्जो ने पूछा। बिट्टो बोली, "ऐ दिद्दा हम तो कहे कि हम चूड़ी, बिंदी औउर लाली लेक जाइत हन"। मन्नो बोली, "अरे हम तो जल्दी-जल्दी काम निपटावा और निकल लिहेन"। ऐसे ही अपनी-अपनी बताते हुए सब औरतें घूमने निकल लीं। मेले में पहुंचने पर सब कोकाबेली की तरह इधर उधर देखने लगी। कोई कपड़े की दुकान पर खड़ी हो जाती, कोई लाली, बिंदी में उलझ जाती। "दुलारी देखो तो ई बड़ी वाली बिंदी माथे पर नीक लागत है कि नाहीं"? कम्मो ने पूछा। "जिज्जी आप तो ना ई टीके वाली बड़ी बिंदी लगाओ, अच्छी लगिहै"। "ऐ भाई ई फुंदना कैइसे दिहो "? तुलसा एक दुकान वाले से उलझ गई और भाव-ताव करने लगी। रज्जो बोली, "हमका अम्मा के लिए साल ले क है उनसे कहि आयन हैं कि आपके लिए साल लेत अईबै।"  सभी औरतें घूमते-घूमते अपने सामान लेने में व्यस्त हो गई। खरीदी करते - करते बिट्टो की नजर चाटवाले ठेले पर गयी। रज्जो का चाट खाने के लिए जी ललचाया और सबसे बोली, "देखौ अब पांव दुखै लगे हैं और भूख भी लग आई है, चलो वहां बैठ के कुछ खाय लिहा जाए।" रज्जो जल्दी-जल्दी जाकर जगह दबा लेती है और दुकानदार को बोलती है, "ऐ काका आलू की टिकिया बना दियो जरा और देखौ जरा चटपटा बनायो"। "ऐ मन्नो तू का खायेगी? कम्मो ने पूछा"? जिज्जी हम तो पानी के बताशे खायेंगे, बहुत दिन हो गए खाये नहीं" तभी बीच में बिट्टो बोल पड़ी, "अरे काका हमरी भी आलू की टिकिया बनाई देओ औउर दही जरा ज्यादा डाल्यो "। सभी स्त्रियां हंसी ठिठोली कर रहीं थीं और खा कर फिर से मेले में घूम-घूमकर वस्तुएं देखने लगी। फिर एक झूले के पास आकर रुक गई। वहां एक जगह तमाशा चल रहा था दुलारी बोली, "कम्मो तुमाये जीजा के साथ आई थी एक बार तमाशा देखै"। "कीकै साथ"! कमला बोली। "तुमरे भाईया के साथ" दुलारी ने जवाब दिया। कम्मो चिढ़ाने वाले अंदाज में बोली, "ऐ रहन दो, भैया तो हमरे हैं तुमरे थोड़ी...भईया का नाम का है" ? कम्मो बोली। "अरे ! तुमको तो पता है न कि अपने ईहां नाम नहीं लिया जात है" दुलारी बोली। "तो ईहां कौन सुन रहा है अपनी सबकी बात"। ऐ बोलो ना एक बार अपने उनका नाम"। कम्मो मजा लेने वाले मूड में बोली। दुलारी को बहुत ज्यादा शर्म आ गई और वो नीचे की ओर देखने लगी। "देखो, हमारी कसम है अब बोल भी दो नहीं तो हम बात नहीं करेंगे, हां"। रज्जो ने भी कम्मो का साथ दिया। अब दुलारी बड़ी परेशानी में आ गई, कहने लगीं कि "हम उनका नाम कैसे लें सरम आवत है हमका"। "अरे तो जरा धीरे से बोलो ना, कोई नाहीं सुनेगा।" कम्मो हंसते हुए बोली। "अच्छा तू ही बता दे तेरे भैया का नाम तुझे तो पता है ना, बड़ी आई"। दुलारी चिढ़ कर बोली।
"अपने यहां हम कभी नाम लेकर नहीं बुलाते उनको, अब जल्दी से बोलो जिज्जी बहुत टेम खा रही हो" रज्जो बोली। "ऐ जाओ हम ना बात करिबै, का फालतू की बात लेकर बैइठ गयी हौ।" दुलारी ने फिर से सफाई दी। "लो कर लो बात ईमा कौउन सी फालतू बात होई गई औउर ईहां कहां सबके सामने बोलेक है, यहां कौउन बाहेर का है, सब अपनी तो है"। माथे का पल्लू आगे सरका कर दांतों में दबाकर धीरे से दुलारी बोली, "उनके नाम....ऐ हटो घर जाये मा देर हो रही है" हमसे ना होगा"। दुलारी बाहर जाने लगी पर कम्मो भी जबरी थी, हाथ पकड़ कर बैठा दिया और बोली, "जब तक बोलोगी नाहीं तब तक कोई नहीं जायेगा।" आंखे बड़ी-बड़ी करके दुलारी बोली, "ऊ जो कन्हैया जी है ना वही तो है नाम उनका"। "नाम बोलो नाम उनका" अबकी तुलसा बोली। "ओ उनका नाम किशन लाल है"। धीरे से कहकर दुलारी ने मुंह छुपा लिया। अब तेरी बारी है, तू बोल तेरे घर वाले का नाम क्या है? दुलारी बदला लेने की गरज से पूछने लगी। "काहे? काहे बताई? तुमका का काम"? कम्मो तुनककर बोली | तुलसा बोली, "भौजी तुम दुलारी से पूछिहौ और अपना ना बतिहौ, ई तो गल्त बात है"। अब तुमरी बारी है तो अब तुम बताय दिओ अपने घर वाले का नाम औउर ज्यादा नाटक ना करो"। कम्मो को पति का नाम सोचते ही शर्म आने लगी।  "अरे जल्दी बोलो, हमसे तो पूछ लिया अब अपनी बारी में इत्ता शर्माए रही हो" दुलारी बोली। "सब लोग उनका प्यार से जग्गू कहते हैं"। सभी औरतें खिलखिलाकर हंस पड़ी। कम्मों ने मुंह बनाया और कहने लगी, "बस यही के खातिर हम नाही बताई रहे थे" हंस लो सब जनि"। "ऐ तुलसा अब एक तू ही बची है जल्दी से तू भी बता दे अपने उनका नाम" रज्जो बोली। मगर तुलसा बहुत पक्की थी कहने लगी कि, "नाम ना लेब, उनकी उम्र कम हुई जहियै, औउर पाप लगी सो अलग"। मन्नो बोली, "अरे बोलो ना सब ने तो बोला ना बड़ी आई ही पाप लगाने वाली, चल जल्दी से बता"। "नाहीं हम ना बतईबै, हमको नरक में थोड़ी जाना है, चलो सब जनि बहुत देर हो गई घर पहुंचत पहुंचत अंधेर हो जाहियै, चलौ जल्दी करौ"। और सब औरतें घर के लिए निकल लीं। तो आखिर तुलसा नरक की भागीदार नहीं बनी और सब घर की ओर रवाना हो गए।
प्रियंका वरमा माहेश्वरी


नरक की भागीदार

नरक की भागीदार

Thursday, September 6, 2018

दुलारे लाल भार्गव: जिन्हें निराला ‘साहित्य का देवता’ कहा करते थे


पुण्यतिथि विशेष: अपने समय की दो बेहद महत्वपूर्ण पत्रिकाओं ‘माधुरी’ और ‘सुधा’ को शिखर पर पहुंचाने में दुलारे लाल भार्गव के अप्रतिम योगदान को लेकर बहुत से लोग उन्हें लखनऊ की हिंदी पत्रकारिता का पितामह मानते हैं.

आप हिंदी के किसी ऐसे कवि का नाम जानते हैं, जिसके घर पर उसके समकालीन कवियों व लेखकों के इतने बड़े-बड़े जमावड़े होते रहे हों कि लोग उसे ‘कवियों का तीर्थ’ कहने लगे हों और खुद कवि ने उसका नाम ‘कवि कुटीर’ रख डाला हो?
नहीं-नहीं, चौंकिए नहीं. यह ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का सवाल नहीं है और इसके जवाब में आपका कुछ भी दांव पर नहीं लगा. दरअसल, हम उन पंडित दुलारे लाल भार्गव की बात कर रहे हैं, जिन्हें निराला ‘साहित्य का देवता’ कहा करते थे.
इस तथ्य के बावजूद कि दुलारे लाल निराला के मुक्त छंदों के कतई हिमायती नहीं थे. हां, अपने समय की दो बेहद महत्वपूर्ण पत्रिकाओं ‘माधुरी’ और ‘सुधा’ को शिखर पर पहुंचाने में उनके अप्रतिम योगदान को लेकर बहुत से लोग उन्हें लखनऊ की हिंदी पत्रकारिता के पितामहों में से एक भी मानते हैं. ‘हिंदी का दूसरा बिहारी’ तो खैर उन्हें कहा ही जाता है.
विक्रमी संवत् 1956 में वसंत पंचमी के दिन ‘इल्म के बादशाह’ के नाम से प्रसिद्ध मुंशी नवल किशोर के वंश में जन्में दुलारे लाल भार्गव की पहचान इस मायने में अलग थी कि नवल किशोर का प्रेस जहां उर्दू की बेहतरी को समर्पित था, दुलारे लाल ने हिंदी की प्रतिष्ठा को अपने जीवन का एकमेव ध्येय बना लिया था.
हां, व्यक्तित्व उनका भी मुंशी जी की तरह ही बहुआयामी था और सोलह वर्ष की छोटी उम्र से ही हिन्दी लेखन, कविकर्म, संपादन और प्रकाशन से जुड़कर उन्होंने युवावस्था में ही, कम से कम अपनी कर्मभूमि लखनऊ और उसके आसपास के क्षेत्र में, इतनी प्रतिष्ठा अर्जित कर ली थी कि विरोधियों की ईर्ष्या के पात्र बन सकें. आगे चलकर इसी ईर्ष्या के कारण कई बेमतलब के विवादों में भी उनका उलझाव हुआ.
इसके बावजूद ब्रजभाषा के अपने समय के कवियों में उन्हें पहली पंक्ति में गिना जाता था. उनकी रची ‘दुलारे दोहावली’ ने ‘हिंदी के दूसरे बिहारी’ की पहचान उन पर कुछ इस तरह चस्पा की कि फिर वह छूटने को ही नहीं आई.
प्रसंगवश, 1935 में इस दोहावली ने अयोध्यासिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’ के महत्वाकांक्षी महाकाव्य ‘प्रिय प्रवास’ के मुकाबलेे, जो खड़ी बोली का पहला महाकाव्य माना जाता है, उस समय का प्रतिष्ठित ‘देव पुरस्कार’ जीता तो उस वक्त का हिंदी साहित्य जगत इसके समर्थन व विरोध में बंट-सा गया था.
ऐसा होना बहुत स्वाभाविक था क्योंकि खड़ी बोली के पहले महाकाव्य के रूप में पुरस्कार के लिए ‘प्रिय प्रवास’ की दावेदारी बहुत मजबूत थी. यहां जान लेना चाहिए कि देव पुरस्कार ओरछा नरेश हिज हाइनेस सवाई महेंद्र महाराजा वीर सिंह देव ने शुरू किया था, जो ब्रजभाषा और खड़ी बोली के सर्वश्रेष्ठ नये काव्यग्रंथों पर दिया जाता था.
लेकिन दुलारे लाल इतने भर के लिए ही नहीं जाने जाते. 1923 में उन्होंने हिंदी की कीर्ति पताका फहराने के ही उद्देश्य से अपने चाचा विष्णु नारायण भार्गव के साथ मिलकर लखनऊ से ‘माधुरी’ नाम की पत्रिका प्रकाशित की, जिसने कहते हैं कि देखते ही देखते कीर्ति के नए शिखर छू लिए.
इससे उत्साहित होकर उन्होंने 1927 में ‘विविध विषय-विभूषित, साहित्य-संबंधी’ सचित्र ‘सुधा’ मासिक निकाला तो मुंशी प्रेमचंद उसके सह-संपादक थे और पंडित रूपनारायण पांडेय सहयोगी. यह मासिक साहित्यिक दृष्टि से इतना शिष्ट, कलापूर्ण और मर्यादित था कि बड़े से बड़ा लेखक व कवि उसमें रचनाएं छपने पर गर्व का अनुभव करता था.
‘माधुरी’ और ‘सुधा’ से जुड़ी दुलारे लाल की महनीय सेवाओं के कारण कई लोग उन्हें लखनऊ की हिंदी पत्रकारिता के पितामहों में से एक मानते हैं, लेकिन उनकी सेवाएं और भी हैं.
उन्होंने लालबहादुर शास्त्री, आचार्य चतुरसेन शास्त्री, गोपालसिंह नेपाली, इलाचंद्र जोशी और मिश्रबंधुओं समेत अनेक दिग्गजों के सहयोग से अपनी पत्नी के नाम पर ‘गंगा पुस्तक माला’ शुरू की तो उसकी मार्फत भगवतीचरण वर्मा, विश्वंभरनाथ ‘कौशिक’, डा रामकुमार वर्मा, सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’, मुंशी प्रेमचंद, अमृतलाल नागर व सुमित्रानंदन पंत जैसे साहित्यकारों की पुस्तकें छापकर उनको प्रकाश में ले आए और प्रतिष्ठित होने में मदद की.
मुंशी प्रेमचंद का बहुचर्चित उपन्यास ‘रंगभूमि’ सबसे पहले उन्हीं के संपादकत्व में छपा. बाद में प्रेमचंद इस पुस्तकमाला की बच्चों की पत्रिका ‘बाल विनोद वाटिका’ के संपादन से भी जुड़े. गंगा पुस्तक माला भवन के अवशेष अभी भी लखनऊ में लाटूश या कि गौतमबुद्ध मार्ग पर बचे हुए हैं.
जैसा कि बता आये हैं, ‘निराला’ दुलारे लाल के व्यक्तित्व से इतने अभिभूत थे कि उन्हें ‘साहित्य का देवता’ कहा करते थे. सो भी तब, जब दुलारे लाल उनके मुक्त छंदों के समर्थक या प्रशंसक नहीं थे.
निराला ने एक जगह उन्हें संबोधित करते हुए लिखा है, ‘माधुरी और सुधा में आप बराबर नवीन लेखकों को प्रोत्साहित करते रहे हैं. कितनी ही लेखिकाएं तैयार की हैं. यह काम हिंदी की किसी भी दूसरी पत्रिका ने नहीं किया है. आप प्रतिवर्ष नवीन साथियों को पदक-पुरस्कार आदि दे-देकर भी बढ़ावा देते रहते हैं.’
साधारण चूड़ीदार पाजामा, अचकन और टोपी दुलारे लाल की मनपसंद पोशाक थी और वे अंतिम समय तक अपनी साइकिल पर साहित्य की चिंता में बेचैन से घूमा करते थे. उनके बारे में प्रसिद्ध था कि वे जहां भी जाते हैं, उनकी ख्याति उनसे पहले पहुंच जाती है.
उनका समय वह था जब लखनऊ तेजी से सरायों से होटलों के नए दौर में भागा जा रहा था. दुलारे लाल ने इस बदलाव के साथ कदमताल करने की कोशिश में लगे आम लखनऊ वासियों की उर्दू मिश्रित लखनवी बोली का संस्कार तो किया ही, उच्च कोटि के कथा साहित्य के जरिये उनको हिंदी प्रेमी भी बनाया.
उनके घर पर कवियों का इतना जमावड़ा होता था कि उन्होंने उसका नाम ही ‘कवि कुटीर’ रख दिया था. कई कवि उसे ‘कवियों के तीर्थ’ तक की संज्ञा देते थे और वहां देर रात तक गोष्ठियों में कविता पाठ व साहित्य चर्चाएं वगैरह होती रहती थीं.
दुलारेलाल के शिष्य राम प्रकाश वर्मा बताते हैं कि लखनऊ में कवि सम्मेलनों की परंपरा भी उन्होंने ही डाली. उनका अंतिम कवि सम्मेलन 1971 के युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की विजय के उपलक्ष्य में रवींद्रालय के सभागार में हुआ था, जिसमें तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी उपस्थित थीं.
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के अध्यक्ष रहे वरिष्ठ साहित्यकार डा रामकुमार वरमा ने अपनी एक रचना में 1925 में कानपुर में सरोजिनी नायडू के सभापतित्व में आयोजित भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अधिवेशन के अवसर पर दुलारे लाल के संयोजन व संचालन में हुए ऐतिहासिक अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का विस्तार से जिक्र किया है. इसी कवि सम्मेलन में उनकी दुलारे लाल से पहली भेंट हुई थी.
06 सितंबर 1975 को अचानक दिल के दौरे से दुलारे लाल का निधन हुआ तो वे ‘ब्रजभाषा रामायण’ की रचना में लगे हुए थे. जाहिर है कि वे आखिरी सांस तक साहित्य-सर्जना में रत रहे.
रामप्रकाश वर्मा बताते हैं कि वे अच्छे आशुकवि भी थे. चलते-चलते जहां भी उनका कविमन जाग जाता, वे कविताएं रचने लगते. कागज पास नहीं होता तो छोटी-छोटी पुर्जियों पर लिख लेते. उनकी कितनी ही रचनाएं इस तरह पुर्जियों पर बिखरी होने के कारण नष्ट हो गयीं. कई बार वे प्रकाशनार्थ आई रचनाओं व साहित्यकारों के पत्रों के उत्तर भी दोहों में दिया करते थे.
दुर्भाग्य से उनके जीते जी उनके व्यक्तित्व व कृतित्व का वस्तुनिष्ठ मूल्यांकन इसलिए संभव नहीं हुआ कि उनसे जुड़े विवादों ने बेदर्दी से इसकी राहें बंद कर रखी थीं और इस संसार को अलविदा कहने के बाद किसी ने इसकी जरूरत ही नहीं समझी.
आज पुस्तकों के लिहाज से इस बेहद कठिन दौर में उनके उन प्रयोगों का गम्भीर अध्ययन नई राह दिखा सकता है, जो उन्होंने बड़े ही आत्मविश्वासपूर्वक ‘गंगा पुस्तक माला’ में किए और बड़ी सीमा तक सफलता पायी.
लेखक फ़ैजाबाद में स्वतन्त्र पत्रकार हैं
6/9/2018

पगलाये पानी की हिंसा पर तैरते 19 की जीत के गीत


लखनऊ | देश के अधिकतर हिस्सों में बरसात ने प्रलय मचा रक्खी है , केरल लगभग तबाह हो चुका है बाकी राज्यों में भारी बारिश और उससे होने वाले जलभराव ने करोड़ों घरों में फांकाकशी के हालत पैदा कर दिए हैं | पहाड़ों पर हो रहे भूस्खलन से जनजीवन सहमा हुआ है | हजारों मौतें हो चुकी हैं, लाखों घायल और परिंदों, चरिन्दों का सफाया हो चुका है | जहां कल तक बस्ती थी वहां चारो ओर पानी ही पानी दिख रहा है | लाखों एकड़ खड़ी फसल पानी में बह गई या फिर सड़ गई | आदमियों,औरतों,बच्चों की भीड़ आसरे और रोटी के लिए खुली सड़कों पर रो-रो कर गुहार लगा रही है लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं उल्टे सियासत के गलियारों में चटखारे लेकर 2019 की जीत के गीत गाये जा रहे हैं |
मध्यप्रदेश के डिंडोरी में सड़कों पर तो पानी भरा ही है, वहीं नदी पर बने पुल पर भी एक फुट से अधिक पानी भरा था और उसी पानी में प्रदेश के एक मंत्री का काफिला फर्राटे भरता हुआ निकल गया | मंत्री की देखादेखी यात्रियों से भरी बसें, दो-चार पहिया वाहन भी गुजरते रहे और यातायात रोकने व सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मी किसी दुर्घटना होने के इन्तजार में तटस्थ खड़े रहे ? उत्तर प्रदेश के 70 फीसदी हिस्से में पगलाई बरसात ने कहर बरपा रक्खा है | लोगबाग राहत की चाहत में परेशान हैं | रायबरेली,उन्नाव,सीतापुर,शामली में कई लोगों के घायल होने और 5 लोगों की मौत होने की खबर है | झांसी में पूरा शहर पानी में डूबा है , यहां क्षिप्रा,बेतवा नदियाँ हरहरा कर कहर बरपा रही हैं | एक थ्री स्टार होटल ढह गया है , कोतवाली, थाने समेत पुलिस पानी के बंधक हैं | आस-पास के गांवों को खाली कराया जा रहा है | लोगों में बेहद गुस्सा है | सहारनपुर के शामली में एक अंडरपास में यात्रियों से भरी बस पानी में फंस गई जिसे निकालने की कवायद जारी है | दूसरी और अखबारों में सारकार और उसके मुखिया के बयान लगातार छप रहे हैं ‘ राहत में लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा ‘, ‘ अफसर सुधर जाएं ‘ | बावजूद इन बयानों के  राजधानी में ही कोई पुरसाहाल नहीं है | मजे की बात है कि शिकायत करने वाले को मुख्यमंत्री से जो जवाब मिलता है वो सिर्फ हताश करने वाला ही नहीं बल्कि हास्यास्पद भी होता है | मथुरा में लोगों ने जिला प्रशासन, स्थानीय विधायकों, पार्षदों और बेहद सक्रिय सांसद अभिनेत्री हेमामालिनी से निराश होकर मुख्यमंत्री से गुहार लगाई कि यहां बंदर बहुत परेशान करते हैं और आये दिन लोगों को काट लेते हैं | मुख्यमंत्री ने उत्तर दिया , ‘ आप लोग हनुमान चालीसा पढ़िये बंदर नहीं काटेंगे |’ इसी तरह यदि कोई भी सवाल करता है तो उसे अटपटे जवाब का सामना करना पड़ता है या पुलिस की मेहमाननवाजी का |
राजस्थान की सड़कों पर पानी भरा है लोग सरकार विरोधी नारे लगा रहे हैं | महाराष्ट्र के नांदेड़ में बरसात के कहर से पूरा शहर पानी में डूबा है | उत्तराखण्ड के मसूरी में हजारों फुट की ऊँचाई से पानी का सैलाब आ रहा है लोगबाग सुरक्षित स्थानों की तलाश में भाग रहे हैं | गृह मंत्रालय के ताजे आंकड़ों के मुताबिक़ बाढ़ से अब तक 1400 मौतें हो चुकी हैं | उधर मौसम विभाग का कहना है कि अभी बरसात का कहर दो हफ्तों तक जारी रहने के आसार हैं | बाढ़ और बरसात से हलकान लोगों की सुध देश के मुखिया को भी कम और विपक्ष पर हमलावर रहने की अधिक है | ऐसे हालत में बारिश में भीगा आदमी पगलाये पानी की हिंसा का शिकार होकर जार-जार रो रहा है |