Friday, September 11, 2015

रिश्वत लो... वोट दो का नारा है बुलंद -डाॅ0 डंग

कौन करेगा देश अखण्ड.. भारतीय जनसंघ... जनसंघ...। यह नारा पचास-साठ साल पहले देश की गलियों, सड़कों पर महज गंूजता था। आज वही गूंज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सदारत में सार्थक सफलता की ओर लगातार अपने कदम बढ़ा रही है। तभी तो भारतीय जनता पार्टी के कर्मयोगियों ने अपने रूठे कार्यकर्ताओं को मनाने का बाकायदा अभियान चला रक्खा है। इसी प्रयास में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के डाॅ0 सरजीत सिंह डंग को भाजपा मुख्यालय लखनऊ के बड़े से फाटक के भीतर एक बार फिर बेहद अदब से प्रवेश कराया गया। डाॅ. डंग मिर्जापुर भाजपा के जिलाध्यक्ष रहे, उप्र सरकार में सार्वजनिक निर्माण, परिवहन मंत्री रहे। भाजपा के प्रवक्ता रहे। सफल चिकित्सक, मुखर राजनेता और दृष्टिसम्पन्न पत्रकार के रूप में जाने-पहचाने जाते हैं। और यह सब छात्र राजनीति की कोख से जन्मा है। वे छोटी सी उम्र में ही बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय छात्रसंघ के
अध्यक्ष रहे। वे लेखक भी हैं, अच्छे वक्ता भी हैं और घोर मानवतावादी हैं। उनका सहज स्नेह, सुलभता और आत्मीयता प्रथम परिचय की झिझक को ही नहीं अवस्था के भारी व्यावधान को भी समाप्त कर देता है। उन पर क़लम अक्षर दर अक्षर जनती जायेगी और उनके गुणों का बखान खत्म नहीं होगा। उनके मानसिक द्वंद
और आदमी की पीड़ा से उभरती बेचैनी से साक्षात्कार के कुछ अंश राम प्रकाश वरमा, संपादक ‘प्रियंका’ की कलम से लिखे जा रहे हैं, पाठकों के लिए:-
सवाल: घर वापसी पर अपने पुराने साथियों और तेरह साल के अंतराल में पार्टी में आये नये चेहरों के साथ कैसा अनुभव किया?
जवाब: संसार परिवर्तनशील है। साथी तो साथी होते हैं। बेशक नई पीढ़ी आई है और यह उनकी अपेक्षाओं का दौर हैं संचार साधन बढ़े हैं, उनका भरपूर उपयोग हो रहा है। इसके मायने यह कतई नहीं हैं कि वैचारिक मान्यताएं लुप्त हो रही हैं। वे कल भी थे, आज भी हैं, आगे भी रहेंगे। व्यक्तिगत संबंधों-संपर्काें का अपना महत्व है। मोदी के नाम ने एक चमत्कार किया है। चेहरे बदलते रहते हैं, आगे भी बदलेंगे, वैचारिक पृष्ठभूमि ठीक होने से भाजपा मजबूत होती चली जाएगी। और अपना घर किसे नहीं अच्छा लगता।
सवाल: आपके चुनाव क्षेत्र में भी इस बीच खासा बदलाव हुआ होगा। क्या नये सिरे से लोगों में अपने प्रति, पार्टी के प्रति विश्वास जगाने के लिए किसी कार्यक्रम की योजना है? खासकर तब जब आपके सहयोगी दल के सांसद के क्षेत्र में आपका चुनाव क्षेत्र है?
जवाब: टिकट लेने के लिए पार्टी में वापसी नहीं की, मैं तो जातिहीन, धनहीन, बाहुबलहीन हूं। आप आश्चर्य करेंगे, मेरे चुनाव क्षेत्र में ढाई लाख वोटों में सिखों के कुल 850 वोट हैं। मुझे तो पहली बार भी जबरन टिकट थमाया गया था। मैं तो
जिलाध्यक्ष था लखनऊ आया था चुनाव लड़नेवालों के नाम लेकर लेकिन मुझे ही प्रत्याशी बना दिया गया, तब लोगों के स्नेह ने विधायक बनवा दिया। पुराने संपर्कोे को ताजा करना है, नई पीढ़ी को अपने से जोड़ना है और लक्ष्य है जिले की पांचों सीटें भाजपा जीते। जनता गुंडाराज से निजात चाहती है। मजहबवाद के मुखालिफ लोगों को जागरूक करना है। इसमें जनता के साथ संचार और समाचार-पत्रों का भी सहयोग लूंगा।
सवाल: आप प्रशिक्षित चिकित्साक हैं, फिर चिकित्सा सेवा छोड़कर राजनीति में क्यों दाखिल हुए?
जवाब: दाखिल कहां हुआ, मैं तो छात्र जीवन से ही राजनीति में था। बीएचयू छात्रसंघ का अध्यक्ष मैं मेडिकल की पढ़ाई के दूसरे साल में ही हो गया था।
सवाल: राजनीति और समाज के आचारण पर बहसें होती हैं, आरोप भी लगते हैं लेकिन आदमी की सोंच पर कतई बात नहीं होती? जबकि इसी सोंच ने आदमी को हिंसक बनाने में बड़ी भूमिका अदा की है और कर रहा है। आप क्या कहते हैं?
जवाब: एकै साधै सब सधै। मेरा मतलब है, गुरू। प्रथम गुरू होती है, मां। मां ही शिक्षा/संस्कार देती है। आज वो ही दिशाहीन हो रही है। बाबा-दादी, ‘स्टोररूम का सामान’ हो गये हैं। ऐसे में बड़ी और महत्वपूर्ण भूमिका शिक्षकों की होती है, वे भी आचरणहीन हो रहे हैं। शिक्षा प्रणाली का पतन हो रहा है। उस पर कोढ़ में खाज है, दर्जा दस तक कोई फेल नहीं होगा। नकल की खुली छूट है। दरअसल विद्यालय ज्ञान वितरण केन्द्र की जगह भोजन वितरण केन्द्र और उच्च शिक्षा में उपाधि वितरण केन्द्र बन गये हैं। गांवों में जाकर देखिये जहां गरीब अपने बच्चों को सरकारी प्राथमिक स्कूलों में पढ़ाता है, वहां स्कूलों में शिक्षक पढ़ाने नहीं आते, तो बच्चों की बड़ी संख्या भोजन के समय आती है, बाकी समय कक्षायें खाली रहती हैं। शिक्षकों ने बेरोजगार युवकों को अपनी जगह पढ़ाने के लिए बहुत थोड़े से पैसों पर रख रखा हैं। शिक्षकों से सरकार पढ़ाने के अलावा और ढेरों काम लेती है। यही वजह है कि बच्चों को भाषा का, गणित का ज्ञान नहीं है। तो एकल परिवार को अपनी सांेच बदलनी होगी।
सवाल: लेकिन कोई पहल तो करेगा?
जवाब: बेशक कई स्तर पर आवाजें उठ रहीं हैं। आप भी तो यही कर रहे हैं। सुधार होगा।
सवाल: उप्र में बिजली-पानी का संकट आम बात है लेकिन अपराधों के साथ गर्वाेन्नत हिंसा टहल-टहल कर भय का वातावरण पैदा कर रही है और सरकार आज बनाने और कल संवारने का दावा कर रही है। पत्रकारों की हत्या हो रही है, अफसरों को घमकाया जा रहा है। क्या ये राजकाज चलाने के सूत्र वाक्य ‘भय बिन होय न प्रीति’ का पालन सरकार कर रही है? क्या इसके संगठित पुरजोर विरोध की आवश्यकता नहीं है?
जवाब: आन्दोलन से लोग थक चुके हैं। लाशों पर राजनीति का चलन बढ़ गया है। सपा सरकार जब भी आती है तो अपराधों की बाढ़ आ जाती है। गुंडों और जाति विशेष के लोगों का आतंक बढ़ जाता है। सपा में कार्यकर्ताओं, नेताओं की प्राथमिक योग्यता ही अपराधी होना है। आप ही बताईये मृत्युपूर्व बयान (डाइंग डिक्लेक्शन) के बाद जाँच? यह तो कानून की नई परिभाषा गढ़ी जा रही हैं, यहां तो अपराधियों में वंशवाद की बेल बढ़ रही है। दुर्भाग्य से प्रेस अपराधियों के नाम छापकर उनका प्रचार मुफ्त में करती है। इसके मुखालिफ नागरिक संगठनों को आगे आना होगा, आम आदमी को संगठित होकर आवाज बुलंद करनी होगी और राजनैतिक दलों को उनके पीछे खड़े होकर उनका साथ देना होगा।
सवाल: शिक्षा और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार का प्रचार कार्यक्रम तो बेहद तेज है, लेकिन जमीनी स्तर पर क्या दोनों जगह सुधार दिखाई देता है?
जवाब: कहावत है न कि ‘अन्धा बांटे रेवड़ी.... तो जो सपा के लोग हैं, एक जाति विशेष के लोग हैं, उन्हीं को हर स्तर पर फायदा पहुँचाया जा रहा है। सच यह है कि रिश्वत देकर लोगों को वोट के लिए फंसाया जा रहा है। थानों में कोतवाल एक जाति विशेष के तैनात हैं, थाने बेचे जा रहे हंै, भार्तियों में पैसा लिया जा रहा है। ऐसे में जो पैसा देकर नौकरी पायेगा वो जन सेवा करेगा या घर सेवा!
सवाल: आपके जीवन की कोई अविस्मरणीय घटना जिसे जन सामान्य से साझा करना चाहेंगे?
जवाब: पहली बार जब विधायक हुआ तो अपने एक मित्र के साथ रिक्शे से निशातगंज की ओर से महानगर जा रहा था। वहां रेलवे क्रासिंग पर फाटक बंद हो गया। जो लगभग बीस मिनट बंद रहा। इस दौरान दो पहिया, चार पहिया वाहनों के धुंएं से मैं परेशान हो गया। मैंेने अपने मित्र से कहा कि भविष्य में जब कभी भी उप्र में भाजपा की सरकार बनी तो यहां ओवरब्रिज जरूर बनवाऊँगा। ईश्वर की कृपा से 1992 में भाजपा की सरकार बनी और मैं पीडब्ल्यूडी विभाग का मंत्री बना। मैंने अपनी प्राथमिकता पर सेतु निगम व अन्य संबंधित लोगों लगाया तो पता चला कि वहां पर पुल नौ साल से स्वीकृत है लेकिन स्थानीय व्यापारियों के विरोध के कारण नहीं बन पा रहा है। मुझे सभी स्तर पर मना किया गया। यहां तक माननीय श्री अटल बिहारी बाजपेयी जी ने भी मना किया कि इसे छोड़ों और काम करो। वे
प्रधानमंत्री के साथ लखनऊ के सांसद भी थे। मैंने प्रयास नहीं छोड़ा लोगों को समझाया और सफल हुआ। यही लखनऊ का पहला ऊपरगामी सेतु है। इसकी सराहना इसके लोकार्पण के समय अटलजी ने मुक्तकंठ से करते हुए मेरी पीठ ठोंकी थी।
सवाल: इसी 5 अगस्त को पं0 हरिशंकर तिवारी की 75वीं वर्षगांठ है, उनसे आपका परिचय कितना पुराना है, कुछ कहना चाहेंगेे?
जवाब: सबसे पहले उन्हें प्रणाम! ईश्वर उन्हें शतायु करे। हम पूर्वांचलवासी हैं तो स्वाभाविक परिचय यही है और काफी पहले से उनके बड़े पुत्र हमारे पास आते थे। पंडित जी जब भी मिर्जापुर आये मुझसे मिले बगैर नहीं लौटे। मैं पहली बार विधायक हुआ तो दारूलशफा में मुझे आवास मिला था। उन्होंने मुझे कहा चलिए यहां कहां रह रहे हैं, पार्क रोड पर रहिए, सब व्यवस्था हो जाएगी लेकिन मेरे क्षेत्र के लोगों की आसान पहुंच और भोजन आदि की सुलभता के बारे में उन्हें बताया और दारूलशफा में ही रहा। उनका स्नेह यथावत आज भी है।

अक्षरों के गाँव में आदमी का रोजनामचा

सच की जुबान काट लेने से सत्य गूंगा नहीं हो जाता। ईष्या की तलवारों से भी सच्चाई की हत्या नहीं की जा सकती। हां, लहूलुहान जरूर किया जा सकता है। बेशक यही किया गया। मैं एक बार फिर ‘प्रियंका’ के संरक्षक पं0 हरिशंकर तिवारी के 75 वर्ष की उम्र पूरी करने पर हकीकी अक्षरों का तोहफा भेंट करने की हिमाकत कर रहा हूँ। दरअसल पंडित जी ने सामाजिक, राजनैतिक संघर्षाें के अलावा हजारों बेरोजगारों को किसी न किसी रोजगार से जोड़ा है, जिससे उनके परिवार अमन चैन की जिंदगी बिता रहे हैं। भले ही आज वे उन्हें सम्मान देने से भी कतरा जाते हों। कईयों का तो मैं स्वयं पैरोकार रहा हूँ। कई दस-बीस साला ताजा करोड़पतियों की भी हकीकत से वाकिफ हूँ जो पंडित जी की पालकी ढोया करते थे। उन्होंने कई शिक्षा संस्थाएं खड़ी की है। जो समाज के लिए वरदान साबित हो रही हैं। भाग्य की विडंबना देखिए जिनके लिए संघर्ष किया, अपना भविष्य तक दांव पर लगाया वे ही बेगानों के नातेदार हो गये। उन्होंने स्वाभिमान, सम्मान की लड़ाई में, दीन-दुखी, पीडि़तों को इंसाफ दिलाने की लड़ाई में अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया। चुनाव हारना या हरवाना बड़ी बात नहीं, उन्हें इसकी परवाह भी नहीं, लेकिन मानवीय संवेदना को वोटों की गिनती के आंकड़ों में दफना देना क्या न्यायसंगत है? जो लोग उनके विरोध में हवा में अपनी मुट्ठी लहराते हैं, उनमें कई मेरे दफ्तर की सीढि़यां चढ़कर मुझसे फायदा लेने आये और लेकर गये। यहां लिखी जा रही लाइनों का आशय केवल इतना है कि लाभ भी लेंगे और फंुुफकारेंगे भी! इसी को और सहज, सरल भाषा में कहूँ तो कुछ भी बनाना (निर्माण करना) बेहद कठिन है और ध्वंस आसान।
वे आठ साल उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रहे। भीड़ ने उनके आवास से दफ्तर तक जाम लगा रक्खा था। जिन रिश्तों से कोई पहचान तक नहीं थी वे भी पंडित जी की चैखट चूमने लगे। इस बीच एक बार उनके पार्क रोड, लखनऊ के आवास पर उनके बुलावे पर गया था। उनके विशेष कक्ष में कई लोग बैठे थे उनमें पत्रकार भी थे, एक सजी-संवरी महिला भी थीं। धीरे-धीरे लोग चले गये। मैं और वह महिला रह गये। पंडित जी ने उस महिला की ओर सवालिया निगाहों से देखा। उसने अपने पूरे परिवार का परिचय देने के बाद अपने को पंडित जी की सलहज साबित किया। रिश्ता बेहद करीबी बताने के बाद अलग बात करने का आग्रह किया। पंडित जी बोले, ‘वर्मा जी, जरा आप बाहर बैठिये, अब सलहज हैं तो इनसे बात करनी ही होगी।’ दस मिनट बाद जब वो महिला चलीं गईं तो बोले, ‘बड़ा विशाल संसार है सबकी सुननी होगी।’ सच में वे सबकी सुनते हैं। मैं उनके साथ कभी भी, कहीं भी गया, ऐसा कोई स्थान नहीं मिला, जहां तिवारी जी न रूके हों और लोगों ने उन्हें घेर न लिया हो। वे सभी के आत्मीय हैं। जोर से बोलते शायद ही किसी ने सुना हो।
साधारण धोती-कुत्र्ता पहनने वाले बेहद शिष्ट आदमी से मेरा परिचय तीस-पैंतीस बरसों का है। इस बीच पूर्वांचल की माटी को सरमाथे लगाते आदमी के दर्द से परिचय प्राप्त करते लाखों-लाख बार देखा। जमीन पर पालथी मार कर साधारण पंगत में भोजन करते भी देखा। मंत्री होकर सरकारी अमले के रूआब में भी शालीन ‘हरिशंकर’ देखा। हालांकि जब तक वे मंत्री रहे, मैं उनसे दूरी बनाए रहा। मैंने कभी भी निजी या किसी के स्वार्थ से प्रेरित होकर उन पर दबाव डालने की कोशिश नहीं की, क्यांेंकि मैं जानता था लाभ और स्वार्थ का व्याकरण अत्यंत कठिन होता है। हालांकि उस दौर में मेरे कई अपने मुझसे नाराज हो गये, लेकिन मैं अक्षरों के गांव में, अखबार की छांव में मुफलिसी की चैपाल पर आदमी के रोजनामचे में उलक्षा रहा। मुझे अच्छी तरह याद है 2007 में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले 1 मार्च के ‘प्रियंका’ के मुख्यपृष्ठ पर ‘मुलायम की छुट्टी’ ओर ‘सन्यासी सरगना’ रपटें छापी थीं। उसमें लिखा गया अक्षरशः सच हुआ था। उस सच ने पंडित जी के विश्वास को ठेस पहुंचाई थी फिर भी चुनाव बाद सबसे पहले उन्होंने मुझे याद किया था और उस पर चर्चा भी की थी।
और अन्त में इतना ही कहुंगा पूर्वांचल के इस परशुराम के मन में बहुत कुछ करने की इच्छा है, लेकिन उनके अपने ही उनकी राह में रोड़ा है। यही वजह है कि पूर्वांचल विशेषतः गोरखपुर, बस्ती से पलायन, पराधीनता और पानी (बाढ़) का शाप नहीं हट पा रहा। मेरी बात कटु हो सकती है। लेकिन
जो बात धारदार है, वो रू-ब-रू कहो।
वरना बिखेर देंगे ये जालिम दुभाषिये।।
इन्हीं लाइनों के साथ श्रद्धेय पं0 हरिशंकर तिवारी जी को उनके 76वें जन्मदिवस व 75वीं वर्षगांठ पर प्रणाम!

Tuesday, December 2, 2014

विज्ञापनों में बेइमानी है पुरानी!

अखबारों में छपने वाले विज्ञापनों के बाजार में सरकारी तंत्र में और दलालों में करोड़ों-अरबों के घपले बरसों से लगातार जारी हैं। दो महीने पहले यूपीटीयू में विज्ञापन देने के नाम पर करोड़ों के घपले का खुलासा लखनऊ से छपने वाले एक हिन्दी दैनिक ने अपने अखबार के पन्नों पर किया था। उस घपले में एक विज्ञापन एजेंसी के साथ दो-तीन छोटे अखबारों के शामिल होने का खुलासा किया गया था। यह नाम खासतौर पर बाक्स में छापे गये थे। खबर दो दिन छपी। इसके बाद जांच के नाम पर सब कुछ शान्त हो गया। दरअसल विज्ञापन के क्षेत्र में बड़े-बड़े चोर दरवाजे हैं और शातिरों के अपने करतब/लखनऊ की कई विज्ञापन एजेंसियों के दफ्तर सूरज ढलने के साथ ही ‘बाॅर’ मंे बदल जाते हैं और देर रात तक ‘जाम’ के साथ ‘जाॅन’ तक छलकते रहते हैं। इन महफिलों में सरकार के बड़े ओहदेदार, एजेंसी के मालिकान/ अधिकारी, अखबार के अधिकारी कभी भी देखे जा सकते हैं।
‘प्रियंका’ ने 1986 के कई अंकों में उप्र राज्य लाॅटरी में हो रहे घपलों में विज्ञापनों के खेल को कई अंकों में उजागर किया था। उस समय ‘पीएसी’ के नाम से मशहूर विज्ञापन कंपनी लाॅटरी निदेशालय से लेकर लगभग प्रदेश के हर विभाग में काबिज थी। खुलासा होने के बाद ‘प्रियंका’ को खरीदने में नाकाम रहने पर विज्ञापन एजेंसी के मालिक की धमकियां, हाथापाई फिर तत्कालीन लाॅटरी निदेशक द्वारा मुकदमा दायर करना। इसमें भी मनचाही सफलता न मिलने पर नौकरशाही व न्यायिक कर्मियों के षड़यंत्र से संपादक को एक दिन के लिए जेल भेज देने का कृत्य किया गया। जब अपने फंसने और जेल जाने की बारी आई तो लखनऊ के तत्कालीन जिलाधिकारी के हस्तक्षेप और ‘प्रियंका’ के संरक्षक व शुभचिंतकों के माध्यम से 9 साल चले मुकदमें में निदेशक द्वारा खेद जताकर न्यायालय में क्षमा याचना कर समझौता कर लिया गया। आज भी उसी विज्ञापन एजेंसी के वारिस बेखौफ उसी राह पर बढ़ रहे हैं। हाल ही में हुए लोकसभा चुनावों में भाजपा ने उसे तमाम छोटे-बड़े अखबारों में अपने प्रचार का विज्ञापन छपाने का ठेका दिया था। एजेंसी ने खुले हाथों छपवाया भी लेकिन भुगतान के समय असल भुगतान से 50-60 फीसदी तक कटौती कर के छोटे-मंझोले पत्र-पत्रिकाओं को भुगतान किया।
विज्ञापनों के खेल में सूचना विभाग के कारिन्दों का अपना अलग गिरोह है। इसमें विज्ञापन एजेंसियां, अखबार/पत्रिकाओं के मालिकान/अधिकारी पूरी तरह भागीदारी निभाते हैं। टेण्डरों से लेकर सजावटी विज्ञापनों में विज्ञापन दर, आकार व किस अखबार में कौन सा टेण्डर छपेगा तक का खेल बड़े ही सुनियोजित ढंग से चलता आ रहा है। इसी तरह अखबरों के साथ लेन-देन का धंधा जारी है। छोटे-मंझोले अखबारों को जानबूझकर बदनाम किया जाता है जबकि खेल तो बड़े-बड़ों में हो रहे हैं। सूचीबद्धता जैसे नियमों ने विज्ञापन मान्यता समिति का नाम ही दफना दिया।
विज्ञापन के बजट का खेल आंकडों में इस कदर उलझा दिया जाता है कि उसके लिए काबिल सीए को भी अपना सिर पीट लेने के बाद भी नतीजा निकालना आसान नहीं होगा। इसी तरह कामर्शियल दरों पर दिये जाने वाले विज्ञापनों का अपना अलग जाल-बट्टा है। यह सब बरसों से चल रहा हैं जिसने इसके मुखालिफ आवाज उठाई उसके विरोध में चन्द अखबारवालों का समूह, सूचना विभाग के बेईमान और विज्ञापन एजेंसियां सक्रिय हो जाते हैं। यह एक गंभीर जांच का विषय है, लेकिन कौन करेगा जांच?

नये दौर का नया आन्दोलन ‘अखबार मेला’

छोटे-मंझोले अखबारों/पत्रिकाओं के सामने आज के लक-दक बाजार की रंगीनियों में हर पल कुछ नये की तलाश में भटकते पाठकों के बीच अपने वजूद को बनाए रखने की सबसे बड़ी चुनौती है। 70-80 करोड़ हिंदी पढ़ने-समझने वाले हिन्दुस्तानी छोटे-मंझोले पत्र/पत्रिकाओं से कैसे जुड़ें? कैस दिली नातेदारी कायम कर सकें? इस पर बातें तो बहुत होती हैं। इनके तमाम संगठन भी सक्रिय हैं। लघु पत्रिका दिवस तक मनाया जाता है, मगर उसमें केवल साहित्यिक पत्रिकाओं की ही भागीदारी होती है। साप्ताहिक/पाक्षिक अखबारों और राजनैतिक, सामाजिक पत्रिकाओं का ऐसा कोई मंच नहीं है, जहां से वे अपना परिचय पाठकों के एक बड़े समुदाय से करा सकें। उन्हें अपनी सचबयानी और आदमी की पीड़ा से कराहते समाचारों-विचारों को पढ़वा सके। न ही कोई अखबार बेचनेवाले या वितरकों को कोई दिलचस्पी है और न ही बचे-खुचे पुस्तकालयों को। ऐसे में इन अखबारों/पत्रिकाओं को अपना दायरा बढ़ाने के लिए गम्भीरता से सोंचना होगा। बाजारीकरण, सरकारी उपेक्षात्मक नीतियों, विज्ञापनदाताओं की बेरूखी और अपनी ही बिरादरी के बेगैरतों के थोथे आरोपों की शाक्तियों को दर किनार कर पाठकों तक छोटे-मंझोले अखबारों/पत्रिकाओं की पहुंच कैसे आसान बनाई जा सकती है? खासकर तब जब बड़े अखबार 16-24 रंगीन पन्नों में पूरी दुनिया की नंगई और नेताओं की दबंगई, थियेटर, माॅल और बड़े वितरकों के जरिए बेचने पर बजिद हों। आज हर बड़े अखबार ने तहसील/ब्लाक स्तर पर अपने भव्य कार्यालय बना लिए हैं और उनके जरिए विज्ञापनों, पाठकों पर पूरी तरह काबिज होने का षड़यंत्र जारी है। इसमें उनका भरपूर सहयोग बड़ा कहा जाने वाला महाजनी समाज और सरकारी तंत्र पूरे मनोयोग से कर रहा है। जाने-अन्जाने मध्यम वर्ग व पेट की आग में झुलस रहा गरीब तबका भी शामिल है, व्यावसायिकता का तकाजा भी शायद यही है। छोटे-मंझोले अखबारों को ऐसे हालातों में विज्ञापन जुटाने, पाठक बनाने में बड़े परिश्रम के बाद भी कुछ खास हासिल नहीं होता। नतीजा यह होता है कि अखबार/पत्रिका अनियमित छपते हैं या असमय बंद हो जाते हैं। इसके जिम्मेदार सरकारी तंत्र, विज्ञापनदाताओं और पाठकों से अधिक पत्र/पत्रिकाओं के सम्पादक/प्रकाशक होते हैं। वे विज्ञापनों को हासिल करने के लिए हर जतन करते हैं। सरकारी कारिन्दों की परिक्रमा से लेकर राजनेताओं के यहाँ माथा टेकने व राजनैतिक दल विशेष, सत्तादल के गुणगान तक के पराक्रम में अपनी भरपूर ऊर्जा लगाते हैं। यहां तक जबरन उगाही तक के मामलों में फंसा दिये जाते हैं या फंस जाते हैं। विज्ञापन हासिल करने का यह चक्रव्यूह इतना गजब का है कि इसके भीतर धंसते जाने का लोभ न अभिमन्यु रहने देता है और न ही जयद्रथ। फिर होता वही है जो महाभारत के दोनों योद्धाओं का हश्र हुआ था। अपवाद छोड़ दें तो अधिकांश पत्र/पत्रिकाएं केवल सांस लेते भर रह जाते हैं। ऐसे हालातों में अखबार/पत्रिका के पन्नों पर पढ़ने लायक सामग्री नहीं छप पाती। कई बार तो हालात इतने हास्यास्पद होते हैं कि विदेशों की खबरें निजी संवाददाता के हवाले से छपी दिखाई दे जाती हैं। मजे की बात है कि अखबार/पत्रिका जिस इलाके से छप रहे होते हैं वहां की खबरें उसके पन्नों पर होती ही नहीं या न के बराबर होती हैं। बड़े अखबारों की तर्ज पर या नकल पर बड़ी खबरें या बड़ों की चिंता में दुबला होने वाली खबरें छपी होती हैं, जिन्हें पहले से ही कई-कई बार टेलीविजन के पर्दे पर देखा और बड़े दैनिक पत्रों में पढ़ा जा चुका होता है। इसके अलावा छपाई, भाषा की अशुद्धियां, कागज और पढ़े जाने लायक गम्भीर सामग्री या खबरों का लगभग अभाव होता है। इसके बाद इंटरनेट या टीवी चैनलों पर आरोप लगाना कि उनके आने से छोटे-मंझोले अखबारों/ पत्रिकाओं के पाठकों को घटाया है, कहां तक तर्कसंगत हैं?
बेशक छोटे-मंझोले पत्र/ पत्रिकाओं के आंदोलन का वह दौर अंग्रेजों के साथ चला गया जब संपादकों को बतौर पारिश्रमिक दो सूखी रोटियां, एक गिलास पानी और उम्र भर के लिए काला पानी का दण्ड मिलता था, फिर भी संपादकों की कतार मौजूद रहती। आज समय बदल गया है, जगर-मगर करते मोबाइल फोन के छोटे पर्दे पर हर जरूरत पूरी करने की क्षमता है। शेयर मार्केट के उतार-चढ़ाव से लेकर
प्रधानमंत्री के हर पल की खबर तक फेसबुक, ट्विटर पर मौजूद हैं, लेकिन लौकी बेचने वाले की घटतौली, परचूनिये की हेरा-फेरी, दरोगा जी की उगाही, मोहल्ले की दादागीरी, शहर-कस्बे-गांव के मेले, पर्व और ठगी के साथ कलेक्टर, पुलिस कप्तान के कामों में आनेवाली दिक्कतें, बिजली, पानी, अस्पताल, सड़क, पुलिया, बेवा-बुढि़या, बन्दर, कुत्ता, सांड़, शोहदे, सफाई के कष्ट जैसी हजारों खबरें हमारे आस-पास हैं। इन्हंें छापने की जरूरत है और आदमी से नातेदारी बनाने की ओर कदम बढ़ाने से शादी डाॅटकाम से लेकर मेटरीमोनियल काॅलमों पर हल्ला बोलने की जरूरत है। एक बार फिर से लघु-मध्यम पत्रों के आन्दोलन को धार देकर प्रधानमंत्री के ‘मेक इन इंडिया’ से जोड़ कर शुरूआत करने जरूरत है। लालू यादव के कुम्हार को रोजी देने की तर्ज पर मोहल्ले की खबरें देने की जरूरत है। महात्मा गांधी के ‘इंडियन ओपीनियन’ या ‘हरिजन’ की तरह अपने ही जिले की पीड़ा, पर्व और प्रेम को अखबार/पत्रिका के पन्नों पर छापकर स्वस्थ और स्वच्छ शहर-कस्बा और जिला बनाने के आन्दोलन से पाठकों, विज्ञापनदाताओं और वितरकों को जोड़ा जा सकता है। इसी सोंच के साथ ‘अखबार मेला’ लखनऊ में लगाया जा रहा है। मेला महज चाय समोसे के साथ ताली बजाने के लिए नहीं वरन् नये दौर में नये आन्दोलन का शंखनाद है।