Tuesday, December 2, 2014

अख़बार मेला सफल

मोबाइल फोन की घंटी बजती है......... स्क्रीन पर 919415081581 नंबर उभरता है.... घंटी लगातार बजती जा रही है। अन्जाना नम्बर था... उठाया... जवाब में उधर से बधाई हो, मैं राजस्थान के लांडनूं से बोल रहा हूँ... ‘अखबार मेला’ की सफलता पर बधाई स्वीकारें। मैं और सुमित्रा जी आना चाहते थे, लेकिन पारिवारिक कारणों से नहीं आ सके। ‘कलम कला’ अखबार मे ंखबर भी छापी है।’ ऐसे ही इन्दौर, भोपाल, मुंबई, अहमदाबाद, गांधीधाम, तिरूवनन्तपुरम् (केरल), मोहाली (पंजाब), नागपुर और उत्तर प्रदेश के कई जिलों से मेले में न पहुंच पाने के मलाल..... मुआफी के साथ बधाइयों के फोन आते रहे। अभी भी आ रहे हैं। और तो और केरल से मलयालम भाषा व हिन्दी की पत्रिकाएं व कुछ किताबें मेला समाप्ति के सप्ताह भर बाद तक आईं।
‘अखबार मेला’ देखने-जानने की ललक देशभर के अखबारवालों में जहंा थी, वहां विधानसभा मार्ग से गुजरने वाले पाठकों में भी खासी थी। मेला शाम पांच बजे जबरन बंद कराया गया। जबरन इसलिए कि पाठकों के आकर्षण में पुराने समाचार-पत्रों के साथ नये पत्र-पत्रिकाओं में रमा रूझान अंधेरे की आमद को भी नकार रहा था।
गौरतलब है ‘अखबार मेला’ आयोजन बगैर किसी सरकारी सहयोग के दशे में पहली बार लखनऊ में लगाया गया था जो बेहद सफल रहा। उससे भी अधिक आश्चर्यजनक था कि मेले में प्रदेश सरकार के कोई मंत्री या मुख्यमंत्री भी नहीं आये थे। उसी दिन लखनऊ मेें राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर कई कार्यक्रम पत्रकार संगठनों द्वारा आयोजित किये गये थे। एक पत्रकार संगठन का राष्ट्रीय अधिवेशन भी था, बावजूद इसके मेले में दिन भर भारी भीड़ बनी रही। जिले से आये पत्रकारों में कुछ कवि मन कविताओं के जरिए मेले का गुणगान करते रहे। अजब उत्साह, गजब ऊर्जा से भरपूर पत्रकारों-पाठकों के संगम का नजारा पहली बार सूबे की राजधानी के राजपथ पर देखने को मिला।
‘अखबार मेला’ में पं0 हरिशंकर तिवारी के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पं0 मार्कण्डेय तिवारी, राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय सचिव अनिल दुबे ने दोपहर में शिकरत कर पत्र-पत्रिकाओं का अवलोकन किया। श्री मार्कण्डेय तिवारी ने सोनभद्र से प्रकाशित पत्रिका ‘वाह क्या बात है’ को जारी भी किया। मेला स्टाल पर ‘प्रियंका’ के अंकों को सराहना मिली तो ‘रेड फाइल’ के अंक पलटे गये। ‘दिव्यता’, ‘पूर्वा स्टार’, ‘माया अवध’ व ‘केरल ज्योति’ की प्रतियों में लोगों की दिलचस्पी दिखी।
‘अखबार मेला’ के पूरी तरह सफल होन पर कई पत्रकार संगठनों ने हैरत के साथ अपनी बधाईयां भेजी हैं। इसके साथ ही उत्साहित भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक ने 30 दिसम्बर को इलाहाबाद में संगम किनारे ‘अखबार मेला’ लगाने की घोषणा की तो सोनभद्र के मिथिलेश द्विवेदी व राजेश द्विवेदी ने सोनभद्र में 17 जनवरी 2015 को ‘अखबार मेला’ के आयोजन का ऐलान किया। बहरहाल अक्षरों के आन्दोलन का प्रथम चरण पूरी तरह सफल रहा।

ताली बजाऊ तमाशा नहीं है ‘अख़बार मेला’

‘अख़बार मेला’ की अभूतपूर्व सफलता के बाद छोटे-मंझोले पत्र-पत्रिकाओं के पत्रकारों को
धन्यवाद देते हुए, बधाई देते हुए राम प्रकाश वरमा ने कहा, ‘मेला आप सबके प्रयासों से सफल हुआ, लेकिन अभी भी कई लोगों के मन में मलाल है कि मंच नहीं था, हाल में आयोजन नहीं था। मेला और भव्य हो सकता था। इसे प्रेस क्लब में आयोजित किया जा सकता था। ऐसी ही कई बातें उठीं। मैंने पहले ही साफ कर दिया था कि मेले में कोई मंच नहीं होगा, कोई वीआईपी मुख्य अतिथि नहीं है और मेला किसी हाल में नहीं होगा। भव्यता से अधिक पाठकों की भागीदारी की आवश्यकता थी, जो भरपूर मिली। यही कारण था कि मेला समाप्ति के पूर्व लखनऊ से छपनेवाले कई प्रतिष्ठित दैनिक समाचार-पत्रों ने अपनी प्रतियां मेला स्टाल पर खड़े पाठकों/पत्रकारों को वितरित की। हाल में पाठकों की पहुंच न के बराबर हो पाती और सड़क पर जो दृश्य था वो सबने देखा। रहा प्रेस क्लब में आयोजन करना सो वहां का बखान करने से अच्छा होगा कि हम आगे की बातें करें।’
बात को आगे बढ़ाते हुए वरमा जी ने कहा, ‘अख़बार मेला’ पाठकों, विज्ञापनदाताओं और अख़बारों/ पत्रिकाओं के बीच नये रिश्ते बनाने की ओर पहला कदम है। जो बेहद सफल रहा। लोगों ने बड़े ही उत्साह से पत्रिकाएं/अख़बार देखे, उन्हंे खरीदने की पेशकश की और जब निराशा हाथ लगी। तो कोई पत्र/पत्रिकाएं चुपके से उठा ले गये। यही मेले की सबसे बड़ी सफलता है। ठेके के मंच  और किराये के हाल में पत्रकार संगठनों के
अधिवेशन होते हैं, सांठ-गांठ वाले सम्मान समरोह या ताली बजाऊ नपंुसक तमाशे। उनकी सार्थकता पर दसियों सवाल भी खड़े होते हैं। छोटो-मंझोले पत्र-पत्रिकाओं के प्रति समाज में भ्रम की स्थिति है, उन्हें बदनाम करने के तमाम जतन किये जाते हैं। इसी भ्रम को दूर करने और सच को सामने लाने का प्रयास है ‘अख़बार मेला’।’ ‘अख़बार मेला’ की सफलता पर मिल रही बधाइयों के बीच ‘प्रियंका’ सम्पादक ने बताया कि 2015 में भी इसी जगह पर मेले का आयोजन इससे बड़ा होगा। कई नवीनताएं भी होंगी। एक पत्रकार को सम्मनित भी किया जाएगा। यह सम्मान हिन्दी के पितामह आचार्य पं0 दुलारे लाल भार्गव के नाम से होगा। पत्र-पत्रिकाओं के विमोचन को भी प्रमुखता दी जाएगी। मेले में देश के कई हिस्सों से छपने वाले पत्र-पत्रिकाएं दिखेंगे साथ ही उनके संपादकों/प्रकाशकों व अन्य भाषाई पत्रकारों को भी आमंत्रित किया जायेगा। ‘अख़बार मेला-2015’ का मुख्य अतिथि भी कोई वीआईपी नहीं होगा और कोई मंच भी नहीं होगा। हामरे पुरखों के द्वारा छापे गये पत्र/पत्रिकाओं की प्रदर्शनी अलग से लगाई जायेगी। जिलों से छपने वाले पत्रों और उनके पत्रकारों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किये जायेंगे। ‘अख़बार मेले’ में आप आये धन्यवाद। आप किन्हीं कारणों से नहीं आ सके तो 2015 के मेले में आने की अभी से तैयारी कीजिए और अंत में इतना अवश्य कहुंगा कि हर आयोजन की शुरूआत में कमियां रह जाती हैं, गलितयां हो जाती हैं, अन्जाने में अपनों का अपमान हो जाता है, ऐसी किसी भी परिस्थिति का सामना करने वालों से मैं माफी चाहुंगा और चाहुंगा कि वे अपने सुझाव अवश्य दें जिससे मेला और अधिक सफल हो सके।

आधी बीबी से बलात्कार!

डाॅक्टर ने शादी का झांसा देकर छात्रा से रेप किया.... युवक ने तीन साल तक यौन शोषण किया या शादी का वायदे के साथ दो साल साथ रहने के दौरान यौन शोषण। उसके बाद बलात्कार का मुकदमा लिखाया। ऐसी तमाम खबरे रोज अखबार की सुर्खियां बन रही हैं। इन खबरों के पीछे की हकीकत क्या है? इसकी तहकीकात कौन करेगा? उससे भी बड़ा सवाल है कि एक ही पक्ष अपराधी कैसे हो सकता है? जबकि दोनों पक्ष लगातार उसी अपराध में लिप्त रहते हैं और आपस में विवाद होने पर एक पक्ष धोखा और बलात्कार का आरोप जड़कर दूसरे पक्ष को अपराधी बना देता है। मजे की बात कानून की अपनी धाराएं हैं उनमें मुकदमें दर्ज हो जाते हैं। लेकिन सामाजिक मान्यताओं और मूल्यों को धता बताने वाले दोनों पक्षों को जिम्मेदार क्यों नहीं माना जाता? ताजी एक खबर के अनुसार बरेली की रहने वाली 28 साला युवती का मोबाइल पर प्यार हुआ, रेस्त्रां में परवान चढ़ा और हास्टल के कमरे में आठ-दस महीने पहले यौन
संबंध बने, फिर लगातार यौन संबंध जारी रहे। इस बीच शादी के लिए मामला वायदों के बीच लटका रहा। लड़की यहां मडि़यांव में किराए के मकान में अपने परिवार से दूर अकेली रहती है।
आरोपी पेशे से डाॅक्टर है। उस पर लड़की व उसके परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के लिए करोड़ों का दहेज मांगा उससे पहले लगातार उससे दुराचार करता रहा। लड़की कानून की स्नातक है, प्रतियोगी परीक्षा की तैयार कर रही है। सीधी सी बात है लड़की कानून जानती है। ऐसे में क्या इन संबंधों में भावनात्मकता और विवाद का उलझाव नहीं है? यदि है तो दुराचार का अरोप क्यों? रहा दहेज या अश्लील फोटो/मैसेज भेजने का आरोप तो वह अदालत में सुबूत दिये ही जायेंगे लेकिन यह मामला सीधे-सीधे प्रेम-प्यार फिर इन्कार का नहीं है? देश में ऐसे सैकड़ों बल्कि करोड़ों बलात्कार के मुकदमें अदालतों में लंबित हैं, जिनमें लड़कियां सालों लिव-इन-रिलेशन में रहीं, बाद में विवाद होने पर बलात्कार का मुकदमा दर्ज करा चुकी हैं। ऐसे ही एक मामले पर शिवसेना अध्यक्ष उद्वव ठाकरे की टिप्पणी आई थी, ‘बलात्कार के आरोप लगाना फैशन हो गया है।’ सवाल फैशन से कहीं बड़ा है।
पढ़ी-लिखी या पढ़-लिख रहीं लड़कियों के लिए ‘ब्वाय फ्रंेड’ प्रतिष्ठा (स्टेटस सिंबल) बन गया है।
राजधानी के किसी भी कोचिंग या कालेज जिसमें लड़के/लड़कियां साथ पढ़ते हों के आस-पास का माहौल देख लीजिए। वहां साइबर कैफे, रेस्त्रां, चाऊमीन-कबाब के ठेले, मोबाइल/सीडीशाप खासी तादाद में दिख जाएंगे। इसी के आस-पास खुली सड़क पर लड़कियों/लड़कों की बेहूदा हरकतों का प्रदर्शन आम राहगीर रोज देखते हैं। कई बार उनके पड़ोसी की लड़की उनमें शामिल होती है, लेकिन वे उसे या उन लड़कियों/लड़कों को टोक नहीं सकते। इसे बदलाव नहीं कहा जा सकता। न ही यह आधुनिकता के खाते में डाला जा सकता है। और न ही इसे पितृसत्तात्मक समाज से बगावत की झंडाबरदारी कहा जा सकता है। यह बाजार का षड़यंत्र है जिसे राजनीतिक और सामाजिक साझेदारी हासिल है।
सवाल यह है कि सालों तक यौन शोषण बिना सहमति, बिना अपेक्षा, बिना लोभ या बगैर आनंद के कैसे संभव है? उससे भी बड़ा सवाल ऐसे बलात्कार के मुकदमें पुलिस/ अदालतों का समय व पैसा नही ंखराब करतीं? जबकि उच्चतम न्यायालय ने भी सहमति से दो वयस्कों द्वारा बनाए गये शारीरिक संबंधों को बलात्कार नहीं माना है। क्या इस तरह के बढ़ते मामलों को सामजशास्त्रियों को नजर अंदाज करना चाहिए? यहां एक बात गौर करने लायक है कि जब सालों तक यौन शोषण या यौनाचार कर्म में लड़की/लड़का लिप्त रहे, तो लड़की ‘आधी पत्नी’ का दर्जा हासिल नहीं किये रही? फिर ‘आधी पत्नी’ से बलात्कार का मुकदमा? कानून में तो पत्नी से भी बलात्कार अपराध है लेकिन उनके कितने मुकदमें आते हैं? समस्या गंभीर है। समाज को ही इसका हल खोजना होगा।

अक्षरों का गुस्सा नहीं... सचबयानी है....

भारतीय मीडिया के आलीशान दफ्तरों की जगमगाती दीवारांे पर शुभ-लाभ लिखकर उसके सामने कीमती लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां सजाकर उन्हें प्रणाम करने का चलन आम है। माता सरस्वती, गांधी, पराड़कर, गणेश शंकर विद्यार्थी, आचार्य महावीर प्रसाद द्विवेदी जैसों के चित्र खास-खास मौकों के लिए ‘मोर्ग’ (अख़बार के स्टोर) में बंद कर रखे जाते हैं। हिंदी पत्रकारिता के मंगल नक्षत्र आचार्य दुलारे लाल भार्गव व आर0के0 करंजिया का नाम भी बाजारवाद की कोख से जन्मा नवमीडिया नहीं ही जानता होगा। इसी मीडिया उद्योग की काॅलोनी में सम्पादक/महाप्रबन्धक की नाम पट्टिका कमाऊपूत के नाम से कुख्यात है। इन्हीं कुख्यातों की साजिश ने भारतीय राजनीति, आस्था, आध्यात्म, सामाजी ताने-बाने, रिश्तों के मूल्य, आदमी की पीड़ा के सरोकार को झूठ के चैराहे पर खड़ा कर दिया है। इसी चैराहे पर अपराध के आतंक, महिलाओं की नाप जोख, महाजनों की लूट-खसोट, खून और खुराक के रोने पीटने के साथ नव खबरचियों का बेसुरा हल्ला-गुल्ला बेढंगा जाम लगाए है।
वक्त आ गया है कि हर छोटा-मंझोला अख़बार/पत्रिका खुल्लमखुल्ला आदमी की पीड़ा उजागर करना और अपने आस-पास टहलते झूठ का खुलासा करना शुरू कर दे। हर पत्रकार गांधी, गणेश के सच का प्रचार करने पर लग जाये, क्योंकि अब हमारे सामने सिर्फ दो ही रास्ते हैं। सामने फैला जगमगाता बाजार या निश्चल मौत। दोनों में से एक को चुनना ही होगा। उससे पहले दोनों को समझना भी होगा। विज्ञापनों पर, पाठकों के दिलो-दिमाग पर रंग-बिरंगे अखबारों वाले बड़े घरानों के अलावा नए उग आए कुबेरों का कब्जा बेहद मजबूत है। इनके साथ सरकारी तंत्र भी अपना दोजख भरने की जल्दी में है। दोनों कुनबों के किस्से मुलाहिजा हों।
‘अख़बार मेला’ के मौके पर आपके अख़बार ‘प्रियंका’ का विशेषांक छापा जा रहा था। पांच-सात हजार करोड़ का व्यापार करनेवाले बिल्डर्स से एक रंगीन विज्ञापन की मांग की गई। सीधे फोन पर जवाब मिला, ‘हम पर बेहद दबाव होता है सभी के लिए कुछ न कुछ करना पड़ता है। हमने आपको हर साल एक विज्ञापन देने का अपना वायदा हमेशा निभाया है। अब मजबूर न करें।’ इसी कंपनी के रंगीन विज्ञापन बड़े अखबारों में आये दिन छपते रहते हैं। करोड़ों रूपया फिजूलखर्ची में भी उड़ता है, लेकिन आपके अखबार को टरका दिया गया। इसी तरह एक करोड़ से लेकर चार-पांच सौ करोड़ के व्यापार करनेवालों ने हमारा फोन उठाना बंद कर दिया या हजार-पांच सौ का विज्ञापन देने की पेशकश की। सरकारी तंत्र का हाल पहले से ही बेहाल है। एक सरकारी विभाग में तैनात एक उच्च अधिकारी ने हमारा फोन लगातार काटा तो मैं खुद जा धमका उनके  दफ्तर, वे अपना दफ्तर छोड़कर पीछे से निकल गये शायद सीसी टीवी कैमरे में उन्होंने मुझे देख लिया था। ऐसे ही सूचना निदेशक से मुलाकात में उन्होंने आश्वासन दिया और विज्ञापन मांग-पत्र पर अपने नीचे वालों को लिखा, लेकिन वहां किसी नये शासनादेश का रोना, फिर सीए प्रसार, व आरएनआई प्रमाण-पत्र की मांग उसके बाद फाइल चलने लगी अभी तक चल रही है। कब तक चलेगी? विभागीय बेईमान जाने। यह आरोप नहीं सच्चाई है और गहरी जांच का विषय है। और यह विज्ञापन न मिलने पर खिसियाहट मिटाते हुए अक्षरों का गुस्सा भी नहीं है, बल्कि बाजार और सरकार की हकीकत है। हमें इसे बड़ी गम्भीरता से ईमानदारी से समझना होगा। दरअसल हमारी पहचान पाठकों से सीमित संख्या में है या सीमित क्षेत्र में है। वह भी सीरिया, अमेरिका, पाकिस्तान या मोदी सरकार की चिंता से ग्रस्त छपे पन्नों से है। हम अपने आस-पास से बेखबर रहते हैं। हमारे अख़बार हरहू-निरहू-घुरहू के लगातार शराब खाने जाकर बर्बाद होने को नजर-अंदाज कर जाते हैं। शराबखाने की बदगुमानियों को खबर नहीं बनाते। मोहल्ले में, गली में शोहदे अच्छी खासी भली लड़की को इलाके की कीमती औरत बना डालते हंै। हम अपने अख़बार में उस घटना को सुर्खियों में नहीं ला पाते। दरोगा, सफाईकर्मी, दूधवाले, छुट्टा जानवर, गंदगी, पानी, बनिया कोई भी हमारे अख़बार में जगह नहीं पाता। हम सिर्फ विज्ञापनों के पीछे भागते हैं। हमारी शोहरत विज्ञापन मांगने वाले भिखारियों मंे शुमार है।
‘अख़बार मेला’ आयोजन के दौरान मेरी मुलाकातें हर तबके के लोगों से हुईं। अधिकतर लोगों ने ‘प्रियंका’ देखे बगैर ही कह दिया अच्छा वो छोटे पन्नोंवाला या फाइल काॅपी छापने वाला या फिर वो तो सरकारी विज्ञापनों के लिए छपते हैं। शर्मिन्दगी भी हुई और अपनी असलियत से सामना भी हुआ। सच कहूं तो हमारे बीच भी कलम से महरूम, खबर के व्याकरण से अपरिचित, अक्षरों के जोड़-घटाने से अंजान और आसुरी शक्तियों की घुसपैठ हो गई है। इन्हें आदमियत की,मानवीयता की पीड़ाओं से और बाजार में युद्धरत कौरवों से परिचित कराना होगा। इसी परिचय के परचम का नाम है, ‘अख़बार मेला’। यह कोई संगठन नहीं है वरन् पाठकों के बीच अपनी पहुंच बनाने का साधन है। हमारा मानना है, इसे हर जिले में, हर मण्डल में सक्षम अख़बार आयोजित करे तो झूठ का संहार किया जा सकता है। फिर पत्रकार तो भरोसे की सीटी बजाने वाला चैकीदार है। हमें पूरी ईमानदारी से चैकीदारी करते हुए पाठकों के बीच भरोसा कायम करना होगा। पहचान बनानी होगी। भिखारियों के मोहल्ले से बाहर आना होगा। वरना... मौत... निश्चित है।

Saturday, September 20, 2014

akhbarmela

अखबारमेला लखनऊ में नवंबर के दूसरे सप्ताह में विधानसभा मार्ग पर हो रहा है ,सभी से अ नुरोध है कि अपने अख़बार के अंक प्रदर्शनी में रखने के लिए भेजे। संपर्क करे : 09839191977 या ईमेल editor.priyanka@gmail.com पर। मेले में छोटे ,मंझोले अखबारों \पत्रिकाओं वा उनके संपादकों का पहला समागम है ,मुफ्त प्रवेश ले धन्यवाद।
राम प्रकाश वरमा
संपादक
प्रियंका हिंदी पंद्रह रोजा
लखनऊ