Saturday, September 20, 2014

akhbarmela

अखबारमेला लखनऊ में नवंबर के दूसरे सप्ताह में विधानसभा मार्ग पर हो रहा है ,सभी से अ नुरोध है कि अपने अख़बार के अंक प्रदर्शनी में रखने के लिए भेजे। संपर्क करे : 09839191977 या ईमेल editor.priyanka@gmail.com पर। मेले में छोटे ,मंझोले अखबारों \पत्रिकाओं वा उनके संपादकों का पहला समागम है ,मुफ्त प्रवेश ले धन्यवाद।
राम प्रकाश वरमा
संपादक
प्रियंका हिंदी पंद्रह रोजा
लखनऊ    

Monday, June 23, 2014

बलात्कारी मध्य प्रदेश

सरकारी आंकड़े तो यही बताते हैं कि देशभर में हो रहे बलात्कारों के अपराधों में मध्य प्रदेश अव्वल है। भले ही राजनीति के मुहल्ले में झूठ का भोंपू उप्र सरकार को बदनाम करने के लिए लगातार चीख रहा हो। सियासी झूठ के सुर में सुर मिलाकर ‘मीडिया’ भी भयादोहन के शातिराना खेल में शामिल दिखाई देता है। शायद यही वजह है कि नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो के पिछले आठ साल के आंकड़ों को दरकिनार किया जा रहा है। इन आंकड़ों में 2004 से 2012 तक लगातार बलात्कार के अपराधों में मध्यप्रदेश नंबर एक पर दर्ज है। यहाँ बताते चलें कि मध्य प्रदेश में पिछले दस सालों से भाजपा सरकार राज कर रही है और मुख्यमंत्री है लड़कियों के ‘मामा’ के नाम से ख्यातिप्राप्त शिवराज सिंह चैहान।
    उप्र के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने जून के पहले हफ्ते में अपनी प्रेसवार्ता के दौरान कहा था, ‘प्रदेश मंे कोई भी घटना होती है तो उसका प्रचार ज्यादा होता है। सभी प्रदेशों में घटनाएं होती हैं लेकिन उनका उतना प्रचार नहीं होता। जबकि बदायूं कांड में सरकार ने कड़ी कार्यवाही की। हर मामले में कड़ा कदम उठाया। उस समय पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने कहा था कि मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख बचकानी बातें बंद करें। अखबार और टीवी भी कुछ इसी अंदाज में हलक फाड़ते रहे, जबकि बदायूं कांड के साथ ही राजस्थान में भी इसी तरह की वारदात घटी थी लेकिन उसे देश क्या समूचा राजस्थान भी नहीं जान पाया?
    नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरों के अनुसार साल 2004 में बलात्कार की घटनाएं मध्य प्रदेश में 2875 तो 2012 में बढ़कर 3425, वहीं 2004 में उप्र. में 1394, 2012 में 1963 हुईं। साल 2003 से लेकर 2007 तक बलात्कार मामलों में दूसरे नंबर पर बंगाल और तीसरे नंबर पर उप्र था। यही हालात कमोबेश आज भी हैं। 2012 में राजस्थान 2049 वारदातों के साथ दूसरे नंबर पर था, तो बंगाल 2046 के आंकड़े पर व उप्र 1963 वारदातों के साथ चैथे नंबर पर था। यही नहीं नाबलिंग बच्चियांे से दुष्कर्म के अपराधों में भी वर्ष 2012 में
मध्य प्रदेश 1632 घटनाओं के साथ पहले नंबर पर था, जबकि उप्र में 1040 घटनाऐं हीं थीं। गो कि पिछले आठ सालों के आंकड़े गवाह हैं मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार बलात्कार की घटनाओं को रोकने में नाकाम रही है। उसकी नाकामयाबी पर पर्दा डालने के अपराध का दोषी भाजपा के साथ-साथ मीडिया को भी नहीं माना जाना चाहिए? अच्छे दिन आने वाले हैं का नारा बुलंद करने वाले क्या मध्य प्रदेश की महिलाओं के बुरे दिनांे के लिए कुछ करेंगे?   और देशभर से बोले जा रहे झूठ पर माफी मांगेगे।

Monday, March 31, 2014

शिंगार बिंदी बेचती हैं सीता!

मंुबई। सीता के लापता हो जाने या अपह्रत हो जाने या त्यागे जाने की कथा समग्र विश्व जानता है, लेकिन रामानन्द सागर की रामकथा में सीता का अभिनय करने वाली दीपिका चिखलिया को बाॅलीवुड और आस्थावान क्यों भूल गये? वह भी तब जब बुद्धू बक्सा, बुद्धि बक्सा होता जा रहा है। सास-बहू से लेकर महाभारत, रामायण का धमाल एनीमेटेड व कार्टून तक में देखने को मिल रहा है।
    रामानन्द सागर की रामायण की सीता के पैरों पर फूल चढ़ाने वाले भक्तों की बड़ी संख्या बुढ़ापे के दौर से गुजर रही है, फिर भी सीता (दीपिका) की याद जस की तस है। आज सीता अपने टिप्स एण्ड ट्वायस कास्मेटिक्स के व्यवसाय व अपनी बेटियों जूही व निधि की परवरिश में व्यस्त हैं। उनकी एक बेटी काॅलेज में व दूसरी दसवीं कक्षा की छात्र हैं। उनका कहना है कि अब उनकी बेटियां बड़ी हो गईं हैं और अपना ख्याल रख सकती हैं तो बाॅलीवुड में वापसी की जा सकती है। पिछले दिनों उन्हें निर्माताओं ने वापसी के लिए प्रेरित भी किया है। वे सास-बहू या किसी भी धार्मिक चरित्र को निभाने में सक्षम है बशर्तें वह जनसामान्य से जुड़ाव रखनेवाला हो। वैसे भी यह दौर पुरानी अभिनेत्रियों की वापसी का है।
    दीपिका ने जब सीता का अभिन्य स्वीकारा था तब वे महज 18 साल की थीं और उन्हें स्टारडम का लाभ भी मिला। इसी वजह से भारतीय जनता पार्टी ने उन्हंे बड़ोदरा से लोकसभा का चुनाव लड़ाया। वे अपनी सीता की छवि का लाभ पाकर सांसद हुई। इसी बची उनकी शादी हेमंत टोपीवाला से हो गई जो शिंगार बिन्दी व टिप्स एण्ड ट्वायस काॅस्मेटिक्स के स्वामी हैं। विवाह के बाद उन्होंेने अपने को आदर्श पत्नी के रूप में ढाल लिया। इसके लिए वे अपने सीता के रोल को श्रेय देती हैं। आज उनका पूरा समय आदर्श गृहिणी की तरह गुजरता है। वे प्रातः योगा करने के अपनी बच्चियों को स्कूल भेजने, नाश्ता बनाने से दिन की शुरूआत करती हंै। दस बजे सुबह से शाम पांच बजे तक अपने पति की फर्म में जी लगाकर काम करती हैं।
    ‘रामायण’ सीरियल शुरू होते ही ‘मंगल भवन अमंगल हारी’ की गूंज मानो कफ्र्यू की घोषणा होती। शहर-गांव-कस्बे की सड़कें, गलियां सांय-सांय करने लगतीं, यातायात थम सा जाता था। कुछ विद्धानों ने ‘रामकथा’ के इस आधुनिक रूप में साम्प्रदायिकता को भी तलाशने की कोशिशें की थी, लेकिन वे अपने ही गरम शब्दांगारों से झुलसे गये। लोकप्रियता के तमाम पायदानों को पार कर ‘रामायण’ के पात्र सचमुच भगवान का दर्जा पा गये थे। राम-सीता (अरूण गोविल-दीपिका चिखलिया) की जोड़ी की सर्वत्र पूजा होती थी। उनकी इसी छवि ने उन्हें दूसरे चरित्र में स्वीकार भी नहीं किया। आज नई पीढ़ी के सामने दीपिका को खास परेशानी नहीं होगी। बहरहाल सीता (दीपिका) की वापसी शायद जल्द ही टीवी के पर्दे पर होगी।

अरे... बिक तो रहे हैं गोलगप्पे

लखनऊ। चार फरवरी बीत गई, लेकिन गोलगप्पे भी ठेले पर बेचे जा रहे हैं। चाउमीन और कबाब पराठे भी सड़क किनारे बिक रहे हैं। बिरयानी, छोला-भटूरा कार्नर भी गुलजार हैं। कहीं कोई गुणवत्ता या मिलावट की जांच नहीं और न ही खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता प्राधिकरण की 4 फरवरी, 2014 तक हर हाल में लाइसेंस बनवा लेने की चेतावनी का कोई असर दिखाई दे रहा है।
    गौरतलब है पिछले साल फूड सिक्योरिटी एण्ड स्टैंडर्ड अथाॅरिटी आॅफ इंडिया ने खाने-पीने का सामान बेचने वाले खोमचे-ठेले वालों को 4 फरवरी, 2014 तक हर हाल में लाइसेंस बनवा लेने के दिशा-निर्देश जारी किए थे। जो दुकानदार ऐसा नहीं करेगा और सामान बेचता हुआ पाया जायेगा तो उसे 6 माह की सजा या पांच लाख रूपयों का जुर्माना भुगतना होगा। दरअसल खोमचे-ठेलों की बेतहाशा बढ़ोत्तरी और खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता में सुधार लाने के नजरिये से यह कदम उठाया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा के उच्चाधिकारियों की माने तो इससे जहां उपभोक्ता को सही सामान मिलेगा वहीं प्रदूषण पर भी नियंत्रण होगा और  सरकार को राजस्व भी मिलेगा।
    यह कब होगा? अभी तो लोकसभा के चुनाव हैं। खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण जब अपना डंडा चलाएगा तब चलाएगा। ब्रांडेड कंपनियां तो अभी ही सब कुछ डब्बे में बंद करके बेच रही हैं। नारे भी लुभाने वाले हैं, मिलिये शहर के ‘बेस्ट’ पानी पुरी वाली ‘मेरी मम्मी से या मम्मी की बनायी पानी पुरी के साथ’। पानी पुरी और उसका मसाला घर में बनाने के लिए डब्बाबंद आम दुकानों पर बिक रहा है। इसी तरह सांभर, इडली, बड़ा, कचैड़ी से लेकर चाट, बिरयानी तक के सभी मसाले बाजार में उपलबध हैं। यही हाल जूस का भी है। गृहणियां इनका इस्तेमाल भी खूब कर रही हैं। इसके पीछे उनका तर्क भी वजनदार है, पानी पुरी का पानी बाहर अशुद्ध होता है और पूरी भी मिलावटी तेल में तली जाती है। इससे पेट तो खराब होता ही है, कई बार डायरिया और वायरल के वायरस लम्बी परेशानी में डाल देते हैं। इसके विपरीत घर में पानी भी शुद्ध होता है और तेल भी। जूस निकालने वाले जार की सफाई न बराबर दुकानदार करते हैं, जिससे बाजार के जूस से फायदा कम नुकसान अधिक होता है।
    मांसाहार बेचने वाले सड़क किनारे ठेलों पर बिरयानी, कबाब-पराठा, अंडा रोड, कलेजी खुले मंे बनाते हैं। उनमें घूल के साथ मक्खी-मच्छर पड़ जाना मामूली बात है। यही सब चाउमीन और चाट के ठेलों पर भी होता है। मेलों व पर्वाें पर खोमचे, ठेलेवालों की खासी भीड़ होती है। जहां पानी तो बोतलबन्द इस्तेमाल करने वाले उसे हाथ में पकड़े दिख जाते है, लेकिन गोलगप्पे ठेलों पर ही खाते दिखेंगे। मांसाहार का तो और बुरा हाल है। इनके ठेलों पर तो बाकायदा मयखाना खुला होता है, लोगबाग वहीं शराब पीते हैं और वहीं खाते भी हैं। इनकी ओर खाद्य सुरक्षाकर्मी कतई ध्यान नहीं देते? हां, पुलिस इन पर खासी मेहरबान रहती है। इनसे घंटे व दिन के हिसाब से वसूली होती है। कई व्यस्ततम पटरियांें पर तो वर्गफुट के हिसाब से पुलिसवाले पैसा वसूलते हैं। नगर निगम भी इस वसूली अभियान में साझीदार होता हैं। मेलों व साप्ताहिक बाजारों की वसूली करोड़ों रूपयों की होती। पिछले दिनों लखनऊ मध्यक्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने लखनऊ पुलिस पर आरोप लगाया था कि पुलिस पटरी दुकानदारों से रोज 50 लाख रूपए की वसूली करती है। ऐसे हालात में यदि दुकानदार के पास लाइसेंस होगा तो उसे किसी तरह की वसूली का शिकार नहीं होना पड़ेगा। इसके अलावा खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
    खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता प्राधिकरण के चेयरमैन के दिशा-निर्देशों के अनुसार खोमचे, ठेले वालों के लाइसेंस बनवाने की तारीख 4 फरवरी, 2014 निकल गई है लेकिन अवैध ठेले-खोमचे की जाँच के लिए कोई सघन अभियान नहीं चलाया जा रहा है शायद लोकसभा चुनावों को देखते हुए यह सुस्ती है। बहरहाल अभी धड़ल्ले से बिक रहे हैं गोल-गप्पे और चाट!

लखनऊ बन रहा लाक्षागृह

लखनऊ। धृतराष्ट्र पुत्र दुर्योधन और गांद्दार नरेश शकुनी के षड़यंत्र ने हस्तिनापुर से दूर वार्णाव्रत में पाण्डवों को माता कुन्ती समेत जीवित जला देने के लिए लाक्षागृह का निर्माण कराया था। हम अपने ही जीवित शरीर को जलाने के लिए बहुमंजिली इमारतों व सघन बाजारों का निर्माण बेखौफ  कर रहे हैं। कहीं कोई हिचक नहीं जबकि हर साल गरमी के दिनों में अग्निकांडों से होने वाली दुर्घटनाओं में तमाम जानमाल का नुकसान होता है। फिर भी आग से बचाव के साधनों का इस्तेमाल करने से परहेज किया जाता है।
    राजधानी लखनऊ में धड़ाघड़ बन रही बहुमंजिली इमारतों में हर दूसरी इमारत और इनमें बने बाजार सरासर अग्नि का ईंधन हैं। इन इमारतों व बाजारों में अग्निरोधी संयंत्र व स्मोक सेंसर नहीं लगाये जा रहे हैं। यही हाल अमीनाबाद, यहियागंज, चैक, नक्खास, चारबाग, आलमबाग जैसे बाजारों व गल्ला मंडियों का भी है। गरमी की आमद के साथ ही पिछले महीने अलीगंज की नवीन गल्लामण्डी में भीषण आग लगी थी, जिसमें करोड़ंो का माल स्वाहा हो गया। हादसे के खौफ से एक व्यापारी मोहम्मद खलील को दिल का दौरा पड़ गया। आग पर बारह घंटे जूझने के बाद काबू पाया जा सका। हालात बताते हैं कि मंडियों में आमतौर पर आग से सुरक्षा के प्राथमिक उपकरण तक नहीं होते। ऐसे ही बिजली के तारों व उपकरणों से बाकायदा ठिठोली की जाती है। तारों का उलझा हुआ जाल तो सभी ने देखा होगा लेकिन कूलर, पंखे और एसी का दुरूपयोग जिस तरह होता है, वह यमराज की खिल्ली उड़ाने जैसा लगता है। खुले मैदान में, टीन शेड के नीचे, फुटपाथों पर लगी दुकानों में चलते पंखे/कूलर व सघन बाजारों की दुकानों में चलते एसी की गरम हवा की निकासी की बदइंतजामी के साथ इनकी काम चलाऊ वायरिंग/फिटिंग अग्निकांडों के लिए काफी होती है।
    बहुमंजिली भवनों में तो इससे भी बदतर हालात हैं। बिजली के तारों का उलझा जाल, हवा-गैस की निकासी का पर्याप्त इंतजाम नही। अग्निरोधी यंत्रों का कोई नामोंनिशान नहीं। उचित सेवादार भी नहीं। इमारत के बेसमेंट गैस चैंबर की शक्ल में बनाये जाते हैं। फिर भी अग्निशमन, नगर निगम, विकास प्राधिकरण, जलकल विभागों से अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी हो जाते हैं। सैकड़ों भवन ऐसे हैं जिनका नक्शा केवल तीन मंजिलों का स्वीकृत हुआ लेकिन उनका निर्माण हुआ है छः मंजिल तक और इन भवनों में बाकायदा बिजली के कनेक्शन स्वीकृत लोड से अधिक के मौजूद हैं। विद्युतकर्मी भी इन पर न कोई आपत्ति करते न ही जलकल विभाग इनसे पूछता है कि इमारत में पानी कहां से आता है? और तो और ये इमारतें नगर निगम को भवन कर तक नहीं देतीं, क्यांेकि उनका कर निर्धारण करने की दिलचस्पी मेयर, नगर आयुक्त से लेकर किसी पार्षद या कर्मचारी में नहीं है।
    राजधानी के अधिकतर इलाकों में बिजली की बदइंतजामी, बिजली चोरी आम है। उनमें बहुखण्डी इमारतें सबसे आगे हैं और यह सब सरकारी कर्मचारियांे के बगैर मिलीभगत के संभव है? होटलों, रेस्टोरेन्ट व अन्य व्यावसायिक केन्द्रों में भी कमोबेश यही हालात हैं। इससे भी बदतर हालात घरों की चहारदीवारी के भीतर हैं। गरमी के दिनों में राजधानी का एक बड़ा इलाका बगैर बिजली के गुजारा करता है। जिससे उस इलाके के लोग पानी, हवा को जहां तरसते हैं, वहीं सूर्यदेव के प्रकोप से लोहे व सीमेंट से निर्मित घरों में अधजले से रहने को मजबूर होते हैं।
    उस पर मच्छरों, चूहों, बन्दरों का हमला उन्हें बीमार बना देता है। डायरिया, मलेरिया, डेंगू जैसे रोगों का फैलाव अच्छी खासी आबादी में कहर बन जाता है। गो कि समूची राजद्दानी ही लाक्षागृह साबित हो रही है चुनांचे खुदा न खास्ता कोई भीषण अग्निकांड का हादसा हो जाय तो बीस लाख पाण्डवों (मनवों) को कौन और किस तरह बचायेगा? इस सवाल की भयावहता को समझकर क्या लखनऊ का नागरिक प्रशासन कोई समझदारी भरा कदम उठाना पसन्द करेगी?