Wednesday, August 7, 2013

बिजलीवाले मांगते हैं खर्चा पानी...?

लखनऊ। बिजली महंगी हो गई। चारो ओर अंधेरा, किल्लत का हाहाकार पूर्ववत जारी हैं। सड़कांे पर उतरते लोग बिजली गुल और कीमतों के इजाफे को लेकर हिंसक हो रहे हैं। उपभोक्ता परिषद और समूचा विपक्ष लामबंद होकर सरकार पर हमलावार है। व्यापारी, उद्योगपति सड़कों पर सरकार विरोधी नारे लगा रहे हैं। गृहणियां उमस और गरमी से हलकान अपने चेहरे का पसीना पोंछते हुए बिजलीवालों को कोस रही हैं। हालात यही नहीं ठहरते। सूबे के किसान, परद्दान से लेकर विधायकगण तक गुहार लगाते हुए हाकिमों से लेकर आलाकमान तक हकीकत बयान कर रहे हैं। जवाब में सरकार सियासत के शतरंज पर पिटे हुए नाकारा विपक्ष को कोसते हुए अपने प्यादों को विकास का भोंपू बजाने का ठेका सौंपकर मस्त है।
    राजधानी के सात लाख से अधिक उपभोक्ताओं की सुननेवाला कोई नहीं, उन्हें बिजलीचोर, गलत बिलिंग और बिजलीकर्मियों के खर्चा-पानी जैसी मुसीबतों का लगातार सामना करना पड रहा है। असल बिजली चोर बिजली कर्मियों की मिलीभगत से चैन की नींद एसी में सोते हैं और ईमानदार उपभोक्ता जुर्माना, मुकदमा, अपमान भोगता है। कई बार तो इन सदमों से अस्पताल से श्मशान तक पहुंच जाता है। गलत बिलिंग से परेशान लाखों उपभोक्ता विद्युत उपकेन्द्रों के चक्कर काटने में एक माह के बिजली के बिल से अधिक की रकम खर्च करके भी राहत नहीं पा रहे हैं। मरम्मत (मेन्टीनेन्स) के कामों में लगे विद्युतकर्मी बगैर ‘खर्ची-पानी’ उपकेन्द्रों से हिलते भी नहीं। उदाहरण के लिए देखें, यदि किसी उपभोक्ता की बिजली हाईटेंशन लाइन पोल से अवरूद्ध हो जाती है, तार टूट जाता है, कनेक्शन केबल में कोई दिक्कत आती है या मीटर में कोई परेशानी है तो उपभोक्ता उपकेन्द्रों पर जाकर नियमानुसार अपना बिल दिखाकर शिकायत दर्ज करा आता है। फिर उसे इंतजार में कितने दिन काटने होंगे, यह कहा नहीं जा सकता? उपभोक्ता यदि थोड़ी समझदारी दिखाता हुआ लाइनमैन से ‘खर्चा पानी’ तय कर लेता है, तो उसकी या उसके इलाके की बिजली आनन-फानन में दुरस्त हो जाती है। उपभोक्ता यदि रसूखवाला हुआ तो अद्दिशासी अभियंता तक गुहार लगा लेता है, फिर भी लाइनमैन के दर्शन उसे आसानी से नहीं होंगे। जब तक ‘बडे़ साहब’ गरम न हो जायें तब तक सीढ़ी, लेबर-मिस्त्री मौके पर नहीं जाएंगे। साहब जोर से बोल दें तो काम बंद की धमकी की ब्लैकमेलिंग झेलें या रिश्वत में हिस्सेदारी का ढोल सुने। फिर भी उपभोक्ता की बिजली ठीक करने के बाद ढीठ कर्मचारी बड़ी बेशर्मी से खर्चा-पानी की मांग करते हैं। हकीकत इससे भी अधिक खतरनाक है। रह गया ऐसी बातों को साबित करना तो जांच नहीं स्ंिटग आॅपरेशन कराए जा सकते हैं।
    विद्युतकर्मी अपने घरों में बिजली के उपभोग के लिए महज 168 रूपये से लेकर 1068 रूपये प्रतिमाह देकर अनाप-शनाप बिजली का उपयोग करने के साथ दूसरों को बेच भी रहे हैं। एसी के लिए 450 रूपये प्रतिमाह नियत है, लेकिन अधिकांश ने उसे दर्शाया तक नहीं यानी 168 या 426 रूपये में ही एसी भी चल रहे हैं। यदि विद्युतकर्मियों के यहां सघन जांच कराई जाए तो चतुर्थश्रेणी कर्मचारियों, बाबुओं और पेंशनधारकों तक के घरों में तीन-चार एसी चलते हुए मिल जाएंगे। क्या ये चोरी नहीं है? विद्युतकर्मियों के घरों पर बिजली के मीटर लगाने के आदेश विद्युत नियामक आयोग ने काफी पहले दिए थे। पाॅवर कारपोरेशन के अधिकारी, इस आदेश को न मानने के लिए लाचार हैं। इस लाचारी पीछे विद्युतकर्मियों के संगठनों की दादागीरी के अलावा विभाग में ऊपर से नीचे तक व्याप्त भ्रष्टाचार है। पिछले साल आगरा में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लि0 के प्रबन्ध निदेशक ने प्राइवेट कंपनी टोरंटो पाॅवर के जरिए विद्युतकर्मियों के घरों पर बिजली के मीटर लगवाने चाहे तो बिजलीकर्मियों की दहाड़.... ‘तो अब टोटंटो की इतनी हिम्मत’ की गूंज के कारण प्रबंध निदेशक को अपना आदेश वापस लेना पड़ा। वहीं टोरंटो को दसियों आरोपों का सामना करना पड़ा। उनमें प्रमुख आरोप लगाया गया कि टोरंटों उप्र इलेक्ट्रिसिटी रिफार्मस् एक्ट 1999 और इलेक्ट्रिसिटी एक्ट 2003 के टैरिफ का उल्लंघन करते हुए कर्मचारियों का उत्पीड़न कर रही है। यहां उल्लेखनीय है कि नियामक आयोग ने वर्ष 2013-14 का टैरिफ 31 मई को जारी करते हुए विद्युत कर्मियों के घरों पर मीटर लगाने के निर्देश दिए हैं। एक अनुमान के मुताबिक उपभोक्ताओं से वसूल होने वाले राजस्व का 25 फीसदी लगभग बिजलीकर्मी मुफ्त की बिजली जलाने के शौकीन हैं। इन लोगों पर भी करोड़ों रूपया बकाया है।
    बिजली सुधारों के प्रति लापरवाह नौकरशाहों की मनमानी सलाह मानकर सरकार ने बिजली दरों में 40-45 फीसदी की बढोत्तरी कर दी है। इसके विरोध में जहां धरना-प्रदर्शन हो रहे हैं, वहीं उपभोक्ता परिषद के नेता राज्यपाल से लेकर विधायक तक अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं। राजधानी के तमाम उपभोक्ता एक साथ सारे शहर में एक साथ दो घंटे के लिए बिजली बंद करके गांधीवादी तरीके से विरोध दर्ज कराने की पहल करने की सोंच रहे हैं। इस विरोध में अपने घरों से ही हाय... हाय... बिजली या बढ़ी दरें वापस लो जैसे नारे लगाएंगे। कई समाजसेवी संगठन इस ओर सक्रिय हैं।

संघर्ष को विराम कहां...

संघर्ष की परिभाषा में विराम के लिए कोई जगह नहीं होती। उसका व्याकरण त्याग और तप की मुस्कान से भरा पुरा होता है। शायद इसी वजह से सच का दर्द सहनेवाले स्वाभिमान का हाथ थामे अपमानों से तपती पगडंडियों को बेखौफ पार कर जाते हैं। मगर ऐसे लोग भावुक अधिक होते हैं और भावुकता अनुशासन कहां मानती है। बस यहीं वे अपने लिए दुश्वारियां पैदा कर लेते हैं। फिर भी जलते हुए रौशनी बिखेरते हैं। उसी रौशनी की ऊर्जा से स्वार्थियों का जमघट भरपूर मस्ती करता है। इस हकीकत से वे वाकिफ भी होते हैं। ऐसी ही शख्सियत पं0 हरिशंकर तिवारी का बखान उनके 74वें जन्मदिवस पर करना लोगों को भले ही बेमौसम लगे, लेकिन चंद लाइनों में उनकी जिंदगी के सावन-भादों का गीलापन, रीतापन तमाम सपनों के लिए प्रेरक होगा।
    ऊँची दुनिया से लड़ने के कारण पंडित जी के आस-पास बहुत सारे लोगों का जमघट लगा रहा। वे अपने जीवन का पहला चुनाव विधान परिषद का लड़े तब कांग्रेस के महारथी हेमवती नंदन बहुगुणा के साथ गोरखपुर के स्थानीय मठाधीशों की साजिश का शिकार होकर महज एक वोट से हार गये। पिछला चुनाव अपनों की साजिश से हारे। इस बीच उनके जीवन में बहुत कुछ घटा। वे उप्र मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य भी रहे। स्वार्थियों ने ‘हाते’ से लेकर ए-4 पार्क रोड तक फूल ही फूल बिखरा दिये। हरिशंकर तिवारी जिन्दाबाद की गूंज से आसमान को झुकाने का परिहास भी कर दिया। ईमान को अहंकार की खाई में पटकने के ऐसे ही सैकड़ों जतन कर डाले।
    लाभ की चैखट पर खड़े लोगों ने शुभत्व के स्वास्तिक के भीतर धकेलकर पंडित जी को सम्पन्न मुग्ध करने का षड़यंत्र कर डाला। उनसे कई गलत फैसले करा दिये, नतीजा वही हुआ जो होना था। आज कहीं कोई नारा नहीं है, कोई स्वागत द्वार नहीं है, कोई महाभारत नहीं है, सारे शकुनी विदा हो गये। न कृष्ण हैं, न अर्जुन अगर कोई है तो ‘सुदामा’ सरीखे मित्र जो उन्हें कर्ण के रूप में भी स्वीकारते हैं। यह कोरी बकवास नहीं बल्कि फुंफकारता हुआ सच है। हजारों-हजार लोग आज सोने की थाली में चांदी की रोटी उनके नाम के पाटे पर रखकर आराम से खा रहे हैं। उनका जिक्र आने पर उन्हें महज परिचित बताकर छुट्टी पा लेते हैं। इसके सैकड़ों उदाहरण हैं। एक छोटा सा वाकया उनकी कानपुर यात्रा का याद आ रहा है। मैं इस यात्रा में उनके साथ था। पूरा दिन कई कार्यक्रमों में बीता गया, साथ चलनेवालों को भोजन का अवसर कहीं न मिल पाया। पंडित जी की इच्छा थी कि वापसी में किसी ढाबे पर रूका जाएगा। इसी दौरान अन्तिम कार्यक्रम में एक कर्मचारी नेता ने अपने यहां भोजन ग्रहण करने का आग्रह किया।
    पंडित जी ने मेरी ओर देखते हुए.... चुप्पी साध ली। चुप्पी को उसने ‘हां’ समझा और साधिकार अपने निवास की ओर गाडि़यां मुड़वा दीं। मैंने कुछ दूर चलने के बाद पंडित जी से उस नेता के कई कारनामें बताते हुए उसके यहां न चलने को कहा तो बोले, उसका भाग्य है, हम बदल नहीं देंगे। उसका वो जाने हम तो अपना कर्म कर रहे हैं। सब भूखे भी हैं उनकी भूख मिटेंगी।’ वहां गये भोजन किया। उसके बाद वो नेता सच में भाग्यशाली हुआ और करोड़पति भी लेकिन पंडित जी की याद उसे फिर नहीं ही आई।
    चिल्लूपार से लेकर तमाम शहरों तक ऐसे हजारों उदाहरण हैं और सैकड़ों रिश्तेदार। चिल्लूपार ही नहीं पूर्वीं उप्र का तमाम हिस्सा मामूली वर्षा और नेपाल से नदियों में पानी छोड़े जाने से हर साल बाढ़ से पीडि़त रहता है। चिल्लूपार का काफी कुछ हिस्सा (नदियों के किनारे का क्षेत्र) ‘कछार’ कहलाता है। पंडित जी का गांव भी कछार में पड़ता है। वहां कभी जाना बेहद मुश्किल था, आज पक्की सड़क है। मजबूत बांध है। आषाढ़-सावन की एक बाढ़ में पंडित जी बाढ़ पीडि़तों के बीच मौजूद थे, उन्हंे बचाते हुए वे खुद नाव से हरहराती नदी में गिर पड़े थे। ऐसी ही सेवाओं के साथ संघर्ष आज भी जारी है। यह लाइने संताप से ग्रसित नहीं बल्कि जन्मदिन के बहाने याद आ जाती हैं और शायद किसी की प्रेरणां बन सके। इसलिए लिख जाती हैं। और अन्त में, उन्हें मेरा सलाम कह देना/गरीबी मुफलिसी में कौन सा तोहफा उन्हें दंू/ताकि उनमें हैसियत मेरी ढंकी हो क्या उन्हें दूं भेंट जिसमें/ कैफियत सारी टंकी हो इसलिए कुछ शब्द ले जाओ/इन्हें लिख लो इन्हीं अल्फाज को मेरा कलाम कह देना।

एक सुबह पं0 हरिशंकर तिवारी

सूर्याेदय से पहले ही नींद के आलिंगन से मुक्त हो माता पृथ्वी को प्रणाम कर उनके दुलार का आशीष लेते हुए थोड़ा व्यायाम करना ही प्रातः का प्रथम शगल है। नित्यकर्म के बाद एक प्याला चाय का और अखबार पढ़ना। इतने में ही भोर का उजाला और गाय-भैंसों का रंभाना शुरू हो जाता है। यही पंडित जी के पशुप्रेम और दिन की शुरूआत का दूसरा चरण होता है। अपनी गौशाला की ओर बढ़ते हुए अपने कुत्तों को दुलराते हैं। अच्छी नस्ल की गाय और उम्दा वंश के कुत्ते उनकी कमजोरी हैं। गौशाला उनके हाते (निवास) में ही आखिरी छोर पर है। अपने सामने वहां की साफ-सफाई से लेकर दूध दुहने व चारे आदि के काम कराते हैं।
    यदि कोई गाय या भैंस गर्भवती है तो उसकी देखभाल पर पूरा ध्यान रखते हैं। उनकी देख-रेख में ही उसका बच्चा पशुचिकित्सकों की निगरानी में जन्म लेता है। इस बीच उन्हें फोन पर बात करना भी पसन्द नहीं।
    गौशाला से बाहर आकर स्नान-
ध्यान और पूजन होता है। पूजन में कोई पाखण्ड नहीं, बस अगरबत्ती जलाकर ईश्वर का स्मरण भर। नाश्ते में कोई विशेष नियम नहीं कभी रोटी-सब्जी तो कभी टोस्ट-मक्खन, दूध या फिर दलिया, दही-चूरा। ऐसा ही सादा सा पहनावा सफेद धोती-कुर्ता। कांधे पर अंगौछा तब अवश्य होता है जब कहीं बाहर निकल रहे हों। अब तक सुबह के दस बज जाते हैं। बाहर हाते के मैदान में बनी झोपड़ी में तरह-तरह के फरियादियों और मिलनेवालों की भीड़ जमा हो जाती है। वे बाहर आते ही इस भीड़ के हो जाते हैं। उनके चेहरे की रौबदार मूंछें तक इस वक्त मुस्कराती रहती हैं।
    हर किसी से आत्मीयता, हर कोई अपना, हर एक की समस्या का निदान उनकी दिनचर्या के मजबूत उपकरण हैं। कोई आपाधापी नहीं, कोई तनाव नहीं। उनके अन्तस की ऊर्जा करूणावतार लिए समान रूप से पीडि़तों को चैतन्य करती है।
    राजनीति की चैसर के दसियों, प्यादे, हाथी-घोड़े, वजीर तक इस भीड़ में उनका आशीर्वाद लेकर अपने दिन की शुरूआत करने को आतुर आते हैं। वे इनसे भी निश्छल यथार्थपरक बातें करते हैं। एक बार ऐसी ही एक प्रातः उनके चुनाव क्षेत्र चिल्लूपार से उनके ही मुखालिफ चुनाव लड़ने का आशीर्वाद लेने एक शख्स आया, उन्होंने उसे ‘भोलेबाबा’ की तरह विजयी होने का आशीष दिया। आशीर्वाद का प्रभाव देखिए आज वही शख्स चिल्लूपार से विधायक है। पौराणिक कथाओं में है कि महादेव को कैलाश से लंका ले जाने के लिए रावण ने तमाम जतन किये, उनका आशीष भी पाया, पर वह सफल नहीं हुआ। अन्त-पन्त इतना ही कि महादेव के लिए कैलाश और कैलाश के लिए महादेव ही सत्य है।

खाओ बांस का अचार तो आओ...!

लखनऊ। भारतीय रसोई में मसालांे का खासा महत्व है, भले ही डाॅक्टर इसके सेवन से परहेज बताते हों। देश का हर वर्ग मसालों के स्वाद से अपने को बचा नही पाता। यही वजह है कि आज बाजार में सैकड़ों ब्रान्डों का कब्जा है। बावजूद इसके लखनऊ के मुगलिया दस्तरख्वान पर आज भी खुले मसालों की महक बदस्तूर जारी है। इन खास मसालों को तैयार करने में महिलाओं का बड़ा योगदान है। इनके द्वारा घरों में आज भी पुराने तौर-तरीके अपनाकर खड़े मसालों को कूट-पीस कर बनाया जाता है। वहीं लखनऊ की पहचान और शान को बरकरार रखे बाजार चैक व नक्खास मंे खास मसालों को बेचनेवाली दसियों दुकाने हैं। जो सब्जी सालन, मुर्ग मुसल्लम से लेकर बिरयानी पकाने के उम्दा मसाले बेचते हैं।
    लखनऊ की ही तरह आगरा के रावत पाड़ा बाजार में भी मसालों, मेवों और अचार की मण्डी है। यहां मसाले थोक में मंगाकर कोल्ड स्टोरेज में रखने वाले व्यापारी भी हैं। बड़े व्यापारी हल्दी, मिर्च, आमचूर, मध्य प्रदेश से, धनिया राजस्थान से, जीरा गुजरात से और काली-मिर्च, लौंग दक्षिण से मंगाते हैं। इनमें जीरा, कालीमिर्च, लौंग छोड़कर सभी मसाले जल्दी खराब होते हैं इसलिए इन्हें कोल्ड स्टोरेज में रखा जाता है।
    हींग का आयात कच्चे माल के रूम में कजाकिस्तान से किया जाता है। हाथरस में इसे तैयार करने के कारखाने हैं। वहीं से उत्तर भारत के बाजारों में तैयार हींग भेजी जाती है। हींग के एक नामचीन व्यापारी बताते हैं कि कजाकिस्तान में पेड़ों पर हींग गोंद की तरह पैदा होती हैं। इसे इक्ट्ठाकर हींग का रूप दिया जाता है। सस्ती हींग मैदे से तैयार होती है, इस पर केवल महंगी हींग का लेप चढ़ा होता है। हींग 200 रू0 से लेकर 8 हजार रूपए किलो तक रावत पाड़ा बाजार में उपलब्ध है।
    रावतपाड़ा में अचार भी खूब बिकता है। यहां आचार की सालों पुरानी दुकान आपको ऐसा स्वादष्टि अचार खिलाएंगी कि आप सब्जी खाना भूलकर अचार की मांग करने लगें। अचार विक्रेता संजीव मित्तल बताते हैं कि उनके बाबा कन्हैयालाल अग्रवाल ने यहां अचार की दुकान 1910 में खोली थी। तब से उनका अचार शहर के अलावा ग्वालियर, झांसी, टूंडला, मिढ़ाकुर आदि जगह के लोगों को अंगुलियां चाटने पर मजबूर कर रहा है। वे बांस का अचार खास तौर पर तैयार कराते हैं। इसके लिए बांस हरिद्वार से मंगाया जाता है। यहां करौंदे का मुरब्बा, सेंजना का अचार भी अपने आप में अनूठे हैं।
    रावतपाड़ा बाजार के बारे में कहा जाता है यहां गदरकाल 1857 के बाद सबसे पहले लाला कोकामल ने मसालों का कारोबार शुरू किया था। आज भी उनके परिवार के लोग इसी व्यवसाय से जुड़े हैं। अब तो यहां मेवा, अचार, फूल, पेठे के अलावा दवाओं की भी दुकाने खुल गई है। इस बाजार का फैलाव सात-आठ सड़कों-गलियों तक है। ठीक लखनऊ के चैक-नक्खास बाजार की गलियों से मिलता जुलता।

दो घंटे में एक आत्महत्या

लखनऊ। खुदकुशी करनेवालों की संख्या में भले ही हेर-फेर हो लेकिन देश में हर दो घंटे में एक आदमी अपनी जान दे रहा है। खुशी की बात है कि उप्र इस मामले में सबसे पीछे है। अपनी जान देने वालों में अधिकतर प्यार में असफल प्रेमी जोड़े होते हैं। आर्थिक मोर्चे पर नाकाम, महत्वाकांक्षाओं का पूरा न होना, दहेज विवाद, नशेे की आदत, तंगहाली से परेशान, आपसी कलह, घरेलू हिंसा, परीक्षा में विफलता, संपत्ति विवाद, लांक्षन आदि आत्महत्या के बड़े कारण बन रहे हैं। हाल ही में नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरों (एन.सी.आर.बी.) द्वारा जारी आंकड़े बताते हैं कि वर्ष 2012 में 1,35,445 लोग देश में आत्महत्या के शिकार हुए जबकि 2010 में 1,35,585 लोगों ने असमय मौत को गले लगाया यानी 0.1 फीसदी की कमी हुई है।
    आंकड़ों के मुताबिक तमिलनाडु में आत्महत्या की दर सर्वाधिक है। इसके बाद क्रमशः महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश व कर्नाटक का स्थान है। देश में होने वाली आत्महत्याओं का कुल 55.3 फीसदी इन्हीं पांच राज्यों में होता है। केंद्र शासित प्रदेशांें मंे आत्महत्यााअें के मामले में देश की राजधानी दिल्ली अव्वल है और पांडिचेरी दूसरे नंबर पर है। वर्ष 2012 में जिन राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में आत्महत्या की दर में पिछले साल के मुकाबले सर्वाधिक वृद्धि हुई है, उनमें मिजोरम अव्वल है। यहां आत्महत्या की दर 92.2 फीसदी बढ़ी है। इसके बाद जम्मू व कश्मीर (44.3 फीसदी), उत्तराखंड (33.4 फीसदी), मणिपुर (24.2 फीसदी), त्रिपुरा (20.1 फीसदी) और असम (19.7 फीसदी) का स्थान है। आत्महत्या में संख्यावार सर्वाधिक गिरावट छत्तीसगढ़ में आई हैं। सर्वाधिक आबादी वाला उत्तर प्रदेश एकमात्र राज्य है जहां आत्महत्या से हुई मौतों की दर काफी कम यानि 16.9 फीसदी है जो देश में कुल आत्महत्याओं का महज 3.3 फीसदी हैं। एनसीआरबी की रिपोर्ट के मुताबिक घरेलू व स्वास्थ्य समस्याओं के चलते सर्वाधिक आत्महत्याएं होती हैं। आंकड़ों के मुताबिक घरेलू समस्या के चलते 25.6 फीसदी और स्वास्थ्य संबंधी समस्या के चलते 20.8 फीसदी आत्महत्याएं हुईं।