Wednesday, August 7, 2013

बबुआ धीरे-धीरे आई समाजवाद

देखिए एगो बात हमारा भी बूझ लिया जाय, साइकिली में बैटरी फिट कहकै हवा की माफिक ओकर रफ्तार बढ़ाई जा सकै, मगर टिरैफिक-विरैफिक भी कोई चीज है कि नहीं। सड़क का कायदा कानून तो मानना ही पड़ेगा। फिर खुली सड़का पर सरकारी सांड और महादेव के नंदी की बिरादरी वालों की धरपटक से भी सावधानी बरतनी है। सावधानी हटी दुर्घटना घटी। ठीक है समाजवादी एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध है, मगर ट्रामा सेन्टर के डागडर साहब तो कैंडिल लाइट रोमांस की कक्षा में यौनवर्द्धक दवा के परीक्षण में व्यस्त हैं। फिर लाल-हरी बत्ती के बाजू में लगे चोर कैमरे से बचकर चैराहा पार करना है कि नहीं। उस पर तुर्रा यह कि सड़कों पर सीवर के बदबूदार पानी की नई बनी झीलों के किनारे-किनारे से ही गुजरना है। कहीं कूड़े का ढेर, कहीं सड़क टूटी, कहीं गढडे में झूलती सड़क। इससे बच भी गए तो जाम की ठसक औ रोना-धोना तम्बू ताने गली-गली में जारी ‘मैं तो छोड़ चली बाबुल की गली...’। भरी-पुरी सड़क पर गाती-बजाती, नाचती, भीड़ में ठाड़े रहियो बांके यार... या सब कुछ छोड़-छाड़ के चली अपने...’’ की द्दुन पर करीना, कैटरीना का मरम पाले मम्मियां अपने घर की रसोई या बाथरूम में की गई मशक्कत से बनाई गई अपनी बेडौल ‘बाॅडी’ के भूकम्प से सड़क का उत्पीड़न और शोहदों का मनोरंजन कर रही हों तो क्या सइकिल फर्राटा भर सकती है? तिस पर समूचा समाजवादी कुनबा भी साइकिल पर सवार हो!
    तो भइया, यूं समझों कि पंडित-मुल्ला ठडि़याए दिए गए सड़कन ते मैदान तलक, दलित-पिछड़े लोकसभा चुनाव ‘हाइवे’ घेरे खड़े हैं और जय श्रीराम.... जय द्वारकाधीश का नारा ‘इम्पोर्टेड नेता’ लगा रहे हैं। ऐसे में आप ही बताइए कि ससुरी साइकिल कितनी तेज चल सकती हैं? वह भी तब जब उस पर ‘लैपटाॅप’ का बोझ लदा हो! फिर लालबत्ती का हाल भी बेहाल, बिजली अलग से गुल। घुप्प अंधेरे में कोठी विक्रमादित्य का रास्ता कैसे तलाशा जाय? वहां भी कौन किसका ‘हौसला’ बढ़ाए पता नहीं। पहले ही हाथी से उतरकर आये ‘कुनबे’ को समाजवादी अक्षरज्ञान कराया जा चुका है। अब परिवार नियोजन के भी कोई मायने हैं या नहीं? आखिर एक साइकिल पर किस -किस को बैठाया जाये? आप ही बताईए ऐसे में साइकिल धीरे-धीरे नहीं चलेगी तो क्या दौड़ेगी?
    हर-हर महादेव...! सावन का महीना है तो भोले बाबा का जयकारा लगेगा ही। गाँव से गंगा तक बम..बम.. बम भोले सो हर की पैड़ी के शिवाले से काशी के बाबा विश्वनाथ वाली गली तक भंग भवानी के नाच का जायज हक है। जहां नाच, वहां हुड़दंग। जहां बूटी की हो महिमा वहां क्या बेनी के बोल... क्या पुलिसवालांे की मारकुटाई... क्या शोहदई और क्या दुराचार? भगत ‘जय-जय शिवशंकर न कांटा लगे न कंकर...’ गाते हुए समाजवादी साइकिल पर सवार होकर विदेश तो जायेगा नहीं जो उसकी बेइज्जती हो, वह तो ‘नेताजी’ के चरणों की धूल लेने पार्टी दफ्तर ही जाएगा। पानी महंगा हो जाय कोई बात नहीं, बिजली के दाम बढ़ गये कोई बात नहीं, बाढ़-पीडि़तों को तो फांकाकशी की आदत हो गई है। समाजवादी गांव-गांव जाकर बताएगा ‘भइयाजी’ साइकिल पर आ रहे हैं। अब उसको तो पता नहीं कि मांसाहारी कुत्ते एथलीट हो गये हैं और शाकाहारी बंदर जिमनास्ट। तभी तो सड़क से लेकर संडास तक जिस-तिस को काट ले रहे हैं। अब उन्हें तो बस अपना समाजवादी धर्म निभाना है। ऐसे में साइकिल की रफ्तार सुस्त तो होगी ही न, बोलो?
    आपको शायद न पता हो, समाजवादी छप्पर तले शौचालय बनाने की योजना अभी केन्द्र की मोहताज है। भले ही एलडीए के शौचालय टच-स्क्रीन मशीनों और सीसी टीवी कैमरों से कीमती हों। उधर बेरोजगारी भत्ता और टेबलेट बांटने का गतिण अफसरान पढ़ रहे हैं। इद्दर राशन, साड़ी वाले सिनेमा की स्क्रिप्ट अभी ‘पार्टी प्रेस’ लिख रहा है। चुनाव-14 के भौगोलिक नक्शे पर सच्चे समाजसेवकों के हाथों में लोहिया के बड़े वाले फोटो देकर तैनात कर दिया गया है। कार्य प्रगति पर है, धैर्य रखिए। राजनीति मनोरंजन के बाथरूम में नहा- धोकर तैयार हो रही है। तो बबुआ कुछ समझे, धीरे-धीरे आई समाजवाद।

Sunday, June 30, 2013

नगर आयुक्त की गाड़ी पर फेंका कूड़ा

कानपुर। कानपुर के नगर निगम परिसर में गोविन्द नगर के पार्षद और उनके समर्थको ने जमकर हंगामा किया। महानगर में जगह-जगह फैली गंदगी, नालों और नालियों के बाहर पड़ा सिल्ट का ढेर, बजबजाते कूड़े के ढेर से गुस्साए कानपुर दक्षिण के पार्षदों ने अपर नगर आयुक्त का घेराव किया। उनकी गाड़ी पर कूड़ा फैला कर विरोध प्रकट किया।
    कानपुर महानगर में कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी एटूजेड कंपनी की है। नगर निगम ने महानगर में कूड़ा उठाने का ठेका उसको दे रखा है। एटूजेड कंपनी की हिला हवाली की वजह से इन दिनों शहर में जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा हुआ है। नालियां बजबजा रही हैं। कानपुर दक्षिण के पार्षद नवीन पंडित और अन्य पार्षदों ने मिलकर नगर निगम कार्यालय में जमकर हंगामा किया। नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी भी की।पार्षद नवीन पंडित की अगुवाई में पार्षदों के दल ने अपने साथ लाये कूड़े को नगर निगम कंट्रोल रूम और अपर नगर आयुक्त की गाड़ी पर कूड़ा डालकर अपना विरोद्द प्रकट किया। गुस्साए पार्षदों ने चेतावनी दी कि यदि 24 घन्टे के अन्दर महानगर का कूड़ा साफ नहीं हुआ तो नगर निगम आयुक्त समेत सभी अधिकारियों के आवास पर कूड़ा फेंको प्रदर्शन करेंगे।
    अपर नगर आयुक्त के मुताबिक शहर में कूड़ा बराबर उठ रहा है। केवल कुछ मोहल्ले में कूड़ा उठाने में देरी हो जाती है। शहर की सफाई का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। बारिश का मौसम देखते हुए हर जोन के अधिकारियों को भी इस सिलसिले में आदेश दे दिए गए हैं।

एक मच्छर... आदमी को बना देता है हिजड़ा

लखनऊ। मच्छरों का हमला हो चुका है और उनकी आक्रमता युद्ध जैसी बर्बर है। क्योंकि वे अकेले नहीं हैं। उनके साथ कीट-पतंगों की भारी फौज उनकी सहयोगी है और सहयोगी हैं नगर निगम के नाकारा अधिकारियों, बेखौफ सफाईकर्मियों व उनके संगठनों की समूची ताकत। इसके अलावा उनकी तरबीयत के लिए है बरसात का पानी, जो राजधानी के हर हिस्से में पूरी ढिठाई से भरा है। यह हमला सियासत, आतंकवाद या नक्सलवाद से प्रभावित नहीं है। इसके पीछे भ्रष्टाचार, घपलों-घोटालों के माफिया और उद्दंड नस्लवादी ताकतें हैं, तो उनकी महत्वाकांक्षाओं के साझेदार हमारे अपने भाई बंद भी हैं।
    बरसात की शुरूआत के ऐन पहले सूबे के मुख्यमंत्री को शहर के शानदार इलाके गोमतीनगर के विकल्पखण्ड से सीवर के गंदे पानी में लापता सड़क से गुजरने का जोखिम उठाना पड़ा। यही नहीं प्रदेश के महामहिम, नगर विकास मंत्री और नगर के प्रथम नागरिक मेयर तक ने राजधानी की सड़कांे; गालियों में पसरी गंदगी से उठती दुर्गंध को साफ करने के आदेश दिये। गैरहाजिर सफाईकर्मियों का वेतन काटने के बयान अखबारों में छपवाये गये। नतीजा सिफर का सिफर। सारा शहर कूड़े-कचरे, जल भराव, बजबजाती नालियों, सड़ते भोजन सामग्रियों और प्लास्टि पाॅलीथीन से गंधा रहा है। नगर विकास मंत्री ने महज पांच दिन पहले राजधानी की नगरीय सुविधाओं को बदतर करार दिया है और अफसरों को नाकारा घोषित किया। नगर आयुक्त ने शहर में अपनी कार घुमाई तो पाया कि निजी संस्था व निगम के सफाईकर्मी गायब, उनके सुपरवाइजर, इंस्पेक्टर, जोनल अधिकारी तक लापता थे।इस बदइंतजामी के घमासान में राजधानी के नागरिकों, व्यापारियों और सफाईकर्मियों के बीच आये दिन झड़पों से लेकर सर फुटौव्वल तक की नौबत आ रही है। इसका सबसे बड़ा कारण सफाईकर्मियों का काम न करने का मंसूबा और इसे शह देते हैं उनके सफाई मजदूर संगठन। और इस शह-मात की बिसात पर चालें चलने वाले है, बड़े-बड़े राजनैतिक दल और उनके कद्दावर नेतागण। साफ-साफ यह वोटों के खेल का षड़यंत्र है?
    शर्मनाक तो यह है कि राजधानी की धरती पर सर झुकाए मुस्कराते हुए आने वाले तमाम देशी-विदेशी मेहमानों की व्यंगात्मक वाणी में कहा गया जुम्ला ‘माशाअल्लाह... ऐसा बदसूरत तो नहीं था लखनऊ’ भी इन नामाकूलों में कोई हरारत नहीं पैदा करता है। भले ही यह मेहमान लखनउव्वा कवाब, शवाब और रूआब की शान में रसपगे बयान दे जाएं, लेकिन वह शहर की नवाबी पहचान और सियासी तरबियत की शतरंज के खिलाडि़यों से संतुष्ट होकर नहीं जाते। यही वजह है कि दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर लखनऊ धुंधला- द्दंुद्दला दिखता है। पिछले दिनों मशहूर शायर फैज अहमद ‘फैज’ की बेटी मोनीजा हाशमी लखनऊ आईं थीं। लखनऊ की तारीफ में उनका वाक्य था ‘मैंने दो तरह का लखनऊ देखा’, फिर भी इज्जतदार बेईमान अमला बेशर्मी से खीसे निपोरता रहा।
    गलियां गंदी हैं। नाले-नालियों मंे पानी सड़ रहा है। नाले उफना रहे हैं मासूमों की जान जा रही है। पिछले दिनों सआदतगंज के उफनाते नाले में गिरकर आठ साल के सादिक की मौत हो गईं। उसकी लाश भी तलाशने निगमकर्मी नहीं आये। इस नाले को ढकने के लिए पहले भी हंगामा हो चुका है। मच्छरों के जच्चा-बच्चा केन्द्रों की भरमार भी यहीं है। गोबर, गू और गंध के खाद-पानी से अघाए-मुटाए मच्छरांे ने मलेरिया, डेंगू, जापानी इंसफेलाइटिस व वेस्ट नाइल जैसी खतरनाक बीमारियों को फैलाने के लिए कमर कस ली है। इनसे निपटने का कोई भी इंतजाम शासन-प्रशासन के पास दिखाई नहीं देता। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक हर साल दुनिया भर में मलेरिया से 2.5 करोड़ लोग प्रभावित होते हैं, जिनमें से 6.5 लाख लोग मरते है। डेंगू से प्रभावित होने वालों की संख्या लगभग 10 करोड़ है, इनमें 22 लाख के लगभग मौत के मुंह में समा जाते हैं। सेंट्रल डिजीज बोर्ड के अनुसार मच्छर हर साल करीब 700 मिलियन लोगों को बीमार करते हैं, जिनमें से 5.3 मिलियन लोगों की मृत्यु हो जाती है। सबसे मजेदार बात तो यह है कि इन पर प्रचलित कीटनाशकों का भी कोई खास प्रभाव नहीं होता। इनकी सूंघने की ताकत में लगातार इजाफा हो रहा है। वैज्ञानिकों के अनुसार मादा मच्छर इंसानों का खून चूसकर अपनी प्रजनन क्षमता बढ़ाती है।
    एक मच्छर.... आदमी को हिजड़ा बना देता है। यह सिनेमा का संवाद भर नहीं हकीकत है। मादा मच्छर जब खून चूसने के लिए अपना डंक आदमी के शरीर में चुभाती है तो आदमी के खून में बहुत जल्द थक्का बन जाता है फिर मच्छरों को खून चूसने में परेशानी हो जाती है। वे अपने महीन डंक के साथ अपनी जहरीली लार (रसायन) भी आदमी के खून में पहुंचा देती हैं जिससे उस जगह पर लगातार खुजली होती है और उस जगह पर लाल चकत्ता सा उभर आता है। आदमी को केवल मादा मच्छर ही काटती है, क्योंकि आदमी के खून में प्रोटीन व अन्य पोषक तत्व होते हैं, जो इनका भोजन होते हैं और इसी की सहायता से वे अंडे बनाती हैं। आमतौर पर मादा मच्छर पौधों से रस चूसती हैं।
डेंगू मच्छर से बचने का उपाय
डेंगू फैलाने वाले मच्छर प्रातः के समय अधिक सक्रिय होते हैं, तभी काटते हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार मच्छररोधी उपलब्द्द उत्पाद हमारे स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं। इसलिए डेंगू मच्छरों से बचने के लिए बायोसाइड को पानी में मिलाकर घर के बाहरी हिस्सों पर ठीक से छिड़काव करने से यह घर में नहीं आ पाते। यह गंध रहित पदार्थ है, इसे पूरे गरमी-बरसात में केवल दो या तीन बार इस्तेमाल करने की आवश्यकता पड़ती है।
मच्छर की पूजादेश में मच्छरों के प्रकोप से शायद ही कोई हिस्सा छूटा हो। परेशान लोगों ने तरह-तरह के उपाय किये हैं, लेकिन झारखंड के बोकारों में लोग मच्छर भगवान की पूजा कर रहे हैं ताकि वे मच्छरजानित रोगों से बचे रहें। चास नामक स्थान में मच्छर की एक विशाल प्रतिभा स्थापित की गई और श्रद्धालुओं ने पदयात्रा निकाली। पदयात्रा में उन्होंने मृदंग बजाए और मंत्रोंच्चार किया। मच्छर की प्रतिमा के सामने हवन किया गया। एक पुजारी ने सैकड़ों लोगों के सामने मंत्रोच्चार किया और मच्छर भगवान को माला पहनाकर उनकी पूजा की। स्थानीय लोगों का कहना है कि हमने मच्छर से बचने की कोशिश की है और मच्छर की प्रतिमा लगाकर तथा इसकी पूजा कर इसे खुश करने की कोशिश की है। ज्ञात हो कि लोगों ने यह पहल तब की, जब स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू के बढ़ते मामलांे पर ध्यान नहीं दिया। बरसों पहले जब स्वास्थ्य विज्ञान में बहुत तरक्की नहीं हुई थी, तो स्माॅल पाॅक्स और चिकन पाॅक्स जैसी बीमारियों का संबंध भी देवी प्रकोप से जोड़ा जाता था और बाकायदा इसके लिए पूजा होती थी। झाड़फूंक का अंधविश्वासी प्रचलन आज भी विद्यमान है, लेकिन मच्छर को भगवान बनाने की यह घटना अनोखी है और डरावनी भी।

वेश्या नहीं बनने दिया अपनी पीड़ा को.... उम्र भर


मैं, मेरा मन और मेरी माटी स्वाभिमान के राजपथ पर लगातार चलते हुए उम्र के 65वें साल के ठीक पास आ गये हैं। तो क्या मैं थक रहा हूँ? मेरा मन निराश हो गया है? मेरी माटी श्मशान के सच से भयभीत है या फिर बेचैन है? जी नहीं! थका तो मैं तब नहीं, जब जीवन समर में जूझने के लिए लगातार मुफलिसी से मल्लयुद्ध करता रहा। निराशा ने तो उसी समय मेरी प्रेमिका बनने से इन्कार कर दिया था, जब सेठाश्रित पत्रकारिता के भव्य ड्राइंगरूम से धकियाया गया। रही माटी के भयभीत होने की या बेचैन होने की, तो क्या सरयू के गहरे पानी में उतरने से पहले डरे थे ‘राम’? बेचैनी तो बदलाव का फैशन भर है, बस। यकीन मानिए, मैं अयोध्यापति न सही लेकिन अयोध्यापुत्र तो हूंँ, मर्यादाओं ने ‘आदर्श’ ही नहीं ‘आनन्द’ भी दिया। शायद यही कारण था कि हर-हर महादेव... का जयकारा भर नहीं लगाया बल्कि सच की तलवार थामे कर्म के रण की चरित्रकथा बांचता रहा। हां, एक सच और साझा करूंगा, अम्मा और बाबू शब्द के न बोल पाने का अनर्थ अब भी नहीं समझ सका। भले ही दोनों ‘ऊँ नमः शिवाय’ हों या ईश्वर के पर्यावाची। उनसे मेरा हाथ, साथ कब छूटा था, याद नहीं। उन्हें बहुत बाद में लगभग जवानी के अखाड़े में दंड-बैठक लगाते हुए दीवार पर टंगी हुई तस्वीर में देखा। तस्वीरों से अलग कई बार ईश्वर से मुलाकात हुई। शक्ल बयान करूंगा या नाम लूंगा तो शायद मेरी धर्मचेतना पर शंका होगी, लेकिन सैकड़ों, हजारों की संख्या है मेरे मित्रों की, धुर दक्षिण से उत्तर तक, पूरब से पश्चिम तक सबके सब देवाधि देव महाकाल। हर एक की अपनी अलग सामथ्र्य, अपनी अलग पहचान। तभी तो नारद के मोहल्ले में ‘प्रियंका’ के साथ पूरी जिद से मौजूद हूँ।
    नहीं जानता सीता के साथ रावण ने क्या किया होगा, उनकी सच्चरित्रता को एक धोबी ने लांछित करने का सहास दिखाया था। आज तो गांधी के सीता-राम को राजघाट से लेकर खादी आश्रमों तक में कैद कर दिया गया है। रावण के करोड़ों ‘प्रिंट आउट’ हर दीवार पर चस्पा हैं। लांछन के पत्थर थामे समूची दीवार सीता पर हमलावर है। ऐसे में लव-कुश को बदअमनी के अश्वमेघ यज्ञ के दौड़ते घोड़े की लगाम पकड़नी ही होगी। प्रियंका का दामन थामे यही करने का सहास किया है, मैैंने। भले ही अर्थ नहीं है जेब में, मगर आस्था है और अस्थि भी। अषाढ़ में ही जन्मा था, जब घनघोर बारिश से धरा तर-बतर थी, पता नहीं तब कोई केदारनाथ, ‘तालिबानी’ हुआ था या नहीं। मैं तो चवालीस साल के पत्रकारिता पथ पर हिन्दी के तालिबानों से युद्धरत हूँ। जन्मदिवस (7 जुलाई) पर ‘रामकथा’ लिखने की धृष्टता नहीं कर रहा हूूँ, वरन् सच के भूगोल में उन जंगलांे की तलाश में भटक रहा हूँ, जहां राम ने चैद्रह बरस काटे थे।
    भटकाव का हाल यह रहा कि मैंने जब अपने पिता के बनवाए हुए घर में पहला कदम रखा तो देहरी के ठीक ऊपर आले पर बैठे कबूतर के एक जोड़े की गुटर... गूं.. गुटर.. गूं सुनाई दी। अन्दर की दीवारों पर हाथ रखा तो मिट्टी भरभरा कर झरने लगी, आगे बढ़ा तो आंगन की चैखट से टकरा कर गिरने को हुआ तभी दरवाजे का पल्ला सामने आ गया और उसने मुझे थाम लिया। मैं मूरख जान भी न सका कि कबूतर का जोड़ा मुझे आशीष रहा है, दीवारें अपने वारिस पुत्र को देखकर रो दीं थी और दरवाजे का पल्ला मानों पिता का मजबूत हाथ हाथों में आ गया था और अम्मा तो घर की ईंट-ईंट से निकली आ रहीं थीं। शायद यही वजह थी कि आंगन की पहली मंजिल पर पड़े लोहे के जाल में कइयों का पांव फंसा, नहीं फंसा ते मेरा, मेरे भाई का और हमारे बच्चों का। उम्र की सीढ़ी के पैंसठवें डंडे पर कदम रखते हुए समझ आ रहा है, अम्मा-बाबू तो हमेशा साथ रहे, उनका आशीर्वाद साथ रहा। मैं ही नालायक समझ नहीं सका।
    आज मैं सिर्फ अपनी और अपनी ही बात करना चाहता हूँ, भले ही इसे आप मुगालते के ‘बर्थ डे केक’ का काटना मान लें। जब पूरी उमर अपनी पीड़ा को वेश्या नहीं बनने दिया और आँसुओं को आवारा, तो आज भला उज्जर धोती, कड़क कमीज में सजा-द्दजा अक्षरों के लड्डू क्यों नहीं बांट सकता? विचारों के दस्तरख्वान पर क्यों नहीं आमंत्रित कर सकता? कह लीजिएगा, ‘वरमा जी के कपड़ों की क्रीज नहीं टूटती’, उड़ा लीजिएगा खिल्ली मेरे मुंह पर मेरी। आपको हक है मेरे सहोदर। न खुशी, न गम से कोई राय-मश्विरा किया, न खिलखिलाया, सिर्फ आपकी सोहबत में रहते हुए हर नुकीले पत्थर पर अपनी कलम के निशान छोड़े हैं। झूठ-मूठ का कोई गीत नहीं लिखा, नहीं ढोई कोई पालकी। हाथ भी पसारा तो आपके सामने। क्योंकि आप ही तो मेरे देव हो, फिर कहां जाता अपना जन्मदिन मनाने।
    और अन्त में इतना ही कि मैं अयोध्या पुत्र राम, नाम भर से प्रतिष्ठा की चाहत नहीं रखता, लेकिन राम नाम सत्य है। इसी को सार्थक करते हुए वनवास से लौटने की इजाजत अब तो मिलेगी? प्रणाम।

सहालग का बाजार गर्माया

लखनऊ। एक महीने की सुस्ती के बाद सहालग का बाजार फिर अंगड़ाई लेने लग गया है। हालांकि जुलाई माह में केवल 11, 13, 14 तारीखों में तीन शुभ मुहूर्त हैं। इसके बाद हरिशयन दोष है। फिर नवम्बर 16 के बाद लग्न होंगे। ये तीनों लग्न भारी उमस और बादल बूंदी के बीच होंगी।
    6 तारीख को सूर्य पुनर्वसु नक्षत्र में होंगे और 16 तारीख को कर्क की संक्रान्ति के वायुमण्डल में पड़ने से घनघोर घटायें दिखेंगी। लेकिन वर्षा कमजोर होने की आशंका है, तो भी वैवाहिक आयोजनों पर इस भय छाया रहेगा।
    बावजूद इसके शादियों को लेकर होने वाली खरीददारी अपने चरम पर है। कपड़ा बाजार, कैटरिंग व शादी घरों के कारोबारी जहां व्यस्त हैं, वहीं नाई, पंडित जी की अग्रिम बुकिंग है। एक अनुमान के मुताबिक इन तीन लग्नों में अकेले लखनऊ में दो हजार शादियां होनी है। यह आंकड़ा शादीघरों व कैटरर्स की बुकिंग के आधार पर निकाला गया है।
    अमीनाबाद व गणेशगंज बाजार के कपड़ा व्यापारियों के अनुसार महिलाओं के लिए लहंगे, साडि़यों की खासी रेन्ज किफायती दामों में है। इनमें 200 से 10,000 तक की रेन्ज है। सहालग को देखते हुए इन दिनों काफी किफायती दामांे में वैरायटी आई हुई है।
    इस समय जेंट्स के लिए लांग कुर्ते, बैलून पैंट, इंडो वैस्टर्न (लांग कोट), ट्राउजर। दो हजार से लेकर 2500 रूपये तक की रेंज में यह उपलब्ध हैं। वहीं दूसरी तरफ जेंट्स के लिए ही है लांग कोट भी फैशन में है, जिसे विशेष तौर पर ट्राउजर या धोती के साथ पहना जा रहा है।
    इसकी रेंज लगभग 5000 से लेकर 7000 रूपये तक है। वहीं बच्चों के लिए भी आकर्षक लांग कुर्तें व बैलून पैंट उपलब्ध है, जिसकी कीमत 1000 से लेकर 1500 रूपये तक है।