Thursday, April 18, 2013

कहानी आधी सड़क


-राम प्रकाश वरमा
सर्दियों की बदचलन हवाओं ने छेड़छाड़ की तमाम हदें पार कर मौसम से समलैंगिक रिश्ते बना लिये थे। बादल शर्मसार तो सूर्यदेव हैरान। चांद-तारों की बारात सहम गई। मंगल से लेकर शनिदेव तक के चेहरे एकदम सियाह। राहु और केतु ने इन्द्रदेव का हाथ थाम एक गाढ़ी सलेटी सफेद कोहरे की चादर तान दी थी। समूची पृथ्वी लजाई सिमटी सिकुड़ी सिहरी सी कांप रही थी। शहर, गांव, कस्बे, नदी, तालाब, नाले बरफ का गोला थामे किसी अनाथ आश्रम में पलने वाले बच्चों की तरह सहमे से सिर्फ हिल-डुल रहे थे। वाहनों की आवाजाही के बीच राजधानी के हृदय में खड़े गांधी, अम्बेडकर, पंत, पटेल के पुतलों के साथ ट्रैफिक सिपाहियों के दांत बजने का संगीत साफ-साफ सुनाई दे रहा था। नेशनल हाइवे नंबर पच्चीस की शहरी, सड़क के चैराहे हुसैनगंज पर भाला ताने घोड़े पर सवार खड़े महाराणाप्रताप और काले पड़ गये थे। उनके घोड़े के आगे-पीछे आने-जाने वालों की हलचल न के बराबर थी। इक्का-दुक्का वाहन भी खांसते-खंखारते गुजर रहे थे। हां, चैराहे की दुकानों में अभी भी जगमगाहट थीं, लेकिन हलचल नहीं। शराब के ठेके के सामने शायद प्रेमचंद के जमाने का घीसू और उसका बेटा माधव मौजूद थे। बीयर की दुकान पर कथाकार मणि मधुकर की औरतों से मिलती-जुलती दो लड़कियां खड़ी थीं।
    इन सबसे हटकर बिजली के जगमगाते खंभे के नीचे बने गोल चबूतरे पर इलाके के महाराजा का दरबार लगा था। कोई तीस-चालीस अदद आवारा कुत्तों की भीड़ के सामने चबूतरे की सबसे ऊपर वाली सीढ़ी पर वह अद्दलेटा सा दो कुत्तों की पीठ के गावतकिये के सहारे पसरा था। सिर पर बेतरतीब छोटे-छोटे बाल, दाढ़ी शहरी यातायात की तरह गुत्थमगुत्था। लम्बा-मैला सा कोट जिसमे ंकेवल एक बटन जिसे उसने बंद कर रखा हैं। नीचे पैंट भी है काली चीकट, आधी टांगों में फंसी-फंसी। बीच-बीच में किसी कुत्ते को हिदायत देता, किसी को अपने पास बुलाता और किसी को कोई काम सौंपता। सारे कुत्ते उसकी आज्ञा का पालन करते अनुशासित मंत्री परिषद की तरह, पूंछ हिलाते उसके आस-पास मंडराते रहते। इस बीच कोई उधर से गुजरा तो महाराजा ने आवाज लगाई, ‘ओए... डोंगे सामने से एक बड़ी वाली ब्रेड पकड़ लेना’। मना करने की गुंजाइश नहीं थी। क्योंकि उसके मंत्रीगण उस दानदाता को चैदह इंजेक्शन के लायक भी नहीं छोड़ते थे। सो आमतौर पर लोगबाग महाराजा की आज्ञा का पालन करते। महाराजा ब्रेड के टुकड़े सामने खड़े-बैठे कुत्तों की ओर उछालता जिसने लपक लिया उसकी क्षुधा शान्त। कोई झगड़ा नहीं, छीना झपटी नहीं सब अनुशासित। ‘ए... चमकी ले तू दो खा...।’ उस भीड़ से एक गबरू कुतिया उछलकर उसके पास पहुंच जाती है। वह उसे दुलराते हुए बड़े प्यार से ब्रेड खिलाता हैं सारी भीड़ चुपचाप दुम हिलाती खड़ी रहती।
    ‘अबे... तुम लोगों को मालूम है यह सारी दुकानें, यह मार्केट और वो सामने वाला होटल सब खुशहाल पंडित का है। अपने लिए साली ‘नूर मंजिल’ में भी जगह नहीं हैं। सारे पागलांे को आगरे के ताजमहल ले जाएंगे? तुम सबके लिए वो बैंकवाला कूड़ाघर, एलडीए ने एलाट किया है। फिर सड़क पर क्यों सोते हो? इसी बीच मुर्गाें से लदा एक ट्रक गुजरा। दो-तीन कुत्ते दौड़े... आदेश गूंजा ‘मुर्गी पकड़ ला।’ सबके सब ट्रक पर हमलावार। ट्रक चालक के हाथ पैर फूल गये। ट्रक बेतहाशा भागा। खबू दौड़ लगाई लेकिन हासिल कुछ न हुआ थक हार कर पड़ोसी मुल्क के फौजियों की तरह हांफते हुए वापस अपने महाराजा के पास। महाराजा मुस्कराया और चीखा, ‘अबे सुन बे आसमानी बाप इनको खाना देना पड़ेगा तुझे... मेरा क्या...? मैंने तो घर फूंक दिया है अपना बस राख उठानी बाकी है।’ इसी बीच कुत्तों में एक अदद नर-मादा जोड़े ने मैथुनक्रिया का शुभारम्भ कर दिया था। कई गुर्रा रहे थे, कई आॅखें घूर रही थीं। महाराजा बड़े गौर से उन दोनों की क्रिया को देख रहा था। फिर खुलकर हंस पड़ा। रात गहरी हो रही थी, ठंड का कहर बढ़ रहा था। वह उठकर सामने वाली गली में समा गया। चमकी समेत कई कुत्ते उसके साथ चले गये और कई वहीं रह गये।
    सूरज का चमकदार केसरिया गोला आज फिर जाम में फंस गया था। वरूण, इन्द्र के वाहनों की भीड़ के आगे भवानी का रथ बीच आसमान में तिरछा हो गया था, शायद। भोलेबाबा के कैलाश की बरफ सारे रास्तों पर फैली थी। द्दुंध में लिपटा कांपता उजाला, धड़ी की सुइयां और सामने वाली मस्जिद से गूंजती ‘अजान अल्लाहु अक्बर... अल्लाहु अकबर.... अश्हद अल-ला इ ला-ह इल्लल्लाह...’ बता रहे थे कि दोपहर हो रही है। लोग बाग यूं भाग रहे थे जैसे सड़क के दूसरे छोर पर मंगल के मेले में लगे लंगर में बंटनेवाली पूड़ी-सब्जी लूटने की जल्दी में हो। सामने वाली फुटपाथ पर महाराजा अपने सुरक्षादस्ते के साथ दोनों हाथों से अपनी पैंट सम्भाले चला आ रहा था। फर्नीचर की दुकान पर रूक गया, दुकान के मालिक इस्लाम ने कुछ रूपये उसके कोट की ऊपरवाली जेब में रख दिये। काफिला आगे बढ़ गया। सामने से तीन-चार जवान हो गईं लड़कियों का छोटा सा झुंड अपने मुंह से भाप छोड़ता खिलखिलाता चला आ रहा था। महाराजा के दोनों हाथ अपनी पैंट से हटकर ऊपर की ओर उठ गये। पैंट नीचे सरक गई। लड़कियां जोर से हंसते हुए आगे को भागीं जैसे नदी में किसी ने डुबकी लगई हो और उससे उठनेवाली लहरें दूर तक उठती-गिरती चली जा रही हों। महाराजा खुलकर हंसा, कुत्तों ने भी भौंक कर साथ दिया। चमकी नामवाली कुतिया कुछ रूठी सी उन लड़कियों की तरफ मुंह उठाए जोर-जोर से भौंकने लगी। महाराजा ने तब तक पैंट अपने पांवों में ऊपर तक फंसा ली थी। गणेश के होटल पर पूरा काफिला रूक गया मगर चमकी अभी भी वहीं खड़ी बेतहाशा भौंक रही थी। होटल के मरियल से नौकर गामा ने रात के बचे हुए खाने का ढेर उनके सामने डाल दिया। महाराजा और उसकी प्रजा एक साथ लंच पर टूट पड़ी। ‘चमकी...ओ... चमकी... आ जा... बस हो गया।’ महाराजा की आवाज सुनते ही वो कुतिया उछलते हुए पास आ गई। रोटी का एक टुकड़ा उसे खिलाते हुए महाराजा ने दुलराया तो चमकी दुम हिलाते हुए नाचने लगी मानों प्यार के घुंघरू बोल उठे हों। लांच का नजारा देखने वालों के चेहरों पर जहां मुस्कराहट थी, वहीं दूर खड़ा गाय का एक बछड़ा किसी भटके हुए भूखे बच्चे की तरह मायूस था।
    ‘ए बाबू... ए... भूखा हूं... दे...दे.... न...।’ दो घुटनों पर उछलती सवा दो फुट, तीस किलो की मैली सी काया हर राहगीर के पैरों पर हाथ लगाते हुए भीख मांग रही थी। इस अपंग को इलाके के लोग झंझटी कहकर बुलाते थे। झंझटी का इलाका भी गणेश होटल से मियां जी कवाबवाले तक तकरीबन एक फर्लांग के बीच की आद्दी सड़क तक था। झंझटी अपनी कमाई मियां जी के पास ही जमा करता है। कहनेवाले कहते हैं, दस-पन्द्रह हजार महीने की कमाई है झंझटी की, सच तो कभी मियांजी ने भी किसी को नहीं बताया। ईद-बकरीद हफ्ता-दस दिन के लिए झंझटी गायब हो जाता, हां जब दिखता तो ऐसे साफ कपड़ों में जैसे द्दोबी के यहां से धुलकर आया रंगीन कपड़ा। बताते हैं अपने गांव जाता है, वहां झंझटी का भरापूरा परिवार हैं। झंझटी को औरतों खासकर जवान औरतों से मोटी कमाई होती है। कईयों को उससे बात करते और दोनों को हंसते हुए देखा जाता है। आॅटो, बस, रिक्शा के इंतजार में खड़े लोग भी दयावश या परलोक के लिए ‘फिक्सड डिपाजिट’ करने की गरज से उसे सिक्के कम नोट अधिक देते। अचानक कुत्तों के तेज-तेज भौंकने की आवाजें सामने होटल की पार्किंग से आने लगी। उधर चार-पांच कुत्ते सरेराह एक जवान हो चली कुतिया से ‘बलात्कार’ अंजाम दे रहे थे, बाकी शोर मचा रहे थे। मानो मदद की गुहार लगा रहे हों या पास न आने की धमकी दे रहे हों, खुदा जानें!
    सड़क पर ट्रैफिक बढ़ गया था। शाम के गुजर जाने की जल्दी में रात की सियाही सरपट दौड़ने लगी थी। बाजार किसी मटके में जमी हुई कुल्फी के छोटे-छोटे डिब्बों की तरह बरफ में दबा-ढंका सा दिखाई देने लगा था। सब्जी और मछली के ठेलों वाली खाली जगह पर खासा अंधेरा था। इसी अंधेरे में महाराजा और चमकी में प्रेमालाप जारी था, दसियों सुरक्षा प्रहरी मुस्तैद थे। नेशनल हाइवे नम्बर पच्चीस की विधानसभा की ओर जाने वाली आधी सड़क बगैर किसी सुरक्षा के तरह-तरह के बलात्कार से पीडि़त बिना चीखे-चिल्लायें मादरजात नंगी पसरी पड़ी थी और देश रोमांस के लिहाफ में दुबका जिस्मानी गरमाहट तलाश रहा था.... शायद!

हिन्दी के स्वर्णाक्षर ‘सुधा’

राम प्रकाश वरमा
‘सुधा’ यानी अमृत अर्थात अमरत्व पाने का रस। इसी अमृत के लिए देव-दानव, ऋषि-राजर्षि में भयंकर युद्ध से लेकर समंदर को मथने तक की भारी मशक्कत हुई। अमृत कुंभ के छलकने से उसकी कुछ बूंदें पृथ्वी पर जहां-जहां गिरीं वहां आज भी मानवीय आपाधापी जारी हैं। हिन्दू और हिन्दी साहित्य अमृत कथाओं से भरा पड़ा है। शायद इसी से प्रेरणां पाकर पं0 दुलारे लाल भार्गव ने ‘सुधा’ और ‘गंगा’ (गंगा पुस्तकमाला) को सर्वसुलभ कराया। हालांकि हिन्दी की ‘सरस्वती’ का कल-कल नाद पहले से ही गूंज रहा था, लेकिन हर किसी को कालीदास की तरह ‘सरस्वती’ में डुबकी लगाने का पुण्य नहीं प्राप्त होता।
    ‘सुधा’ पत्रिका का प्रकाशन लखनऊ से ऐसे समय शुरू हुआ था जब उर्दू भाषा को अंग्रेजी खदेड़ने का षड़यंत्र कर रही थी। 1857 के आजादी युद्ध के बाद भारतीयों से उनकी भाषा, भूषा और भाष्य जबरन छीने जा रहे थे। हिंदुत्व और मुस्लिम की चोटी-दाढ़ी जड़ से सफाचट करने और द्दोती-पैजामा, टोपी-पगड़ी उतरवाने के साथ जीवन के अमृत जल (पानी) को बांट दिया गया था। नया लखनऊ हजरतगंज की शक्ल में करवट ले रहा था। नई पूंजी, नये बाजार, नए फैशन की बुनियाद रखी जा रही थी। ललमुंहों के साथ कलमुंहे भी कोट-पैंट-नेकटाई में फंसे मंुह टेढ़ा कर गुड़ मार्निंग... गुड इवनिंग बोलने की कसरत करने लग गए थे। ऐसे समय में शहरी जीवन की उत्तेजना, उसकी बेचैनी और अजनबियत को पहचानकर भार्गव जी ने ‘माधुरी’ हिन्दी मासिक पत्रिका की रसधार बहाई, जिसने सहजभाव से लोगों को आकर्षित किया। समय और सियासत के शामियाने तले सिक्कों की अदावत में सफलता ने बंदी बनने से इनकार कर दिया।
    ‘सुधा’ हिन्दी मासिक पत्रिका ने इसी सफलता की कोख से श्रावण, 1984 संवत् (सन् 1927) में जन्म लिया। उसकी कीर्ति के खाते में सबसे बड़ी उपलब्धी जमा हुई कि उसे पढ़ने के लिए सैकड़ों लखनउवों ने हिन्दी पढ़ना सीखी। उसकी ग्राहक संख्या पहली छमाही में 6000 से ऊपर निकल गई। यह हिन्दी के क्षेत्र में अभूतपूर्व था। आज भी यह दुर्लभ हैं। एक-दो अंकों को तो दो-तीन बार छापना पड़ा था। ‘सुधा’ साहित्यिक से अधिक परिवारिक पत्रिका बन गई थी। उसमें नियमित रूप से संगीत साधना, सहित्य संसार, स्त्री-समाज, समाज-सुधार, विज्ञान-वैचि×य, व्यंग्य-विनोद, ललित कला, कुसुम कंुज, पुस्तक-परीक्षा जैसे स्तम्भों के साथ कविता, कहानी, उपन्यास (क्रमशः), आलोचना, राजनीति, स्तम्भों के साथ देश-विदेश की पठनीय सामग्री छपती थी। उसकी छपाई, लेआउट और सामग्री ही सर्वश्रेष्ठ नहीं थी वरन् उसमें छपे रंगीन चित्र कला व मुद्रण कला में उच्चकोटि के थे। आज की उन्नत तकनीक से किसी भी मायने में उन्हें उन्नीस नहीं ठहराया जा सकता। भाषा की शुद्धता और गलतियों को पकड़ने के लिए ख्याति प्राप्त विद्धान नियुक्त थे। निराल, इलाचंद जोशी, जगन्नाथ प्रसाद खत्री, श्रीधर पाठक, जगन्नाथ दास ‘रत्नाकर’, पं0 जगंदबा प्रसाद ‘हितैषी’, जयशंकर प्रसाद, महावीर प्रसाद द्विवेदी, वृन्दावन लाल वर्मा, रायकृष्ण दास, पं0 रामचंद्र शुक्ला, अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’, श्रीरत्न शुक्ल, शिवपूजन सहाय, विनोद शंकर ब्यास, सुमित्रा देवी, बदरीनाथ भट्ट, परिपूर्णानन्द वर्मा, गुलाब रत्न ‘गुलाब’, प्रेमचंद, पं0 भगवती प्रसाद वाजपेयी, आचार्य चतुरसेन, मैथिलीशरण गुप्त, गोविन्द बल्लभ पंत, विश्वम्भरनाथ शर्मा ‘कौशिक’, मिश्रबंधु, विद्यालंकार और न जाने कितने नामों के स्वर्णाक्षर ‘सुधा’ में छपकर अमर हो गये।
    ‘सुधा’ में ही भार्गव जी ने तुलसी सम्वत् की शुरूआत की थी जो आज बाजार में खो गया। निराला ने पहले अंक के बाद ही ‘सुधा’ को प्रथम श्रेणी की पत्रिका माना, तो विश्व प्रसिद्ध डाॅ0 सर जार्ज ग्रियर्सन ने उत्तर भारत की उच्चकोटि की पत्रिका का दर्जा ‘सुधा’ को दिया था। इसी ख्याति ने हजारों परिवार और नए लेखक/लेखिकाओं को ‘सुधा’ से जोड़ा। यही नहीं काफी समय तक प्रेमचंद जी भी गंगा-पुस्तक माला में साहित्यिक सलाहकार के पद पर कार्यरत थे व इसके सम्पादकीय विभाग से जुड़े रहे। प्रेमचंद जी की पहली कहानी ‘स्वत्व रक्षा’ ‘माधुरी’ में जुलाई 1922 के अंक में सबसे पहले भागर्व जी ने ही छापी थी। पं0 रूपनारायण पांडेय तो ‘सुधा’ सम्पादक थे ही। पं0 अमृतलाल नागर और भगवती चरण वर्मा का प्रथम परिचय ‘सुधा’ में छपकर ही हुआ। राय कृष्णदास जी ने ‘सुधा’ में छपे चित्रों से प्रभावित होकर जहां प्रशंसा व बधाई पत्र लिखे वहीं तमाम चित्र छपने के लिए भी भेजें। उनकी रचनाएं तो लगातार छपती ही रहती थीं। श्री क्षेमचन्द सुमन ने लिखा है, ‘हिन्दी जगत को श्री भार्गव जी का आभार मानना चाहिए कि उन्होंने केवल निराला, प्रेमचंद ही नहीं चण्डी प्रसाद ‘हृदयेश’, बेचन शर्मा ‘उग्र’, गोपाल सिंह नेपाली और चतुरसेन शास्त्री को भी हिन्दी के मोहल्ले में स्थापित किया। वे कोरे प्रकाशक नहीं वरन् उच्चकोटि के सम्पादक और कवि थे।’ भार्गव जी की मृत्यु के कुछ दिनों बाद ‘प्रियंका’ में लिखे एक लेख में सुमन जी ने बेहद व्यथित होते हुए लिखा था, ‘कितने कृतघ्न हैं हम कि जिस व्यक्ति ने ‘हिंदी साहित्य’ को विश्व साहित्य के मंच पर प्रतिष्ठित करने का गौरव और यश प्रदान किया, उसके चले जाने पर भी ज्यों के त्यों अपने कार्य-व्यापार में इस प्रकार संलग्न रहे, मानों कुछ हुआ ही नहीं। सरस्वती के पावन मन्दिर में इतनी बड़ी दुर्घटना से कहीं तो कोई हलचल हुई होती। जिस व्यक्ति ने ‘माधुरी’ और ‘सुधा’ पत्रिकाओं के माध्यम से हिन्दी की साहित्यिक पत्रिकाओं के सम्पादन का नया मानदंड स्थापित किया, उस दिवंगत आत्मा की स्मृति में दो आंसू भी न बहा सके, विडम्बना ही तो है।’
    ‘मुझे लेखक बनाया मेरे पाठकों ने’ में आचार्य चतुरसेन शास्त्री ने स्वीकार किया है कि, ‘सम्भवतः पहली कहानी लिखकर दुलारेलाल भार्गव को लखनऊ भेजी। ‘सुधा’ उन्होंने तब निकाली ही थी, एक दिन मुझे उनका पोस्टकार्ड मिला। लिखा था- आपको यदि नागवार न गुजरे तो हम कहानी का पुरस्कार आपको देना चाहते हैं। पाठक मेरी खुशी का अनुमान न लगा सकेंगे। यह एक ऐसी आमदनी का सीधा रास्ता खुल रहा था, जिसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। अब तक तो मैं इसी में खुश था कि मेरी रचनाएं छप रही हैं। तब तक मैं ‘प्रताप’ कानपुर में ही लेख भेजता था, पर उसने कभी एक धेला भी पारिश्रमिक नहीं दिया था।
    अतः मैंने कार्ड का तुरन्त उत्तर दिया कि- ‘पुरस्कार यदि काट न खाय तो मुझे किसी हालत में उसका भेजा जाना नागवार न गुजरेगा।’ कुछ दिन बाद ही 5 रूपये का मनीआर्डर मिला। उस दिन मैंने सपत्नीक जश्न मनाया और कई दिन तक उन पांच रूपयों का हम लोगों को नशा सा रहा।’
    सचमुच ‘सुधा’ अर्थात अमृत यानी जल जिसमें समाहित है आक्सीजन, उसका अभाव केवल हिन्दी और हिन्दू को ही भ्रष्ट-ध्रष्ट नहीं कर रहा है वरन् समूचे हिन्दुस्तान की सामाजिक, साहित्यिक समरसता को अधमरा कर बाजार के नाम पर दानवों की काॅलोनी में धकेलने का नित नया प्रयास कर रहा है।

एक मेला था छैल छबीला

रईसी की शौकीन तबीयत के हजार-हजार रंगीले किस्से बनारस की गलियों में आज भी सिर पर रंगीन अंगौछा बांधे शान से टहल रहे हैं। साहित्य हो, संगीत हो, महफिल हो, मौज-मस्ती हो, तवायफों की रंगीनियत हो या फिर मेले-ठेले सबमें बम बम। बाबा भोलेनाथ की जय। गंगा मइया की जय। हर-हर महादेव.... हर- हर गंगे का जयघोष और इत्र-फुलेल, जूही -चंपा के गजरों की महक से मह मह करता बनारस भले ही अपना भूगोल बदल रहा हो मगर उसका इतिहास नहीं बदला, चरित्र नहीं बदला। शिवरात्रि पर्व गया, होली आ गई फिर नवसम्वत्.... नया साल यानी नवरात्रें... माता का पूजन, नई फसल, नये अनाज का पूजन गो कि हर दिन पर्व, हर शाम मेला। सम्वतसर के पहले महीने चैत में बनारस में बुढ़वा मंगल का मेला अदभुद तो होता ही था साथ ही नववर्ष के स्वागत का शानदार आयोजन भी हुआ करता था। आज सिर्फ उसकी यादें भर हैं। यह मेला चैत्र के पहले मंगल से शुरू होता था। चार मेले लगते थे जिन्हें मंगल, दंगल, जंगल और झिलंगा कहा जाता था।
    बुढ़वा मंगल का मेला गंगा मां की गोद में लगता था। घाटों पर शामियाने लगते जिनमें रंगीन सजावट होती। नावों और बजरों से घाट पाट दिये जाते। इन पर तरह-तरह की दुकानें लगती थीं। इन्हीं में तवायफों के डेरे भी सजते थे। मेला अलग दिन, अलग घाट पर लगता था। बनारसी बाबू धोती, कुत्र्ता, दुपल्ली टोपी में इत्र से महकते मेले का लुफ्त उठाते।
    रात का नजारा तो स्वार्गिक होता। तवायफों की महफिलों से राजेश्वरी, शिवकंुआरी, मैना रानी (बड़ी/छोटी) बड़ी मोती जैसी नामवर गायिकाओं की स्वरलहरियों के साथ उनकी पायलों के घुंघरूओं का मादक संगीत गंगा की लहरों के साथ तैरता समूचे वातावरण को मदमस्त कर देता था। मेले में नावों की दौड़ और बनारसी रंगबाजों, गहरेबाजों में डोंगियां बांधने की होड़ का मजा ही अलग था।
    ये रंगबाज अपने पट्ठों के साथ बा आवाजें बुलन्द ‘काट दे लहा सी.... का नारा दे किसी बजरे से बंधी डांेगी काट देते। फिर वह डांेगी गंगा की धारा में किसी अल्हड़ यौवना की तरह बेफिक्र बलखाती, तैरती दूसरे-तीसरे लोक ले जाती। बजरों की सजावट ऐसी दमकती कि छैल-छबीली भी शर्मा के गश खा जाय। तिस पर काशी नरेश की मोरपंखी और घुड़दौड़ की शान ही निराली होती थी। काशी-नरेश महाराज ईश्वरी नारायण सिंह के समय नावों की दौड़ और बजरों का यौवन देखते बनता था। उनके प्रतिद्वंदी महाराज कुमार विजयनगरम के बजरे और नावों का रागरंग भी निराला होता था। इन दोनों की शान को दोबाला करते बनारस के रईस राजा मोतीचंद, शापुरी माधोलाल संड, मुंशी माधोलाल, गोसाईं रामपुरी, साह व राय परिवार के सजे-धजे रंगीन बजरे। इनमें नामी गिरामी तवायफों की महफिलें सजती तो भाटों-चारणों के कोविद करतब दम भरते। सचमुच बुढ़वा मंगल का बेढब मेला ऐसा ही शानदार होता था।
    बुढ़वा मंगल मेले की समाप्ति पर दुर्गा मन्दिर के पास एक अखाड़े में दंगल मेला लगता था। जंगल मेला यानी मेला शहर के बाहरी इलाकों में फैल जाता जहां लोग घूमते-फिरते बाटी-चोखा खाते। थाके मांदे लोगों के सुस्ताने (आराम करने) के लिए रईसों के घरों में बैठकें लगतीं, महफिलें सजतीं, खाना-पीना होता, इसे ही झिलंगा मेला कहा जाता था।
    बुढ़वा मंगल का मेला अपने समय का छैला कहा जाता था। सो इस मायने में भी कि ऐसी चारित्रिक सम्पन्नता, साहित्यिक सभ्यता और राग रंग से भरा पुरा संगीत अन्यत्र दुर्लभ था। बनारासी पान, रबड़ी के क्या कहने, मेले में हर आंठवीं दुकान पर इनकी ठसक देखते बनती थी। अब तो सिर्फ नाम रह गया है, बुढ़वा मंगल।
(प्रियंका एलकेओ ब्लाग से)

लखनऊ में पिटा एक मुख्यमंत्री

लखनऊ के पांवों के नीचे लहू से सराबोर सुर्ख चादर बिछाने की मशक्कत ललमुंहे फिरंगियों से किसी भी मायने में कम उसके अपनांे ने नहीं की, बेटा चुगलखोर, तो बाप मुंहजोर। सरकारी ओहदेदार उस्ताद, तो मुख्यमंत्री सरगना। रिश्ते-नातों में आपाधापी, महलों में रंगरंलियों के ठहाके और चुंगी से लेकर कचेहरी दरबार तक रिश्वतखोरी, लूट का बांकपन छितराया था। गजब ऐसा कि बादशाह अमजद अली शाह जहरखुरानी का शिकार हुए। तकदीर की बुलंदी तो देखिए कि मामूली शहजादे से वली अहद का ओहदा पाये वाजिदअली शाह अवद्द की सल्तनत के तख्त पर काबिज हुए। बांके-तिरछों की बन आई, मोतियों के थाल लुट गये। हर तरफ हैरानी परेशानी, फरियादी गलियों में जूतियां चटकाते फिरते। ऐसी हाय तौबा, ऐसा गुस्सा कि सूरज और गरम हो जाये और चांद का निकलना दुश्वार। गुस्से ओ.. गम की द्दुंध के बीच हैरतअंगेज हादसे से लखनऊ सहम गया।
    मुंशी केवल किशोर ‘नादिर उसल असर’ में लिखते हैं, ‘गोलागंज के मलिका-ए-जमानी के इमामबाड़े के पास से मुख्यमंत्री अमीनुद्दौला अपनी बग्धी में बैठा हुआ गुजर रहा था। उसके साथ उसका बलिष्ठ नौकर हुलास भी था। अचानक चार आदमी सामने आ गये। उनमें से एक तफज्जुल हुसैन ने घोड़े को काबू में किया और मुख्यमंत्री से अपनी बांकी की तनख्वाह मांगी। बर्खास्त नौकर समझ अमीनुद्दौला जब तक कुछ कहते तब तक और तीनों आदमी सामने आ गये। हुलास ने चारों को ललकारा तो एक ने गोली चला दी मगर निशाना चूक गया। दूसरे फजल अली नाम के बादमाश ने ‘मारो-मारो’ की हांक देकर अपनी बंदूक दाग दी गोली सही निशाने पर लगी हुलास लहूलुहान गिरते मरते भी अपनी तलवार से एक बदमाश हैदर खां को घायल कर गया। घायल हैदर दर्द से बेपरवाह अपने साथी तफज्जुल के साथ हाथ में खंजर लिए बग्घी में घुस गया। दोनों मुख्यमंत्री को काबू करने में गुत्थम-गुत्था हो गये लेकिन मुख्यमंत्री ने दोनों को थाम लिया। इस बीच तीसरे ने अपनी तलवार से मुख्यमंत्री के कंधे व बाजू को घायल कर दिया। चारों ने एक साथ उन्हें पीटकर दबोच लिया और दो बदमाशों ने उनके सीने से खंजर टिकाकर धमकी देते हुए कहा, ‘हम तुम्हारी जान नहीं लेंगे मगर किसी मददगर या तमाशबीन ने हम पर हमला किया तो यकीनन तुम्हें मार डालेंगे।’ तब तक भीड़ जुट गई थी लेकिन किसी ने मदद की पहल न की, मुख्यमंत्री खून बहने से खड़े नहीं हो पा रहे थे, टूटे-फूटे शब्दों से लोगों से मदद की गुहार भी लगा रहे थे लेकिन डर से कोई नहीं बढ़ा। बदमाशों ने उन्हें बग्धी से उतारकर पास की पुलिया पर लिटाया मगर खंजर की नोक जरा भी जुम्बिश न खाई।’
    इस हौलनाक खबर को पाकर अंग्रेज रेजीडेन्ट अपने सहायक लेफ्टिनेंट बर्ड के साथ चंद मिनटों में मौका-ए-वारदात पर पहुंच गया। मामले को रफा-दफा करने की कोशिश को नाकाम करते हुए एक बदमाश बोला, ‘अजी, अंधेरेगर्दी मची हुई है। दरबार में भले आदमियों की गुजर नहीं, नौकरी छीन ली। अब कहां से खांएं? हमें मजबूरी में यह सब करना पड़ रहा हैं मुख्यमंत्री को हम तभी छोड़ेंगे जब हमें पचास हजार रूपया नकद और बगैर छेड़छाड़ के कानपुर जाने दिया जाएगा।’
    रेजीडेन्ट ने किसी समझौते से इनकार करते हुए वायदा किया कि यदि वे मुख्यमंत्री को सही सलामत छोड़ देंगे तो उन्हें भी कुछ नहीं होगा। उन्हें रेजीडेंसी में पनाह दी जायेगी अवध सरकार को नहीं सौंपा जायेगा और पचास हजार रूपयों को मुख्यमंत्री से ही तय करें। इसी बीच मुख्यमंत्री के रिश्तेदार तीन-चार हाथियों पर पचास हजार रूपए लादकर आ गये। बदमाशों को रेजीडेन्ट मय रूपयों के रेजीडेन्सी ले आये और एक कमरे में टिका दिया।
    रेजीडेन्ट ने खुद जाकर नवाब वाजिद अली शाह को पूरा वाक्या सुनाया। नाराजगी के बाद बदमाशों के लिए अपने सिपाहियों के साथ हथकडि़यां भेजीं लेकिन रेजीडेन्ट ने मना कर दिया। बाद में इन बदमाशों को अवध सरकार को सौंप दिया गया। मेजर जनरल स्लीमेन की किताब ‘ए जर्नी थ्रू दि किंगडम आॅफ अवध’ के अनुसार मुख्यमंत्री ने नवाब को लिखकर भेजा था कि मुजरिमों को फैसला होने तक मारा-पीटा न जाय। बदमाशों पर मुकदमा चला, तीन बदमाशों फजल अली, तफज्जुल हुसैन, हैदर खान को उम्र कैद हुई। पीलीभीत के रहने वाले चैथे बदमाश अली मुहम्मद को पीलीभीत भेजकर उस पर कड़ी निगरानी रखी गई। नवाब वाजिदअली ने इसे सल्तनत की बेइज्जती मानी और मुख्यमंत्री अमीनुद्दौला को बरखास्त कर दिया। नए मुख्यमंत्री हुए अली नकी जिन्हें बाद में अंग्रेजों ने खरीद लिया था। यही अवध की सल्तनत को अंग्रेजों की झोली में डालने का असल षड़यंत्रकारी भी कहा जाता है।
प्रियंका एलकेओ ब्लाग से

आदमी हूँ तो आदमियत की बात करता हूँ

कलम को किसी एक की हिमायत में या तारीफ में अड़ाना बहुत ठीक नहीं है। कलम पर बिना हिचक पेड पत्रकारिता या पीत पत्रकारिता का इलजाम लगते देर नहीं लगती, लेकिन जो सामने दिखता हो उसे कागज पर लिख देना पत्रकार का कर्तव्य नहीं? पत्रकारिता का धर्म नहीं? इसीलिए एक सजग कलमकार की हैसियत से एक सेवाभावी आदमी का विशलेषण करने की जरूरत होती है। भले ही उसे व्यक्तिगत कहकर आरोपों की चहारदीवारी में धकेला जाय। उससे पहले बता दूं, जब व्यक्तिगत सार्वजनिक होने लगे तब उस पर बात होनी लाजिमी है। कलम चले बगैर रह ही नहीं सकती, खासकर जब सूखे की राजनीति में खुब्तुलहवासी की जोरदार हवा बह रही हो।
    इतनी लाइने लिखनी इस कारण पड़ीं कि नौकरशाही से सार्वजनिक सेवा के हाइवे पर आ रहे डी.के. शर्मा के सार्थक प्रयासों का जिक्र करने जा रहा हूँ। डी.के. शर्मा का नाम लखनऊ के रहने वाले बहुत अच्छे से जानते हैं। किसी भी राजनैतिक दल के नेता, कार्यकर्ता और सामान्यजन मेें मृदुभाषी शर्माजी खासे लोकप्रिय हैं। इसके पीछे उनका लक्ष्यघोष ‘जल ही जीवन है’ रहा है। वे लखनऊ जल संस्थान में सचिव से महाप्रबन्धक पद पर मुस्कराता हुआ सेवाभावी चेहरा रहे। सबकी सुनना, उसका समाधाना करना बल्कि उसे यूं भी कह सकते हैं लखनऊ का प्याऊ रहे। शर्मा जी ब्राह्मण परिवार में जन्में लेकिन उनके लिए पानी कभी भी मुसलमान या हिन्दू नहीं रहा। रमजान हो या होली-दिवाली जलापूर्ति के लिए उन्हें धर्मगुरूओं से लेकर राजनेताओं तक ने  सराहा। उनके साथ काम करने वाले कर्मचारी आज भी उनकी कार्यशैली की तारीफ करते नहीं अघाते। इसकी गवाही में जलसंस्थान के कर्मचारी संगठन के पदाधिकारी कहते हैं, कर्मचारियों की समस्याओं के लिए कभी प्रदर्शन, घेराव या आन्दोलन की नौबत नहीं आई। वे हर कर्मचारी का दर्द समझते थे।’ यही हालात घड़ाफोड़ जैसे जन प्रदर्शन की भी रही। उनकी इसी छवि ने उन्हें विराम नहीं लेने दिया। वे आज भी हर दिन दो-ढाई सौ लोगों से मिलते हैं। उनकी समस्याओं को सुनते हैं, भरसक उससे छुटकारा दिलाने का सार्थक प्रयास करते हैं। इसे नेतागीरी या सेवाभाव के खानों में नहीं बांटा जा सकता। यह स्वाभाविक मानवीय गुण है, जो उनके छात्रजीवन से ही निखरने लगा था। जब वे गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग कालेज के छात्र थे तभी वहां के छात्रों ने उन्हें अपना अध्यक्ष बनाया था। छात्रसंघ अध्यक्ष डी.के. शर्मा को उनके साथी आज भी भूले नहीं हैं। चुनावी राजनीति और गठजोड़ों की तारीफ? उनके पुराने साथी बेहद प्रभावी अंदाज में करते।
    महापुरूषों ने जिन सपनों के लिए संघर्ष किया, वे आज जगह-जगह बिखरे दिखाई देते हैं। आम आदमी हारा और हताश है। राज्यसत्ता अपनी महात्वाकांक्षाओं के चैराहे पर खड़ी होकर जनप्रलाप सुन नहीं पा रही है। अपराध, हिंसा, अलगाव और विकास के फटे ढोल की धमक से सूबे भर के लोग बिलख रहे हैं। छोटी से छोटी समस्या के लिए उम्मीद बांधे लोगों में निराश है। इस पीड़ा का अनुभव शर्मा जी को लगातार होता रहा, इसीलिए सेवानिवृत्ति के बाद कांग्रेस पार्टी में शामिल होकर उसके द्वारा चलाये जा रहे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने में अगली कतार में दिखते हैं। पिछले दिनों सपा सरकार के कानून-व्यवस्था में विफल रहने को मुद्दा बनाकर कांग्रेस द्वारा किये गये राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन के दौरान राजद्दानी लखनऊ में प्रदेश कांग्रेस
अध्यक्ष निर्मल खत्री के नेतृत्व में कदम से कदम मिलाते हुए डी0के0 शर्मा चले। इस आयेजन के प्रचार की कमान वे बखूबी सम्भाले रहे।
    सामाजिक संगठन परशुराम ब्राह्मण जन कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष, अखिल भारतीय लोकाधिकार संगठन के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व एक दैनिक समाचार-पत्र के सलाहकार सम्पादक होने के साथ सियासत के मोहल्ले में भी अपनी पूरी उपस्थिति दर्ज कराए हैं। लखनऊ के कांग्रेसजनों के बीच जहां लोकप्रिय हैं, वहीं राजधानी के लाखेां वाशिन्दों के बीच जाना-पहचाना चेहरा हैं। वे जनविकास की जिम्मेदारी निभाते हुए हजारों कदम चल चुके हैं। उनका कहना है कि आदमी हूं तो आदमियत की बात करता हूं। उन्हें पूरा विश्वास है कि विकास का जो रास्ता कांग्रेस चुनती आई है। उससे हर देशवासी को लाभ पहुंचता रहा है, और आगे भी पहुंचेेगा। महंगाई का बढ़ना, भ्रष्टाचार का गहराना और महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध बढ़ती आबादी और सामाजिक मान्यताएं टूटने के कारण जिस तेजी से अपने पांव पसार रहे हैं, उसी तेजी से कांग्रेस उनके समाधान के रास्ते भी तलाशती जाती है। जाति, सम्प्रदाय, क्षेत्रीयता आदि संकीर्णताओं से ऊपर उठकर एक बेहतर समाज बनाने के कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी के अभियान में पूर्णतया समर्पित डी0के0 शर्मा निरंतर सक्रिय हैं। शर्मा जी के जनसंपर्कों को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी सराहा है।