Thursday, April 18, 2013

प्रियंका की आवाज हुई बुलंद

लखनऊ। आपके अखबार ने साल भर पहले लिख था ‘भारतवासी फेंक देते हैं 883.3 करोड़ किलो जूठन’ (देखें ‘प्रियंका’ 1 मार्च, 2012’ का अंक) जिससे 35 करोड़ गरीब भारतीयों का पेट पूरे साल भर तक भरा जा सकता हैं। इस खबर में तमाम आंकड़े भी दिये गये थे। भुखमरी कुपोषण की असलितयत के साथ शिवरात्रि पर्व में की जानेवाली दूध की बर्बादी का खुलासा भी किया गया था। इस खबर को हिन्दी साप्ताहिक ‘ब्लिट्ज’ के पूर्व संपादक व ‘नूतन सवेरा’ के संपादक श्री नन्द किशोर नौटियाल ने सबसे पहले सराहा और ‘प्रियंका’ के पाठकों ने भी मुक्तकंठ सराहना की थी। आज इसी को सिनेमा से लेकर दुनिया के बड़े संगठन उठा रहे हैं, अभियान चला रहे हैं।
    इस सामाजिक भ्रष्टाचार के मुखालिफ ‘प्रियंका’ की आवाज से आवाज मिलाते हुए कलई खोली है संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनइपी), खाद्य एवं कृषि संगठन (एफओए) व वेस्ट एंड रिसोर्स एक्शन प्रोग्राम (डब्ल्यूआरएपी) ने, इन संगठनों ने एक साथ मिलकर खाद्यान्न बचाने की वैश्विक पहल की है। इनकी पिछले महीने आई रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया में हर साल 1.3 अरब टन खाद्य पदार्थ बर्बाद हो जाता है। इसे मामूली उपयों से बचाकर दुनिया के करोड़ों भूखों का पेट भरा जा सकता है। ‘प्रियंका’ के अनुमान से कहीं अधिक 11 किलो खाद्य प्रति व्यक्ति बर्बाद होता है, भारत समेत एशियाई देशों में और विकसित देशों में यही आंकड़ा 115 किलो हैं।
    ‘प्रियंका’ और भी गदगद है कि 2013 के इस्तकबाल के समय उप्र के सर्वाधिक पिछडे़ इलाके सोनभद्र जिले के ऊर्जा उत्पादन क्षेत्र ओबरा में 17 जनवरी को हुए पत्रकारों के लघु कम्भ में ‘प्रियंका के हस्ताक्षर-2013’ अंक का लोकार्पण स्थानीय पत्रकारों ने कराया। इससे भी आगे बढ़कर पाठकों में अंक प्राप्ति की होड़ लगी रही। यह तब हुआ जब ‘प्रियंका’ के लखनऊ मुख्यालय से संपादक/प्रकाशक या अन्य कोई भी उस समारोह में मौजूद नहीं था। इस उद्य़म और मेहनत का पूरा श्रेय वाराणसी मण्डल ब्यूरों व उसके संवाददाताओं को ही है।     धन्यवाद!

न मुलायम, न सख्त सपा का हीरामन


लखनऊ। ‘टीपू सुल्तान’ जिन्दाबाद की गंूज में मगन सूबे की समाजवादी सरकार अपनी उपलब्धियों का ढोल खूब ऊँची आवाज में बजाने में मस्त है। यही वजह है कि जरूरतमंदों और भूखे-नंगों की आवाज नौजवान मुख्यमंत्री तक नहीं पहुंच पा रही। यह सच है कि सरकार के युवा मुखिया अखिलेश यादव की छवि जो जनता के बीच बनी है वह निश्छल, ईमानदार और उत्साही आदमी की है। वे करना बहुत कुछ चाहते हैं, पर बेलगाम चाचाओं की फौज और बेअदब नौकरशाहों की अनुशासनहीनता का अंगदी पांव उनके आड़े आ जाता है। वे मीलों साइकिल चला कर मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे हैं, तो महज सुस्ताने के लिए नहीं। उनके मन मंे गरीबों, पीडि़तों और शोषितों के लिए बहुत दर्द है, लेकिन वे उनके लिए कुछ भी नहीं कर पा रहे हैं। वे प्रशासन को चुस्त बनाना चाहते हैं, पर सचिवालय में उनके आदेशों का पालन नहीं होता। उनकी घोषणाओं और चेतावनियों पर कोई ध्यान नहीं देता। तिस पर जब-तब सपा मुखिया की हड़क-दड़क। यही है साइकिल पर सवार उप्र की ठहाके लगाती सरकार का सच।
    मुख्यमंत्री की दयनीय हालत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्हें अपनी सरकार की सालगिरह के जश्न के बाद भी कहना पड़ रहा है कि अफसर सुधर जायें..., अब सख्ती होगी, प्रदेश में थानों की दशा देखकर बाहर से ही डर लगने लगता है... इनमें सुधार किया जाएगा। यह कानून और व्यवस्था से जलते सूबे के लिए आग में घी डालने जैसा है। वह भी तब जब सरकार ने विधानसभा सदन के भीतर माना है कि सूबे में अपराध  बढ़े हैं। अकेले 642 बलात्कार के मामले साल भर में हुए हैं। इन बलात्कार पीडि़तों के आँसूं पोंछने के लिए सरकार ने कुछ भी नहीं किया। जबकि विधानसभा चुनावों के दौरान सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने सिद्धार्थनगर व बाराबंकी की चुनावी सभाओं में जनता से वायदा किया था कि अगर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो बलात्कार पीडि़ता लड़की को सरकारी नौकरी दी जाएगी और बलात्कारी के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। तब अखबारों में इसे जहां प्रमुखता से छापा गया था, वहीं भारी विवाद भी हुआ था। अपनी उस घोषणा को सपा सरकार क्यों भूल गई? ऐसें में ‘वूमेन पाॅवर लाइन’ का क्या मतलब रह जाता है जब थानों में रपट लिखाने गई युवती/महिला को सुरक्षा देने की जगह थानेदार थप्पड़ मारकर भगा देता है? यही नहीं जिन पर सरकार चलाने की जिम्मेदारी है वे अपने निजी आर्थिक फायदे के लिए, जमीन के छोटे से टुकड़े के लिए, झूठे स्वाभिमान के लिए, धार्मिक स्थल के अपमान के नाम पर हिंसा के रास्ते पर चल पड़ते हैं। छोटी से छोटी बात को निपटाने के लिए उनमें सरकारी ताकत का बेजा इस्तेमाल करने की आदत बनती जा रही है। इसी के चलते हर तीन घंटे में पुलिस कहीं न कहीं मार खा रही है, कई पुलिसवालों की हत्याएं हो चुकी हैं। क्या युवा मुख्यमंत्री के इरादों और सोंच की इसी तरह द्दज्जियां उड़ाई जानी चाहिए?
    उत्तर प्रदेश में उद्योग लगाने के लिए आमंत्रण बांटते मुख्यमंत्री उद्योगपतियों के एक सम्मेलन में आगरा पहुंचे थे। तब अखबारों में औद्योगिक इकाई लगाने की उनकी महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्रमुखता से छापा गया था, लेकिन अभी तक कोई करगर पहल नहीं हुई। वह भी तब जब सरकार 10729 करोड़ की रकम औद्योगिक विकास के नाम पर तय कर चुकी है। ‘आईटी हब’ की घोषणा के बाद बेहद धीमी गति से उस पर अमल हो रहा है। नौकरशाहों की काहिली का ही नतीजा है कि गए साल के बजट का आधा हिस्सा भी अधिकतर विभागों में खर्च नहीं किया गया। इतना ही नहीं कर वसूलने में भी कोताही बरती। सरकार और उसके कत्र्ताधर्ता आये दिन केन्द्र सरकर पर राज्य को पैसा न देने व बढ़ती महंगाई के लिए उस पर आरोप लगाते रहते हैं। हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। अफसरों के घुमा फिराकर दिये गये जवाब विधानसभा की कार्यवाही में मौजूद हैं। जवाहरलाल नेहरू रोजगार योजना और मनरेगा का क्रियान्वयन कलई खोलने के लिए काफी है। रही महंगाई बढ़ने की बात तो बेशक केन्द्र की नीतियां इसके लिए जिम्मेदार हैं, लेकिन राज्य सरकार ने बढ़ती महंगाई पर काबू पाने के लिए कौन से कदम उठाए? जबकि नियोजन विभाग के अर्थ एवं संख्या प्रभाग की ताजा रिपोर्ट बताती है कि रोजमर्रा के इस्तेमाल वाली वस्तुओं के दामों में 10 से 50 फीसदी तक इजाफा हुआ है। आज हालात इतने बदतर हैं कि सूबे में पैदा होते ही बच्चा 10988 रू0 का कर्जदार हो जाता है। यह कर्ज और बढ़ेगा नहीं इसकी क्या गारंटी हैै? जब बजट के आंकड़ें ही बता रहे हैं कि अब तक 219304 करोड़ रूपए का कर्ज बढ़कर इस साल 239878.35 करोड़ रूपये हो जाएगा। बिजली के मद में 32 हजार करोड़ रूपए से अधिक की देनदारी है। इसके लिए केन्द्र की वित्तीय पुनर्गठन योजना लागू करने की मशक्कत जारी है। इससे आम उपभोक्ता को झटका भर नहीं लगेगा बल्कि वह मरणासन्न हो जाएगा। यही नहीं सूबे के 26 जिला मार्गाें को डबल लेन करने के लिए एशियन डेवलपमेन्ट बैंक ने 2200 करोड़ रूपया कर्ज दिया है। कर्ज के बोझ से दबे सूबे के वाशिन्दे जीने मरने के लिए तड़प रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में रक्त समेत तमाम जांचे काफी महंगी हो गई हैं। वह भी तब जब रोगियों को आयुष डाॅक्टरों की गुंडई, उचित इलाज व दवा का अभाव झेलना पड़ता है। यही हाल कूड़ा प्रबंधन को लेकर है, सामान्यजन पैसा देने के बाद गंदगी और सफाईकर्मियों की बदतमीजी से बेहद परेशान है। सरकारी खजाना भरने के चक्कर में जगह-जगह शराब की दुकाने खोलने के साथ आधुनिक ‘शाॅर्पिंग माॅल’ मे ंभी शराब बेचने की इजाजत दे दी गई।
    मुख्यमंत्री निश्चित ही तेजतर्रार, लगनशील और मेहनती हैं। वे सुबह से देर रात तक बिना थके मेहनत करते हैं। उनकी सरलता का दुरूपयोग 80 फीसदी अफसर से लेकर मंत्री तक कर रहे हैं। उनकी सज्जनता के चलते ही सूबे में प्रजातंत्र की बहाली से लेकर विपक्ष के ऊँचे स्वर सुनाई देते हैं। तभी तो भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता आरोप लगाते हैं कि सूबे की सभी योजनाओं में मुस्लिमपरस्ती के साथ घोटालों का बोलबाला है। आरटीआई से हासिल जानकारी के आधार पर उनका दावा है कि राज्य सरकार ने अपने शुरूआती 8 महीनों में साढ़े आठ करोड़ रूपए बेरोजगारी भत्ते में बांटे और इसे बांटने के आयोजनों पर साढ़े बारह करोड़ खर्च किया। इसी तरह राजधानी लखनऊ में बांटे गए 10 हजार लैपटाप में अकेले 3192 शिया पीजी काॅलेज व 1569 करामत हुसैन गल्र्स काॅलेज को देकर मुस्लिम तुष्टीकरण किया गया। भाजपा प्रवक्ता का कहना है कि 26 सौ करोड़ की इस योजना में भी इसके वितरण आयोजनों पर अनाप-शनाप खर्च किया जाएगा। सरकार मुर्गी से ज्यादा मसाले पर खर्च कर रही हैं?
    विपक्ष का आरोप है कि सरकार का पूरा साल नाकामियों से भरा रहा है। मुख्य विपक्षी दल बसपा के वजनदार नेता नसीमुद्दीन कहते हैं, सरकार साढ़े चार सीएम चला रहे हैं। वहीं कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता कहते हैं कि मुझे तो समाजवादी पार्टी के हीरमन है सरकार की विफलताओं को जनता को बताने के लिए लगभग समूचा विपक्ष धरना-प्रदर्शन करके वापस अपने-अपने दफ्तरांें में पंखों के नीचे बैठकर अपने व अपने भय्याजी के लोकसभा चुनाव के टिकट पर बहस करने में व्यस्त हो गया है। मुसलमान उलेमा/नेता ‘सरकार चलानी है तो मुसलमानों की मदद करनी होगी’ जैसी धमकी देकर सरकार को दबाव में लेने के हर संभव प्रयास में है। हाल के कुंडा कांड से ठाकुरों में नाराजगी है। यादव (अहीर समाज) पार्टी दफ्तर से सरकार तक अपनी पूंछ ने होने से अंदरखाने नाराज है। कुल मिलाकर सपा का एटीएम (अहीर$ठाकुर$ मुसलमान) टूटने बिखरने के कगार पर है। वहीं सपा मुखिया 2014 में लोकसभा की कुल 80 सीटों को अपनी साइकिल पर लाद लेने के लिए बेताब हैं। किसी को भी दुनिया के सर्वाद्दिक गरीबों में 8 फीसदी आबादी वाले उप्र की चिन्ता नहीं है।
    मुख्यमंत्री अखिलेश को बिग-बिग थैंकयू बोलने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या 2014 के लोकसभा चुनावों तक 41 लाख से अधिक होगी अगर सब कुछ ठीक-ठाक रहा। इन सभी को तब तक लैपटाॅप, टैबलेट मिल जाने हैं। इस महत्वाकांक्षी योजना के साथ गरीबों को कम्बल, साड़ी, कन्या विद्याधन, हमारी बेटी उसका कल को भी जोड़ लिया जाय तो यह संख्या लगभग तीन करोड़ आती है। यह संख्या लोकसभा चुनावों में वोटों में कितनी ही कम तब्दील हो तो भी 1.5 करोड़ से अधिक का आकलन समाजवादी पार्टी के खेवनहार लगा रहे हैं।
    आम जनता की उम्मीदों के तारे मुख्यमंत्री साल भर में महज चार बार जन मुलाकात के लिए समय निकाल सके, बाकी के दिनों में विदेश में छुट्टी मनाने, क्रिकेट खेलने, आयोजनो-समारोहों में शिरकत करने, शहीदों के घरों पर जाने या फिर सरकारी काम-काज निपटाने में अतिव्यस्त रहे। शिक्षक सड़कों पर पिटते रहे तो स्कूलों में ‘मुन्ना भाईयों’ का बोलबाला रहा और संस्कारी मुख्यमंत्री अंकल-आंटी वाली नौकरशाही का सम्मान करते रहे। अति सज्जन, सौम्य मुख्यमंत्री 2013 के बाकी दिनों में इस सबसे उबर कर नये आशाजनक कदम उठा पाएंगे?

Sunday, March 24, 2013

प्रियंका  हिन्दी पाक्षिक ३ ४ सालो से लखनऊ शहर से छप रही है । देश के सभी शहरों में संवाददाताओ /रिपोर्टर्स की अवश्यकता है । संपर्क ---मोब ..९८ ३ ९ १ ९ १ ९७ ७  

Tuesday, March 12, 2013

ओबरा में पत्रकारों का लघु कुंभ


सूरज ने भी आसमान पर अपने हस्ताक्षर कर दिये
वो मुतमइन हैं कि पत्थर पिघल नहीं सकता।
मैं बेकरार हूँ आवाज में असर के लिए।।
यकीन मानिये सोनांचल के ऊर्जाक्षेत्र में हिन्दी पुत्रों के चमकते ललाट और दपदपाती ऊर्जा से समूचा वातावरण पर्व जैसा परिभाषित हो रहा था। माता सरस्वती जैसे साक्षात दर्शन दे रही थीं तभी तो कंठ कोकिला रचना तिवारी मां का वंदन अभिनन्दन कर जहां अभिभूत थीं, वहीं समूची पत्रकार बिरादरी एक मत, एक स्वर से अपने अस्तित्व का शंखनाद कर रही थी। एक ऐसा आयोजन, एक ऐसा पत्रकारों का समागम जो संतों के धर्म संसद की परछाईं लगता। ऐसा यज्ञ जहां कलम के पुजारियों की हवियां राज-समाज को सुगंधित करने का संकल्प ले रही थीं। मौका था पत्रकारों के ‘चाचाजी’ मिथिलेश प्रसाद द्विवेदी का पैसठवां जन्मदिन और गजब देखिए पन्द्रह दिनों की ठिठुरती सर्दी के बाद आज ही सूरज ने भी आसमान पर अपने हस्ताक्षर कर दिये थे।
    हस्ताक्षर-2013, ‘प्रियंका’ के पन्नों पर चस्पा थे। अक्षरों के हलफनामे को गुरूवर पराड़कर और गणेश के वंशजों ने लोकार्पित कर माँ सरस्वती भक्तों के लघु कुम्भ में मौजूद अपनी पूरी पीढ़ी में बांटा। सारे भारत से आये पत्रकारों के बीच पत्रकारिता संस्थान काशी विद्यापीठ के निदेशक डाॅ0 राम मोहन पाठक की ओजस्वी वाणी गूंज रही थी, देश समाज का अस्तित्व होगा तभी पत्रकारिता का अस्तित्व रहेगा। मिशन के बिना पत्रकारिता का अस्तित्व नहीं।’ बीच में ही मोबाइल फोन की घंटी ने संचार तकनीक की उपस्थिति दर्ज कराई। संयोजक कमाल अहमद ने संचालक आर.पी. उपाध्याय को फोन थमाते हुए क्षमा मांगी। फोन पर लखनऊ से संपादक ‘प्रियंका’ हिन्दी पाक्षिक राम प्रकाश वरमा ने प्रणाम, बधाई, शुभकामनाओं के साथ व्यावधान के लिए क्षमा मांगते हुए पत्रकारों के लघु कंुभ को नारद मुनि का वह संकल्प बताया जिसके चलते आज भी सूचनाओं का प्रवहमन है। फोन बंद हुआ और जलपुरूष रमेश सिंह यादव बोल उठे, ‘लेखनी में वह ताकत है जो वैश्विक क्रांति को जन्म दे सकती है।’ प्रसिद्ध तीर्थ और प्रभुश्रीराम के चरणों से पवित्र हुई। धरती चित्रकूट से आये रामपाल त्रिपाठी का कहना था कि पत्रकारिता का अस्तित्व उसके सकारात्मक मिशन से हैं। सोनघाटी के चर्चित साहित्यकार डाॅ0 अर्जुन दास केसरी का आह्वान था, ‘गांव-गिरांव में जाकर पत्रकार साहित्य और समाज के मूल्यों को जागरूक करें।’ आकाशवाणी ओबरा के कार्यक्रम अधिशासी दशरथ प्रसाद की सीख थी, ‘हमें हर हाल में पत्रकारिता के मूल्यों को संजाये रखना होगा तभी हम पत्रकारिता मिशन को जिंदा रख सकते हैं।’ भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ0 भगवान प्रसाद
उपाध्याय ने आम आदमी के हितों के रक्षार्थ पत्रकार की सक्रियता पर खुली बात की, तो घोरावल क्षेत्र से विधायक रमेश दूबे ने विकास और आमजन के कल्याण की चिंता जाहिर की। विजय शंकर चतुर्वेदी ने कलमकारों को अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्ध होने के लिए चेताया, तो शिक्षक व साहित्यकार ओम प्रकाश त्रिपाठी ग्रामीणजनों की उपेक्षा से चिंतित दिखे।
    चैंसठ वर्ष पूर्व जन्मना बालक मिथिलेश प्रसाद द्विवेदी ‘चाचाजी’ ने अपने जन्मदिवस पर भीड़ भरे पंडाल पर नजर घुमाते हुए कहा, ‘लगातार कट रहा और बंट रहा समाज ऐसे ही समागम से जुड़ा रह सकता है। हमें इसी तरह एकजुट होकर नेकनीयति से निर्भीकता से आदमी के हक में काम करना होगा।’ और कुछ बोलने से पहले चारों ओर से शुभकामनाओं का नाद, बधाई की शहनाई और फूल मालाओं के संवाद गूंज उठे। पत्रकारों के इस मेले में उल्लास और हर्ष के पुरूस्कार बांटे जाने लगे। सम्मान का तिलक हर मष्तक पर चमकने लगा। फिर तो एक ही सदा थी, तुम बिना अवरोध के बढ़ते चलो शुभकामनाएं... शुभकामनाएं

बर्फ की सिल

मेरे बगल मंे लेटी हुई औरत के बदन पर तार भी नहीं था उसके जिस्म की गर्माहट में झुलसते हुए तमाम वक्त मेरे हाथों से फिसल चुका था, आज उसका वही बदन किसी बर्फ की सिल की तरह ठंडा लग रहा था। एहसास हो रहा था, मेरे बगल में लेटी हुई ताजा हाड़-मांस की औरत नहीं बल्कि फ्रिज में जमी बर्फ पसरी पड़ी हो। मैंने कई बार प्रयत्न किया, छू कर भी देखा मगर मुझे हर बार ठंडक का आभास मिला। शरीर में कंपकपी छाने लगी।
    यह मेरे लिए असहनीय था, मैं जब कभी ऐसे रास्ते से गुजरता तो लगता कि मैंने ईश्वर के विधान में दखल दे डाला है। शायद! सरल को यह एहसास मुझसे पहले से ही था। सरल का स्वभाव बेहद सरल था। सरल में दुनियां भर की खूबियों के बावजूद, ठंडेपन की एक चादर उसके बदन पर लिपटी रहती। मुझमें इतनी ताकत कभी पैदा न हो सकी कि उस ठंड़ी चादर के नीचे की गर्माहट का एहसास कर सकूं। मुझे यह कहने में कतई हिंचक नहीं कि शायद उतने समय के लिए मुझमंे नपुंसकता समा जाती रही है।
    सरल को लेकर जीवन की तमाम मुश्किलों का सफर आसानी से तय किया था। उसकी प्रेरणां से मोहब्बत और इंसनियत की जागीर का अकेला मालिक होने का दावा कर सका। सरल ने ही तो जीने के नये रास्ते की खोज में मेरा साथ दिया। सरल ने ही तो भूखे पेट को सिर्फ दो आंसुओं से भर लेने में मदद की। सरल ने ही तो निराशा को अपने बदन की गर्माहट से जलाकर भस्म कर दिया। फिर....... फिर आज उसके बदन की गर्माहट-मौन क्यों हैं?
    क्या हुआ है मुझे कि मैं उसके बगल मंे लेटा हुआ भी उसे बर्फ की गोद से नहीं निकाल पा रहा हूं? क्यों ऐसा होता है? क्या मैं उसके अहम् को कहीं कुचल तो नहीं रहा हूं? मेरे सामने सिर्फ सवालों की कतार है, जवाब का एक जुम्ला भी नहीं।
    इन सवालों की कतार से परे मुझे अपने जीवन के पिछले क्षणों के दृश्य दिखते है। मैं और सरल, सरल और मैं! कहीं कोई ठंडापन नहीं, कोई रीतापन नहीं। जोश और उमंग के समुद्र में तैरते हुए सरल और मैं। अचानक मेरा हाथ सरल के बदन से टकरा जाता है और विचारों की दुनिया से निकलकर यथार्थ की चिकनी और सपाट सड़क पर आ खड़ा होता हूं।
    ‘सरल...सरल.....। कोई उत्तर नहीं, सिर्फ ठंडी सांसे। अभी कल की ही तो बात है, गांव से पिता जी और भइया आये थे। सरल ने उन्हें आभास तक नहीं होने दिया कि वे अपने घर में नहीं हैं। सरल ने ही सारी मेहमाननवाजी पर कब्जा कर लिया था। पिता जी और भाइया बड़े ही खुश थे। जाने से पहले भइया ने मुझसे कहा था, ‘राम मैंने तुम्हें खत भी लिखा था कि खेतों ने इस बार हमारा साथ नहीं दिया हैं, हमें दस हजार रूपयों की जरूरत हैं, मगर तुमने कोई जवाब ही नहीं दिया।’
    ‘भइया मुझे तो तुम्हारा कोई खत नहीं मिला। बहरहाल मैं अभी देता हूँ।’
    वादा करके अंदर कमरे में गया,  अल्मारी खोल कर पैसे निकाले, और जैसे ही बाहर जाने के लिया घूमा, सरल सामने खड़ी थी। उसने एक नजर उन नीले नोटों पर डाली और दूसरी मुझ पर, फिर घूमकर चली गयी। उसकी खामोश निगाह ने क्या कहा? मैं न जान सका। मैंने बाहर आकर अपने बड़े भाई को रूपये दिये। उनको विदा करने की गरज से कोठी के गेट तक आया और उनके जाने के बाद भी लान में ही बैठा रह गया। दिल्ली की खुशनुमा शाम, माहौल में गर्माहट जरूर पैदा कर रही थी, मगर नागवार नहीं गुजर रहा था। शाम को और हसीन बनाने के इरादे से सरल को आवाज दी, मगर कोई उत्तर नहीं।
    मैं समझ गया कि खामोशी अब रंग लायेगी। मैं खुद ही अंदर गया। सरल रसोई में नौकर को कुछ समझा रही थी, मेरी मौजूदगी का एहसास होते ही, खामोशी ने उसका दामन थाम लिया। मैं तो यही कहुंगा। क्योंकि सरल खमोशी का दामन नहीं थाम सकती, इतना मैं अच्छी तरह जानता हूं। उसमें चंचलता कूट-कूट कर भरी है। जब चंचल हो जाती है तो किसी शरीर बच्ची की तरह और जब चंचलता ठहर जाती है तो उसका नयारूप एक खामोश बुत की तरह होता है। वो खामोश बुत मुझे बेचैन कर देता है। मुझे अच्छी तरह याद है, जब पहली बार यह खामोश बुत हम दोनों के बीच आया था। उस समय मैं दिल्ली की सड़कों पर अपनी मंजिल की तलाश में भटक रहा था। भटकाव में मेरे अपनों ने और भी भटका दिया। निराशा और भूख ने सरल के बदन से जेवरों को उतार लिया। जेवर जो औरत को पति के बाद सबसे प्यारे होते हैं। वही जेवर सरल से जुदा हो गये, मगर सरल ने उफ तक न की। फिर वक्त कब सरक गया, पता ही नहीं चला।
    दिल्ली जैसे शहर की भीड़ में अपनी पहचान बनाना बड़ा मुश्किल था, फिर भी सरल के साथ ने मुझे दिल्ली शहर का भारी-भरकम ‘साईन बोर्ड’ बना दिया। ठीक उसी तरह जैसे रेलवे स्टेशन पर ‘पीला बोर्ड’ उस स्टेशन और शहर की पहचान कराता है। दिल्ली शहर की ऊंची सोसाइटी में ‘राम’ का नाम लेने और याद रखने वालों की संख्या काफी लम्बी हो गई। तब आया एक नया मोड़, जो पिछले छूटे हुए मोड़ों के पास निकलता था। वहां मेरे परिवार के लोग हाथ फैलाये खड़े थे। मेरे अपने खून के रिश्ते भीख मांगते हुए सड़क पर खड़े हों, यह मुझे बर्दाश्त नहीं हुआ और मैंने बिना सरल की राय के उन फैले हाथों को बन्द मुट्ठी में बदल डाला। बस उसी दिन से मेरे और सरल के बीच वह खामोश बुत आ गया। सरल ने कभी शिकायत नहीं की। कभी कुछ मांगा नहीं। मांगा तो सिर्फ अपने खाये हुए, बिगड़े हुए जेवर। जो मैं दे न सका। ऐसा नहीं कि मैं दे नहीं सकता, मगर व्यापारी होने के नाते बैंक के लाकर का खर्च और पूंजी की हत्या बर्दाश्त नहीं होती। जी कड़ा करके जैसे-तैसे एक बार पूंजी की हत्या भी कर डाली मगर ईश्वर शायद मेरी सरल को जेवरों से जगमगाता नहीं  देखना चाहता था या फिर सरल का जेवरों के प्रति अटूट मोह उसे उससे दूर ले जाना चाहता था। जो भी हो, व्यापार में घाटा उठाना पड़ा और कर्जदारों ने कोठी के गेट पर खड़े हो लाल-पीली आंखे दिखानी शुरू की, तब एक बार पुनः सरल के जेवरों के बाक्स ने ‘शाख’ बचाई। वहीं जेवरों का बाक्स मैं न भर सका, लोगों की झोलियां भरने की आदत भी न छुडा सका। नतीजा वो खामोश बुत साये की तरह मेरे साथ लग गया। सरल मंे ठंडापन बढ़ता गया और मैं अपने दंभ में ठंडेपन को रौंदता गया और आगे बढ़ता गया।
    आज भइया को गांव गये दूसरा दिन है, मगर सरल ने मुंह नहीं खोला। रात बिस्तर पर निर्जीव सी पड़ी रही। बर्फ भी गर्मी पा कर पिघलने लगती है, मगर सरल शायद बर्फ से भी अधिक ठंडी हो जाती है, इन क्षणों में.... उफ! क्यों ऐसा होता है?