Sunday, October 14, 2012

सुन लो सुनाता हूँ एक कहानी...

एक थी लोकतांत्रिक राज की राजधानी। वहां था एक राजा। राजा हो गया था बूढ़ा, सो युवराज का राजतिलक कर दिया गया। युवा राजा पाकर प्रजा हो गई खुश। इधर प्रजा प्रसन्नता के सपने में थी, उधर युवा राजा और बूढ़ा पिता अपने राज को और बढ़ाने के लिए शराब कारोबारी के साथ चाय, पैसा बेचने वाले के साथ नाश्ता और वोट के ठेकेदारों के साथ भोजन करने में मस्त थे। घोषणा करने, आश्वासन देने व धन-भत्ता की खैरात बांटने में व्यस्त थे। देश की दूसरी राजधानियों के राजाओं से मेल-मुलाकात करके देश पर राज करने के मंसूबे बनाने में बूढ़े राजा और उनके चट्टे-बट्टे जी जान से लगे थे। इधर सूबे की राजद्दानी में युवा राजा अंकल, आंटी, मम्मी, बुआ और बहू के चोंचलों से घिरे। उधर राजधानी में आइएएस तक शोहदई पर अमादा। साथ के सूबेदार बलात्कार से लगाकर जमीनों का कब्जे के फेर में। कानून का राज.. कानून का राज.. का हल्ला मचाने के साथ ‘बोले यूपी’ का सिनेमाई ‘दयावान’ वाला अंदाज भी घर-घर दरवाजा खटखटाने लगा।
    अब सुनिए आगे का हाल-हवाल। पहले पिटे, होने वाले शिक्षक फिर प्रधान जी लोग। अब शायद पिटने की बारी है साठ हजार शिक्षकों की जो हड़ताल के चक्कर में हैं। खुली सड़क पर लड़के-लड़कियां शोहदई पर बजिद, तो सांड़ व कुत्ते बाकायदा बलात्कार के दुष्कर्म में लिप्त। शहर की हर सड़क पर प्रातःदर्शन में प्यारे-प्यारे कुत्तों को शौच करते, नालियों-नालों किनारे आदमी को हाजत से फारिग होते देखना हरिदर्शन है? मेयर साहब कहते हैं, साड़ों को पकड़कर मध्य प्रदेश भेज देंगे। तो जनाब आदमियों, कुत्तों और बन्दरों के लिए क्या इंतजाम होंगे ? शरीफ शहरी नागरिक जो गृहकर, जलकर समय से नकद जमा करते हैं उनका पानी बाकायदा चोरी करके बेचने वालों के लिए क्या करेंगे? और जो पार्षद इस कारोबार में साझीदार हैं उनसे कैसे निबटेंगे? यानी पीने का पानी शुद्ध रूप से नागरिकों को उपलब्ध नहीं ही है। इसके बाद भी जलकर तीन गुना बढ़ाने की कवायद जारी है? सफाई का हाल बेहाल है? इससे भी बुरी हालत बिजली की है। राजधानी के साठ फीसदी इलाके अंधेरे में हैं, इनका काम वैकल्पिक व्यवस्था से चलता है। लोग बाग सड़कों पर उतरकर रेल-बस रोककर विरोध प्रकट करते हुए पुलिस से पिट रहे हैं, फिर भी पूरी निर्लज्जता से बिजली की दरें बढ़ाई जा रही हैं। सड़क किनारे बेहाल मरीजों को ग्लूकोज चढ़ाया जा रहा है। एम्बुलेन्स व अस्पताल गेट/हाते में प्रसव कराये जा रहे हैं। दवा के नाम पर, प्राइवेट प्रैक्टिस के नाम पर लूट जारी है। यही हाल शिक्षा का है, वहां भी खुले हाथों लूट का आतंक है। फिर भी नारा है मुफ्त चिकित्सा/शिक्षा का? रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल महंगा। टी.वी. देखने वालों के लिए सेट टाॅप बाॅक्स या डीटीएच लगवाना अनिवार्य। या सारा केन्द्र सरकार ने थोपा है, लेकिन सूबे की सरकार अपना कर छोड़कर नागरिकों को राहत क्यों नहीं पहुंचा सकती? साफगो बात यह कि आप अपने हिस्से का पूरा कर वसूलेंगे और केंन्द्र सरकार पर आरोप मढ़ देंगे?
    महारानी साहिबा (पूर्व) और उनके दरबारियों की कारें पिछले बरस दो अरब से अधिक का पेट्रोल पी गईं। इस साल राजा साहब और उनके मंत्रिगण की कारें लगभग तीन अरब का पेट्रोल पिएंगी। यह खर्च नौकरशाहों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली कारों से अलग है। गरीब आदमी की थाली 16 रूपए की तो राजा साहब की सुबह की चाय ही 160 रुपए की? और थाली बेशकीमती? राजा साहब छुट्टी मनाने सपरिवार जाते हैं, विदेश और आदमी टी.वी. के सामने अपनी बीवी से रिमोट छीनते और रूठने पर उसे मनाने के जेहाद में जूझकर अपनी छुट्टियां मनाता है? ऐसे सैकड़ों किस्से बयान किये जा सकते हैं। मगर 2014 में होने वाले चुनावों की समाजवादी तैयारी के बगैर राजा-प्रजा की यह कहानी अधूरी रह जाएगी। भारत बंद में 13 हजार करोड़ के नुकासान में शामिल होकर राजा साहब और उनके पिता ने किसका भला किया? बिचैलियों का, व्यापारियों का या आम नागरिकों का? या फिर अपनी संभावित गोलबंदी का? इस गोलबंदी की मार बंगाल से चेन्नई तक जारी है। अंदरखाने नागपुरवालों से भी खुसर-पुसर की तरंगे सियासी हवा में तैर रही हैं। सूबे में खैरात (कई योजनाओं के जरिए) बांटने के साथ छः महीने की उपलब्धियों के प्रचार में राजकोष के धन को खुले हाथों लुटाकर कार्यकर्ताओं तक को ठगा जा रहा है? संसाद/विधायक/पार्षद/प्रद्दान तक बीस-बीस लाख की गाडि़यों के काफिले में सड़कें रौद रहे हैं? मरीज ढोने वाली एम्बुलेन्स वोटरों के थोक व्यापारियों के दरवाजे खड़ीं हैं? इससे भी दो कदम आगे अल्पसंख्यक वोटर कहाने वाले खुले हाथों दंगा करते हैं, भगवान की मूर्ति तोड़ देते हैं और पुलिस सिर्फ तमाशाई रहती है। बाद में बयानों के जरिये नागरिकों को गुमराह किया जाता है? यह किस किस्म की चुनावी तैयारी है?
    मैं यहां एक सवाल पूंछना चाहता हूँ। हालांकि यह सवाल कई बार पूंछ चुका हूं कि यह सूबा उत्तर प्रदेश किसका है? भाजपाइयों का, सपाइयों का, कांग्रेसियों का, बसपाइयों का या फिर अल्पसंख्यक मोर्चाे का है? ठाकुरों, बाभनों, बनियों, लालाओं, यादवों, कुर्मियों या हरिजनों का है? या अपराधियों शोहदों का है? या लुटी-पिटी रोती औरतों का है? या फिर वोटर कार्डधारक वोटरों का हैं? आखिर यह सूबा किसका हैं? कौन जवाब देगा? तो किस्सा कोताह ये कि मेरी किस्सागोई शायद आपको थका रही होगी, लेकिन युवा राजा की इस कहानी पर सोंचिए फिर फैसला आपके हक में हो सकता है।

सियासत के मोहल्ले में आया लालू का बेटा

पटना। राजनीति की चिकनी सड़क पर लालू यादव के बड़े सुपुत्र तेज प्रताप ने भी नितीश कुमार सरकार के खिलाफ मोर्चा निकालकर अपने छोटे भाई तेजस्वी के साथ कदम बढ़ा दिये। मजे की बात है कि उसी बी.एन. कालेज व पटना विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ तेज प्रताप छात्रों के लिए सुविधाओं की मांग कर रहे थे, जहां से 40 साल पहले लालू यादव ने छात्र नेता के रूप में अपनी पहचान बनाई थी। राष्ट्रीय जनता दल की यूथ विंग की कमान भी तेज प्रताप संभालेंगे। वे छात्रों के बीच काम करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कुछ ही समय पहले औरंगाबाद, बिहार में मोटरसाइकिल का शोरूम भी खोला है। राजनीति और व्यापार में दोनों पैर जमाकर राजद के युवराज उप्र की तर्ज पर बिहार के सिंहासन पर कब्जा करने की जंग लड़ने सड़कों पर उतर गये हैं।

‘मैनफोर्स’ का आतंक या शोहदाई का आक्रमण

लखनऊ। औरैया की युवती को बंधक बनाकर सपा विधायक मदन सिंह गौतम व उनके चार साथियों ने चार महीने तक लगातार बलात्कार किया। ऐसा आरोप पुलिस अद्दीक्षक को दी गई तहररी में पीडि़त युवती ने लगाया है। इस घटना से पहले लखनऊ-दिल्ली के बीच चलने वाली वीआईपी गाड़ी लखनऊ मेंल में यात्रा के दौरान सूबे के आइएएस शशिभूषण लाल ‘सुशील’ ने सहयात्री युवती से छेड़छाड़, मारपीट की व बलात्कार करने का प्रयास किया। इसी दिन कैसरबाग क्षेत्र में दबंगों  ने मां के साथ जा रही युवती को न सिर्फ छेड़ा वरन् उसके कपड़े तक फाड़ने के प्रयास किया। हर पांच मिनट में पांच लड़कियों को राजधानी में छेड़ने के मामले सामने आते हैं। पूरे सूबे के हालात का अंदाजा लगाना तब और आसान हो जाता है जब कानपुर में भरे बाजार दो लड़कियों से अश्लील हरकत करते रहे शोहदे और पुलिस घटना से ही इन्कार करती रही। इससे भी दो कदम आगे अलीगढ़ की खैर कोतवाली में तैनात रहे सिपाही ने छात्रा से दुष्कर्म कर उसकी वीडियों क्लिप बना ली। इन शर्मनाक घटनाओं की बाढ़ में भगवान श्रीकृष्ण की बाललीलाओं की पवित्र धरती नंदगांव (मथुरा) के एक विद्यालय की शिक्षिका से वहीं के सह-समन्यक ने बलात्कार कर डाला। इस कुकर्म में विद्यालय की प्रद्दानाचार्या भी शामिल थीं। इलाहाबाद के मांडा इलाके में 17 साला छात्रा के साथ उसके ही चचेरे भाई ने अपने डाक्टर मित्र व एक अन्य दोस्त के साथ डाक्टर मित्र के क्लीनिक में बंधक बनाकर तीन दिन तक बलात्कार किया। वहीं फर्रूखाबाद के जिंजौरा व पहाड़पुर गांव में युवती से छेड़छाड़ को लेकर आमने-सामने गोलियों की बौछार होने की खबर आई हैं।
    इससे भी अधिक खतरनाक घटना अलीगढ़ के अतरौली विद्दान सभा क्षेत्र के गांव विद्दीपुर की है। गांव की युवती के साथ वहीं के युवक ने दुराचार किया। पंचायत बैठी युवक ने अपना अपराध कबूल किया। पंचों ने फैसला सुनाया भरी पंचायत में आरोपी को दस जूते युवती मारे और 80 हजार जुर्माना पीडि़त परिवार को मिले। घटनाएं तो इतनी हैं कि अखबार में पन्ने कम पड़ जाएंगे। ये घटनाएं महज बानगी भर नहीं हैं, वरन् समाज की बदलती सांेच का घृणित चेहरा हैं, कानून के खौफ को बिला जाने की है।
    तकलीफ तो तब और होती है जब मुख्यमंत्री से लेकर डीजीपी तक बयान देते हैं, चाहे कोई भी हो बहू-बेटी से छेड़छाड़ महंगी पड़ेगी या लड़कियों को नहीं जाना होगा थाने, पुलिस लिखाएगी मुकदमा।’ ये झूठे आश्वसनों वाले बयान लगातार बढ़ती शोहदई और बलात्कार के सामने प्रदेश की महिलाओं/ युवतियों का मजाक उड़ाने वाले लगते हैं। पुलिस क्या करती है या क्या कर रही है? इसे कौन नहीं जानता। इससे भी दो कदम आगे बढ़कर उपदेशकों के हास्यास्पद बयान भी ठहाके लगा रहे हैं, ‘नियमों का पालन हो तो आसान होगा महिलाओं का सफर’, ‘मानसिकता बदलें, नहीं तो घर में छेड़ी जाएंगी लड़कियां।’ कैसे बदलेगी मानसिकता? कौन बदलेगा? वह भी तब जब टी.वी. के पर्दे पर विज्ञापन (स्प्राईट कोल्ड ड्रिंक) में ‘कैसे ले लूं मैं इसकी....’, इच गार्ड में स्त्री गुप्तांग को खुजलाते और मैनफोर्स के विज्ञापन के जरिए कंडोम के साथ का सुख खुलेआम पूरा परिवार (दादा-दादी, नाना-नानी, बहू-बेटी, बेट, पोते-पोती, नतिनी-नाती) रजामंदी के साथ देखता है। यहीं नहीं लड़कियांे को मेडिकल स्टोर पर 72 आॅवर पिल्स या कंडोम खरीदते, दुकानदार रोक सकता हैं?
    सड़क पर आधे-अधूरे कपड़ों में बाइक पर पूरी बेशर्मी से लिपटी युवती को कौन रोक सकता हैं? चार शोहदों को सरेआम किशोरी से अश्लील हरकत करने से कौन रोकेगा? वह पुलिस जो खुद थानों के भीतर यही सब करने के प्रयास में बदनाम है? वह कायर पाखंडी अभिभावक जो खुद पड़ोस की महिला/युवती से रंगरेलियां मनाने के सपने देखते हैं या मनाते हुए पकड़े तक जाते हैं?
    या फिर सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव का गए विधानसभा चुनावों के समय किया गया वायदा, ‘अगर उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो बलात्कार पीडि़ता लड़की को सरकारी नौकरी दी जाएगी और बलात्कारी के विरूद्ध कड़ी कार्यवाहीं की जायेगी।’ कहां हुआ है इस वायदे पर अमल? बसपा सरकार के समय के सोनम, शीलू कांड के अलावा कन्नौज, एटा, बाराबंकी, मुरादाबाद, चिनहट (लखनऊ) कांड का सपा मुखिया ने अपने चुनाव प्रचार में बेहतर प्रयोग किया था। उस समय बड़ा हंगामा भी हुआ था। उन कांडों की सुध लेना तो मौजूदा सरकार के ‘पिताजी’ भूल गये लेकिन जो हर पल घटने वाले बलात्कारों की खबरें आ रही हैं उन पर तो चुनावी वायदे को पूरा किया जा सकता है।
    बलात्कार या छेड़छाड़ क्यों बढ़ रहे हैं? इस सवाल को लेकर महज बहस नहीं शोध हो सकता है। पुरूषों पर बढ़-चढ़कर आरोप लगाये जा सकते हैं, लेकिन मानसिक नंगई पर, सामाजिक नंगई पर कौन सा शोध होगा? जब कंप्यूटर लिंग निर्धारण से लेकर बच्चा पैदा करने की तारीख तय कर रहा है और टी.वी. के पर्दे पर बच्चा जनने की सारी प्रक्रिया ‘थ्री इडियट्स’ के जरिए दिखाई जा रही है, तब ‘सत्यमेव जयते’ में चीखना बेमानी हो जाता है। जब पूनम पांडे, रोजलीन, गहना, शर्लिन चोपड़ा जैसी सिनेमाई युवतियां अपने सारे कपड़े उतारकर नंगई का हल्ला बोल देती हैं, तब सारा समाज गोलबंद होकर चटखारे लगाता है? सबसे बड़ा सवाल तो यह है कि पूरा सामाजिक, आर्थिक, राजनैतिक ढांचा जब बाजार में खड़ा है तो संस्कार के मूल्य कैसे बचाए जायेंगे? इसके जवाब में सरकार और सरपरस्तों को ही आगे बढ़कर पहल करनी होगी।
इश्कज़ादों और लापताओं के आंकड़े
वर्ष    गुमशुदगी दर्ज    मिले    शेष
2012 552    265    287
(1 जनवरी से 30 जून)
2011    957    837    120
2010    1012    948    64
2009    137    989    148
कुल        3658    3039    619

दादी अम्मा... दादी अम्मा मर जाओ...!

लखनऊ। दादी तुम कब मरोगी? दादी मर जाए तो....? जैसे अबोध और आतंकी सवालों के बीच पिछले पखवारे अंग्रेजी-हिन्दी के रोमांस से पैदा ‘वर्णशंकर पाठशालाओं’ मंे ‘ग्रांड पेरेंट्स डे’ कार्यक्रम सूबे के महानगरों से लेकर कस्बों तक में आयोजित किये गये। इनमें बच्चों ने अपने दादा-दादी, नानी-नाना के लिए ग्रीटिंग कार्ड, बेस्ट स्टोरी, गेम्स, फैशन शो आदि का उपहार देकर आनंद उठाया और स्कूलों ने मोटी कमाई की।
    पांच दशक पहले ‘धूल का फूल’ सिनेमा आया था, जिसमें रूठी हुई दादी अम्मा को मनाने के लिए उनके पोता-पोती ने गाना गया था, ‘दादी अम्मा.... दादी अम्मा.... मान जाओ...’। आज अधिकांश परिवार के बच्चे बगैर दादी-दादा के यहां तक बगैर मां-बाप के क्रेच, डे बोर्डिंग और हास्टलों में अपना बचपन गुजार रहे हैं। ऐसे में इन उधार की पाठशालाओं के धनबटोरू पाखण्ड से बच्चों को कौन से संस्कार मिलंेगे?

Monday, September 17, 2012

‘सुधा’ की सम्पादकीय सम्मति कुछ अपने संबंध में


ईश्वर की कृपा से सुधा के प्रथम वर्ष का प्रथम खंड सकुशल समाप्त हो गया। यह सातवीं संख्या प्रेमी पाठकों की सेवा में उपस्थित की जाती है। सुधा कैसी निकली या निकल रही है, इसका फैसला करने का अधिकार पाठकों को हैं। हम केवल इतना ही निवेदन कर देना चाहते हैं कि हमने यथाशक्ति पाठकों की सेवा में उत्कृष्ट सामग्री उपस्थित करने की चेष्टा की है, और यह हमारी चेष्टा उत्तरोत्तर बढ़ती ही जायगी। इस समय हिंदी की दिन-दूनी रात-चैगुनी उन्नति हो रही है। उच्च साहित्य का आदर्श भी उच्चतम होता जा रहा है। नई-नई उच्च कोटि की पत्रिकाएं निकल रही हैं। प्रत्येक हिंदी का पत्र अपनी उन्नतिकरने में लगा हुआ है। यह बड़े ही हर्ष की बात है। हम सातवीं संख्या सुधा में कुछ परिवर्तन कर रहे हैं। आशा है, ये परिवर्तन पाठकों को रूचिकर होंगे। ‘चित्रकला’-स्तंभ के स्थान पर ‘ललित कला’ स्तंभ रक्खा गया है। इसमें चित्र, संगीत, अभिनय, रंगमंच, उपन्यास, कहानी, नाटक, कविता आदि सभी ललित कलाओं पर लेख और नोट रहेंगे। इस स्तंभ में विश्व-साहित्य का भी परिचय देने की चेष्टा की जायगी। इस प्रकार यह स्तंभ बहुव्यापक और अधिक उपयोगी बन जायेगा। इसके अतिरिक्त ‘चारू चयन’, ‘देश-विदेश’ आदि कई अस्थायी स्तंभ भी देने का विचार है। उनमें से कभी कोई स्तंभ रहेगा, कभी कोई। हमने इस बात का भी प्रबंध किया है कि प्रतिमास किसी विदेशी नाटककार, उपन्यासकार या कहानी-लेखक का परिचय, उसकी सर्वोत्कृष्ट रचना का अनुवाद या आलोचना भी दी जाया करे। इस संख्या से पं0 विश्वंभरनाथ शर्मा कौशिक का ‘मा’ उपन्यास भी शुरू कर दिया गया है। यह क्रमशः निकलेगा। इसके बाद वर्तमान उत्कृष्ट हिंदी-लेखक, हमारे परम मित्र बा0 जयशंकरप्रसादजी का ‘कंकाल’ उपन्यास क्रमशः निकाला जायगा। यह उपन्यास बहुत ही उच्च कोटि का होगा। अगली संख्या से हिंदी के वर्तमान लेखकों और लेखिकाओं का सचित्र परिचय भी, ‘साहित्य-संसार’-स्तंभ देकर, क्रमशः प्रकाशित किया जायेगा। तात्पर्य यह कि सुधा को और भी अधिक उत्कृष्ट और उपयोगी बनाने के लिये भरसक पूरी चेष्टा की जायेगी। आशा है, हिंदी-प्रेमी जनता की ओर से हमें पूर्ण सहायता और सहयोग प्राप्त होगा।