Sunday, November 6, 2011

और वह हीरामन तोता उड़ गया...

प्रियंका पंचायत (संपादकीय)
किसी भी कालजयी रचनाकार का सम्यक् मूल्यांकन उसके जीवन-काल में नहीं होता-तुलसी, निराला और प्रेमचंद का कृतित्व इसका गवाह है। स्वर्गीय दुलारे लाल भार्गव जी की ‘दुलारे दोहावाली’ पर यद्यपि सर्व प्रथम ‘देव पुरस्कार’ दिया गया, परन्तु उनका विरोध भी उनके जमाने में खूब किया गया। किसी ने उन्हें लेखकों का शोषक कहा, (वैसे सही अर्थाें में वे लेखकों के पोषक थे) किसी ने यहां तक कह दिया कि उनके दोहे ‘निराला’ जी लिखा करते थे। परन्तु असलियत यह है कि भार्गव जी में जनम जात काव्य-प्रतिभा थी, जिसे न कोई छीन सका और न छीन सकता है। निराला जी के सम्बन्ध में भार्गव जी कहा करते थे कि लखनऊ-प्रवास काल में न केवल वे उनकी रचनाओं पर उचित राॅयल्टी देते थे, अपितु जैसा खादी का रेशमी कुर्ता वे स्वयं पहनते थे, वैसा ही निराला जी के लिए बनवाते थे। भार्गव जी ने केवल सोलह वर्ष की अल्पायु में ‘भार्गव’ जातीय पत्रिका का सम्पादन किया था, जिसमें उस युग के सुपरिचित रचनाकार मैथिलीशरण गुप्त, अनूप शर्मा और रूपनारायण पाण्डेय की रचनाएं प्रकाशित होती थीं। इससे स्पष्ट है कि भार्गव जी में पत्रिका-सम्पादन की अद्भुत क्षमता थी। ‘सुधा’, ‘माधुरी’ अब भी उनकी कीर्ति की पताकाएं बनी हुई हैं। मुझे यह कहने में किंचित भी संकोच नहीं है कि भार्गव जी ने जिस स्तर की ये पत्रिकाएं निकाली, अब भी दुर्लभ हैं।

    उनके हिन्दी प्रेम का इससे बड़ा उदाहरण क्या हो सकता है कि उन्होंने ब्रिटिश शासन-काल में हिन्दी पत्रिकाओं का सम्पादन किया, पुस्तकें प्रकाशित कीं और नयी पत्रिकाओं को हिन्दी-जगत् के सम्मुख पेश किया। यदि भार्गव जी न होते तो आधुनिक साहित्य न होता। उन्होंने स्वयं ब्रजभाषा-प्रेमी होने के बावजूद छायावाद के प्रमुख कवियों प्रसाद, निराला और पंत की रचनाओं को प्रकाशित किया। लखनऊ में उपन्यास के दो दुर्ग निर्मित करने वाले भार्गव जी ही थे- उन्होंने भगवती चरण वर्मा और नागर जी के प्रथम उपन्यासों को छापा। लखनऊ विश्वविद्यालय में हिन्दी विभाग को खुलावाने का श्रेय भी उन्हीं को था। उन्होंने हिन्दी-विभाग में पं0 बदरी नाथ भट्ट की नियुक्ति कराई और डाॅ0 दीन दयाल गुप्त के शोध-प्रबन्ध के टंकण के लिए ‘टाइप राइटर’ तक का प्रबंध किया। यह बात स्वयं स्वर्गीय डाॅ0 गुप्ता जी स्वीकारते थे।

    भार्गव जी कवि-सम्मेलनों की परम्परा के जनक थे। हिन्दी के प्रसार-प्रचार के लिए अपने जीवन के अन्तिम काल तक में वे कवि-सम्मेलनों का आयोजन कराया करते थे। अखिल भारतीय स्तर का अन्तिम कवि-सम्मेलन और मुशायरा उन्होंने श्रीमती इन्दिरा गांधी के स्वागतार्थ रवीन्द्रालय, लखनऊ में आयोजित कराया था। उनकी सबसे बड़ी खूबी यह थी कि वे नई पीढ़ी को आगे बढ़ने का निरन्त प्रोत्साहन दिया करते थे। इस कवि सम्मेलन में वे अध्यक्ष तो बने परंतु सम्पूर्ण आयोजन का प्रबन्ध और संचालन दायित्व शंभूनाथ चतुर्वेदी, राम प्रकाश वरमा, ‘स्वतंत्र’ और संतोष भार्गव आदि को दे दिया। ‘प्रियंका’ सम्पादक के वे ही प्रेरक थे। उन्होंने ही युवा पीढ़ी को अग्रसर किया।
    मुझे याद है कि एक बार जब वे तत्कालीन उप मुख्यमंत्री (अब विधानसभा के स्पीकर) पं0 श्रीपति मिश्र से मिलने गये, तो उन्होंने हाथ जोड़कर कहा, कहिए भार्गव जी क्या काम है?’ भार्गव जी ने उन्हें अपना नाम बताया। उत्तर  में श्रीपति मिश्र जी हंसे और बोले, ‘आपका नाम मैं बचपन से सुनता आया हूं’। जब वे तत्कालीन एडवोकेट जनरल पं0 कन्हैया लाल मिश्र से मिलने गये तो उन्होंने मेरे सामने स्वीकारा, मैं तो आपका क्रिएशन हूं। मिश्र जी का पहला लेख ‘माधुरी’ में भार्गव जी ने छापा था। भार्गव जी बताते थे कि पं0 गोविन्द बल्लभ पंत का मंत्रिमण्डल जब बना तो अपने घर की छत पर उनके सम्मान में उन्होंने आयोजन किया था। भार्गव जी काली मिर्च के समान थे जो चरफरी होती है, परन्तु अत्यन्त गुणकारी। जब वे कहते थे कि स्व0 लालबहादुर शास्त्री उनके परिवार के सदस्य बनकर रहे, तो लोग हंसते थे, परन्तु थी यह वास्तविकता। इसी प्रकार मुंशी प्रेमचन्द्र के वे सही अर्थाें में पोषक थे।

    भार्गव जी कवि थे, सम्पादक थे, प्रकाशक थे और थे हिन्दी के कीर्तिमान पुस्तक-विक्रेता। वे एक ‘मिशन’ को लेकर हिन्दी सेवा में लगे रहे। ‘कवि कुटीर’ उनकी याद में बिलखता है, कवि-कोविद-क्लब का करुण कन्दन आज भी सुनाई पड़ता है तथा ‘गंगा-पुस्तक-माला’ का सूनसान वातावरण उनकी याद में गमगीन नजर आता है। जिस शमा पर अनेक परवाने मंडराते थे, वह बुझ गई। पर क्या वास्तव में? उनकी आत्मा अब भी हमारे पास मंडराती है और हमें उनके अधूरे स्वप्नों को पूरा करने की प्रेरणा देती है। उनकी आंखे मुंदते ही न जाने कितने छात्र-छात्राओं का अध्ययन रुक गया, कितनों को बेरोजगारी का मुंह जोहना पड़ा, गुलजार रहने वाली बैठक बेचैन हो गई। शेरवानी और चूड़ीदार पैजामा पहने, बस्ता बगल में दबाये भार्गव जी कई बार मेरे सिरहाने स्वप्न में ओये हैं- ‘तुमने मेरा कोई काम नहीं किया।’ वे अपने जीवन के अन्तिम दिनों मे ंएक संस्था की स्थापना के लिए प्रयत्नशील थे। इंस्टीट्यूट आॅफ प्रिंटिंग एण्ड टेक्नोलाॅजी की संस्थापना के लिए दिन-रात साइकिल पर दौड़ा करते थे। यह वही भार्गव जी थे जिनकी ‘दुलारी मोटर’ पर कभी कविता लिखी गई थी। वे हमेशा अपने जमाने से आगे की बात सोचते थे, उसे क्रियान्वित करने के लिए सतत् प्रयत्नशील रहते थे। काश! हम उनका अधूरा स्वप्न पूरा कर पाते। एक बार पद्म भूषण पं0 अमृत लाल नागर जी ने कहा था, - ‘‘भार्गव जी के नाम पर म्यूजियम बन जाता तो आधुनिक साहित्य का बिखरा हुआ इतिहास शायद एकत्र हो जाता।’

    अपने जीवन की सांध्य-बेला में वे जितने अधिक खान-पान के प्रति आग्रहशील थे, उतने ही अभावग्रस्त। सुबह की चाय वे तथाकथित ‘बाहरी लोगों’ के यहां पीते थे। वैसे उन्होंने नीबू की चाय पीने की आदत मेरी डाली, जिससे मैं सर्दी-जुकाम से पीडि़त नहीं रहता। दोपहर का उनका ठंढा और रूखा-सूखा खाना देखकर नेत्रों में अश्रु भर-भर आते थे। घरवालों को पसन्द नहीं था कि ‘बाहर वाले’ आयें। परन्तु सम्बन्ध आन्तरिक होता है। वे बाहर वालों को ही अपने दुख-सुख का भागीदार बनाते थे। घर से वह इस कदर संत्रस्त थे कि जेठ की तपती दोपहरी में भी बाहर घूमा करते थे किसने की उनके स्वास्थ्य की चिन्ता? जिन यातानाओं को उन्हें झेलना पड़ा, उनका उल्लेख न करना ही उचित होगा। लेकिन यह सत्य है कि यदि परिवार वालों ने उन्हें इतनी अधिक पीड़ा न दी होती तो वे संसार से अभी न जाते।
    पत्नी के प्रेम से वंचित, भाइयों के पारस्परिक कलह से त्रस्त भार्गव जी का असामयिक निधन हो गया। जो परिवार के सदस्य उनके शव को कैश कराना चाहते हैं, उनकी उपलब्धियों का श्रेय लूटना चाहते हैं, उन्हीं ने उन्हें प्रताडि़त किया। उस हीरामन तोते के प्रांण उड़ गये। पारिवारिक विरोध उनके लिए बहुत बड़ा ‘टेंसन’ बन गया था। वे अपनी बात समझाने के लिए जोर-जोर से बोलने लगते थे। आज उस गुमशुदा आवाज की हमें तलाश, नयी पीढ़ को उसकी जरूरत है। तुलसी की ये पंक्तियां उनके संदर्भ में बरबस याद आती हैं -
परहित सरिस धर्म नहिं भाई, पर पीड़ा सम नहिं अधमाई।
(डाॅ0 शम्भूनाथ चतुर्वेदी, अतिथि सम्पादक)

बसंत -गीत

महाकवि दुलारे लाल भार्गव
गंध - बलित - मारुत - चलित, ललित कुंज - दल- पुंज।
भरत दलित चित में बहैं कलित बेनु - धुनि - गंुज।।
न आयौ बर बसंत मन-सावन -
कोमल कुसुम -सुमन सरसावन करि प्लावन रस पावन।
कानन मैं वा धुनि को गंुजनि सुनि नहिं परति सुहावन।
बिसरायौ वा मन तन धावन-गुनि प्रान-समीरन-धावन।
मधुकर कंठ न गावन भावतु मंगल - गान लुभावन।
अजहुं ललित, बिरहिन अंखियन मैं छाय रह्यौ जनु सावन।
न आयौ बर बसंत मन- भावन।

प्रणाम! दुलारे युग की स्मृति में प्रियंका का विशेष अंक

हिन्दी पत्रकारिता के पितामह, प्रथम देव पुरूस्कार विजेता, लखनऊ की नवाबी मिट्टी में हिन्दी का विशाल वटवृक्ष लगाने वाले प्रखर साहित्यकार पं0 दुलारे लाल भार्गव की स्मृति में ‘प्रियंका’ ने फरवरी 1981 में उनके 82वें जन्म दिवस पर ‘स्मृति अंक’ का प्रकाशन किया था। इस विशेष अंक में मूर्धन्य साहित्यकारों के आलेख व संस्मरणों के अतिरिक्त कई कवितााएं भी छपी हैं। उसे जस का तस (चित्रों को छोड़कर) दिया जा रहा है।
यहां बताते चलें पं0 दुलारे लाल जी की ‘दुलारे दोहावली’ को श्री अयोध्या सिंह ‘हरिऔध’ जी के ‘प्रिय प्रवास’ की टक्कर में देव पुरूस्कार प्राप्त हुआ था, डाॅ0 राम कुमार वर्मा व श्रीनाथ सिंह के लेखों में उनके द्वारा किये गये आधुनिक हिन्दी के सृजन, प्रकाशन, विस्तार को ‘दुलारे युग’ माना है। ऐसा उस समय मंे ‘निराला, पंत’ सहित सैकड़ों ख्यातिनाओं ने स्वीकार किया है।
नई पीढ़ी को ‘दुलारे युग’ से परिचित कराने के लिए व शोधार्थियों के लिए ‘प्रियंका’ के ‘स्मृति अंक’ को यहां दिया जा रहा है।
राम प्रकाश वरमा
सम्पादक, प्रियंका हिन्दी पाक्षिक

Sunday, October 23, 2011

लक्ष्मी बड़ी ढीठ....

लक्ष्मी एक नौजवान ढीठ लड़की है। हाल ही में मेरे मोहल्ले में आई है। बला की सुंदर है और बेहद चंचल है। कम कपड़ों में दिखती है। उसकी आधी जांघों तक नंगी टांगे शायद अर्थशास्त्र के नियमों का पालन करती आंकड़ों की तरह चमकती हैं। खुली बांहें कुछ हद तक महंगाई के ग्राफ की मोटी वाली लाइन से मिलती-जुलती। गले के विस्तारित क्षेत्र का भराव आतंकवादियों के आकर्षण का आसान निशाना, तिस पर ‘फेयर एण्ड लवली’ वाला जगमगाता चेहरा, युवाओं ही नहीं अस्सी साल के बेदम जवानों को भी भ्रष्ट आचरण के लिए उकसाते लगते। उसकी दप-दप करतीं एक जोड़ा आंखें सूर्योदय पूर्व किये गये स्वामी जी के योगा की चमक से भरी-पुरी दिखतीं। घने काले बालों का लहराना कुछ-कुछ काले धन का हल्ला। जब भी वह सामने वाली अव्यवस्थित क्रांतिकारी भीड़ से धधकती सड़क पर अपनी इएमआई (आसान किश्तों) से खरीदी गई रंगीन स्कूटी से फर्राटा भरते गुजरती तो सैकड़ों उल्लुओं का जेहाद फड़फड़ाने लगता। लक्ष्मी इस सबसे बेपरवाह अपने ‘उत्सव’ से मिलने के बेताब, अपनी ‘पूजा’ के लिए बेचैन, अपनी ‘भव्यता’ के लिए बेसब्र यूं गुजर जाती जैसे शेयर बाजार से सोने-चांदी का भाव। करोड़ों बर्बाद कोई फिकर नहीं। इच्छाओं, अपेक्षाओं और आजीविका से जूझता आदमी इएमआई (किश्तों) पर खुशहाली तलाशते उसका पीछा करने को मजबूर।
शायद सांस्कृतिक मजबूरी ही है कि दीपावली पर्व पर दीपक जलाना है। लक्ष्मी-गणेश की पूजा करनी है। किश्तों पर नई कार खरीदनी है। नये जेवर खरीदने है। नये बर्तन खरीदने और तो और किश्तों पर ही जीवन की सुरक्षा (एलआईसी पाॅलसी) खरीदनी है। पटाखे भी फोड़ने हैं। जुआ भी खेलना है। शुभ मुहूर्त पर शेयर बाजार में निवेश भी करना है। गो कि शहरी जीवन का दर्शनीय भूगोल इसी आर्थिक पंचांग की बदौलत जगर-मगर कर रहा है। चुनाचे उत्सव का अनुग्रह और ईश्वर को धन्यवाद स्वामी और अन्ना के सत्याग्रह की टोली में समा जाता है। पोथियां बताती हैं, पुरखे बताते हैं, दीपावली भगवान राम, राजा राम, मर्यादा पुरूषोत्तम राम के लंका विजय के बाद पुष्पक विमान से पत्नी सीता व छोटे भाई लक्ष्मण सहित अयोध्या वापसी पर दीपमाला जलाने का पर्व है। राम के अभिनंदन का पर्व है। भगवान महावीर और तथागत बुद्ध की स्मृति का पर्व है। अज्ञानता के आंगन में ज्ञान का दीपक जलाने का पर्व है। कबीर की सुने तो ‘सुन्न महल में दिबरा बार लें। यानी रोशनी पर विश्वास का पर्व है, दीपावली। यही विश्वास किसी महाजन की तिजोरी में कैद है?या देश की व्यवस्था ने उसका अपहरण कर लिया है?या फिर हम ही उसे आजादी की उद्दंडता के खूंटे से बांध आये हैं?नहीं तो क्या वजह है कि निरोध और विरोध के हिमायती भ्रष्टाचार के रथ दौड़ाने में लगे हैं और माटी का दीया उसकी हवा के झोंके से बुझने-बुझने को हो रहा हैं?
    गांधी की ‘जीराक्स काॅपी’ के अनशन और गलियारों में किये गये सर्वे में मिला विश्वास?या फिर भारत के नक्शे को दीवार पर चिपका कर तिरंगा लहराते हुए वंदेमातरम् के नारे ने पैदा किया नया विश्वास?असलियत यह है कि पाखण्डी परम्पराएं इएमआई में अपनी दीवाली मनाने का भ्रम जरूर पाले हैं, मगर 32 रूपए में पेट का दोजख भरने वाले किस भ्रम में पर्व की ओर देखें?इससे भी गयी गुजरी 26 रूपए वाली जमात जिसकी मैली-कुचैली हथेली तक भारत सरकार की टकसाल में ढले सिक्के कभी नहीं पहुंच पाते वे मिट्टी के दीये में तेल कैसे डालें?सच यह है कि गांव-गिरांव में आज भी अनाज के बदले साबुन, तेल, बीड़ी, तमाखू, खरीदने की सामंती व्यवस्था लागू है, जो ग्रामीणों, गरीबों और आदिवासियों को गुलाम साबित करने में लगी है। इसके सुबूत में सैकड़ों घटनाओं का जिक्र किया जा सकता है।
    इस सबको नजर अंदाज करके वोटों की राजनीति के दौड़ते रथ जनभावनाओं को चोटहिल करने में और लोकतंत्र की सच्ची भावनाओं को घायल करने में लगे हैं। इन मध्ययुगीन रथों के बीच से लक्ष्मी की स्कूटी का फर्राटे भरते निकल जाना सभ्य समाज की किस मर्यादा का पालन माना जाए?और दीपावली में मिट्टी के दीपक जलाने के लिए किस महाजन से ऋण लिया जाए?या फिर दादी, अम्मा के मिथकों, कहावतों को प्रणाम करके दीवाली में लक्ष्मी-गणेश पर फूल, अक्षत चढ़ा कर उनके न खा सकने वाले मुंह पर मिठाई चुपड़कर दीये जला दें? पटाखे फोड़कर विधर्मी पड़ोसियों की नींद हराम कर दें?क्या करें, कोई बताएगा?
    सवाल बहुत हो गये। लक्ष्मी-गणेश को पूजने के लिए लोकतांत्रिक राजनीति के नाबदान पर एक दीया आर्थिक आजादी के लिए संघर्ष का जलाएंगे और संकल्प लेंगे, अखण्ड भारत के वाशिन्दों की खुशहाली का, हर हाथ में फोन की जगह रोटी पहुंचाने का और माता सरस्वती को प्रणाम करने का यानी मैं सुधरूंगा, जग सुधरेगा।

डराते हैं पुलिस के सिपाही

लखनऊ। वर्दी में सजा-धजा आदमी अपनी अकड़ या अहंकार में डूबा रहता है। तिस पर वर्दी का रंग अगर खाकी हो तो यह नशा बेहोशी की हद तक का हो सकता है। पुलिस कई मायनों में जहां बदनाम है, वहीं खौफजदा करने में सबसे आगे रहती है। सुरक्षा के नाम पर चैराहों, सड़कों पर तैनात पुलिस के जवान हाथों में डंडा थामें, कंधे पर रायफल लटकाये आमतौर पर दिख जाते हैं। इन्हीं में कई सिपाही अपनी कमर में, आगे पेट की तरफ या पीछे पीठ की तरफ अपनी पैंट मंे नंगी रिवाल्वर लगाये रहते हैं। ये नजारा खास पर्वों या राजनैतिक दलों की रैलियों के दौरान तो रहता ही है, इससे अलग रोजमर्रा के दिनों में भी किसी चैराहेे पर देखा जा सकता है।
    रिवाल्वर वह भी बगैर कवर के लगाये सिपाही के बगल से गुजरने की गुस्ताखी भला कौन कर सकता है? गलती से ऐसे शस्त्र-वस्त्र सुसज्जित सुरक्षाकर्मी ने यदि किसी शरीफ नागरिक को रोक लिया तो उसका क्या हाल होगा? क्या वह भय के कारण उस सिपाही के प्रश्नों का सही उत्तर दे सकेगा? ऐसे में ये सिपाही शरीफ नागरिकों को बेइज्जत तक कर देते हैं, रहा अपराधी को डराने का तो वह सभी जानते है कि चैराहे पर खड़े सिपाही से कितना डरते हैं अपराद्दी। अब जरा इनकी रिवाल्वर/रायफल की बात करते हैं।
    इनमें अधिकतर अपनी जान की सुरक्षा के चलते खाली रिवाल्वर/रायफल यानी बगैर गोलियों के (अनलोड) लिये रहते हैं। जब भी कोई हादसा या दुर्घटना होती है तो ये अपने असलहों में गोलियां ही भरते रह जाते हैं। होना तो यह चाहिए कि आला अफसरान चैराहों पर तैनात सिपाहियों के असलहों की जांच-पड़ताल भी समय-समय पर करें जिससे उनकी कर्तव्यनिष्ठा का पता चलने के साथ उनकी कार्य प्रणाली की भी जानकारी होगी।
    गौरतलब है जब कभी रेड अलर्ट या वाहनों की जांच के नाम पर इन सिपाहियों को तैनात किया जाता है, तब इनका भयावह और रिश्वतखोर चेहरा देखने लायक होता है। इसकी गवाही में किसी घटना का जिक्र करना बेमानी होगा क्योंकि यह तो रोज ही होता है। आला अफसरों को देखना चाहिए कि आम नागरिकों की सुरक्षा में तैनात सिपाही उसे खौफजद़ा न करके उसकी वास्तविक सुरक्षा पर ध्यान दें।