Tuesday, July 5, 2011

रोटी के रूठने का आतंकवाद अक्षरों के जेहाद से हार गया

साठ में दो और जुड़ गये। गोया बांसठ का हो गया। चुनांचे जिंदगी के 22630 दिन गुजर गये। इनको पलटने का अपना अलग आनन्द है, साथ में सठियाने का हलफनामा भी। सच कहूं तो आसमान पर छाये काले बादलों के जार-जार आंसुओं से भीगी-बौराई नदियों के शोर के बीच दुनिया में मेरी आमद मेरी अम्मा को कितनी नागवार लगी होगी। घर के आंगन से धुंआ भी न उठा होगा। अषाढ़ का महीना। भर बरसात के दिन-रात। न कोई गोला दगा, न किसी ने शंख फूंका होगा। यह लंतरानी यूं ही नहीं है। महज साल भर बाद अम्मा को चिता की गीली लकड़ियों के बीच सुलगना पड़ा। तब भी अषाढ़ का महीना था। बरसात की गरज-तरज जारी थी। 7 जुलाई जब भी आती है, मेरी आत्मा बेचैन हो जाती है। अम्मा के लिए नहीं, उनकी पीड़ा भरी नाराजगी की कल्पना के लिए। तस्वीरों में मौजूद उनके चेहरे के भाव मेरी समझ में आज तक नहीं आये। घर में टंगे तमाम कलेंडरों में, रसोईघर की अलमारी के मन्दिर में मां दुर्गा की तस्वीरों के भाव भी नहीं समझ पाया। साफ कहूं तो माता के अभाव और बचपन के भयावह गलियारों की धूल ने एक जिद भी पैदा की। उसकी गवाही में किसी की दो लाइनें हैं, ‘टूटी हुई मंुडेर पर छोटा-सा एक चिराग/मौसम से कह रहा है, आंधी चला के देख’। बस ऐसी ही जिद ने संघर्ष को संकल्प में बदल दिया। रोटी के रूठने का आतंकवाद अक्षरों के जेहाद से हार गया। ‘न द्दनं न जनं न च सुन्दरीं कवितां वा जगदीश कमाये।’ इच्छाओं, महत्वाकांक्षाओं से परे माता सरस्वती के मन्दिर में उपासनारत हो गया।
            62 बरस बीत गये। सशररी अम्मा यशोदा की शक्ल में भी भले ही नहीं मिलीं, लेकिन संगिनी, बिटिया और बहुओं की शक्ल में जो दिखा, मिला शायद मातृत्व का मंगल ही होगा। तभी तो इन सबों को मेरा जन्मदिन भरअंजुरी याद रहता हैं। जब साठ का हुआ तो दोस्तों के साथ जन्मदिन का आनंद पहली बार लिया। अब हर बरस नाती-नतिनी, पोता-पोती दुलराते हैं, 7 जुलाई।
            अषाढ़ में ही गुरू पूर्णिमा पर्व होता है। ‘तमसो मा ज्योतिर्गमय’, गुरू ने ही रौशनी दिखाई। ‘नवजीवन’ से ‘प्रियंका’ तक की यात्रा में गुरू बृहस्पति की तरह संग रहे और आज भी हैं। गुरूकृपा से ही ‘प्रियंका’ बत्तीस बरसों से बराबर हिन्दी के पाठकों की दुलारी है। दरअसल उन्होंने मेरे हाथों में जो कलम थमाई थी, वह आज भी आदमी की आपदा के समय विस्फोट पैदा करने वाले शब्दों की जननी है। गुरू का आशीष उम्र के उस मोड़ पर मिला जब संघर्ष की कोखजायी पीड़ा वेश्या बनने को आतुर थी। पीड़ा के कौमार्य को सहेजना आसान नहीं होता। गुरूवर ने पीड़ा को अंकशयनी बनाने का गुर दिया। फिर क्या मजाल जो जिंदगी की सड़क पर उदासी की गश्त लग पाती। अखबार के दफ्तरों को बदलने के साथ कई खौफ, कई जीवट टकराये, विस्फोट हुए फिर सब शान्त। यहीं है गुरूकृपा। गुरूवर को शत्-शत् प्रणाम।
            संघर्ष को न किसी कुरूक्षेत्र की आवश्यकता होती है न ही किसी अर्जुन की, हर क्षण ‘द्रौपदी’ से बलात्कार के प्रयास होते हैं। बस यहीं ‘प्रियंका’ का जन्म होता है। भले ही व्यवस्था या उसके भ्रष्ट सहोदर उसे ‘चीथड़ा’ मानते रहें। जब तीसों दिन हत्याओं और औरतों की आबरू लुटने का सिलसिला जारी रहे, पुलिस के पहरे में जिन्दा आदमी लाश में बदल जाये, हर आवाज को सरकारी लाठिया लहूलुहान कर दें और राजसिंहासन अहंकार के मद में मानवीय शिष्टाचार तक को विद्युत शवदाह घर का रास्ता दिखा दे, तब ‘चीथड़े’ ही मानवता का तन ढकने के काम आते हैं। ‘प्रियंका’ के साथ इसी धर्म को निबाहना ही संघर्ष है।
            जन्मदिन पर बधाई देना औपचारिक हो सकता है, लेकिन अपने जन्मदिन पर अपनी ही पीठ ठोंकना, अपनी तमाम नाकामियों और लाचारियों पर हंसकर अपने को ताकतवर बनाना है। कुछ ऐसा ही यजुर्वेद में भी पढ़ा था, ‘हे मानव, स्वयं अपने शरीर को समर्थ कर, स्वयं सफल कर, स्वयं यज्ञकर, तेरा महत्व किसी दूसरे से प्राप्त नहीं किया जा सकता। ‘यह सच है कि जन्म देने वाली मां और माता दुर्गा दोनों ही मेरे सामने तस्वीरों वाली मां की शक्ल में हैं। ये तस्वीरें मेरी ऊर्जा बनती रहीं हैं। मेरी पत्नी बताती हैं कि इस उम्र में भी रात को सोते समय मैं कभी-कभी दूध पीने जैसी आवाजें निकाल बैठता हूँ। कभी किसी आत्मीय से बातें करने, झगड़ने जैसी आवाजें निकालता हूँ। शायद माता स्वप्न में ही आशीषती होंगी। जो भी हो 62 की उम्र में शायद असुविधाओं और अज्ञानता के बादल गहरा जाते हैं, तब अधिक ऊर्जा की आवश्यकता होती है। मां सिर्फ मां होती है, तस्वीर वाली मां को प्रणाम!

चलती क्या...

लखनऊ। राजधानी होने के नाते शहर 20-22 घंटे जागता है। भागता हैं जगमगाता है। सौंदर्यबोध भी कराता है। कुछ इस तरह कि सारे संस्कार, सारी मान्यताएं और शर्म नंगे हो जाएं। जी हां, चारो ओर भागते-दौड़ते ट्रैफिक के बीच और बंद कमरों की खिड़कियों से आती कामुकता भरी गर्म सिसकारियाँ मनुष्य के सेक्स सर्कस की दिलचस्प कथाएं बयान करती है।
            पहली कथा, आलमबाग टैक्सी स्टैंड से हजरतगंज के लिए रोज एक लड़की सुबह दस बजे आती है। आते-जाते वो एक खास थ्री व्हीलर पर ही देखी जाती। उस ऑटों चालक से उसकी दोस्ती बढ़ती जाती। लड़की पढ़ी-लिखी थी, एक प्राइवेट फर्म में नौकरी करती। ऑटो चलाने वाला लड़का उम्र में उससे छोटा व अनपढ़ फिर भी उन दोनों में सिनेमाई प्रेम पनपने लगा। लड़की के लिए ऑटो चालक शाहरूख खान, लड़के के लिए वो ‘बिप्स’। इस बीच सपने, सिनेमा, मॉल से लेकर देह के उपकरणों की नुमाइश से कसमसाते लड़के ने शहर से पच्चीस किलोमीटर दूर नए बने एक गेस्ट हाउस में अपने एक मित्र व उसकी प्रेमिका के साथ अपनी प्रेमिका के लिए भी दो कमरे बुक करा लिए। प्रोग्राम बना, सब उस सूनसान जगह पहुंचे। लड़की थोड़ा घबराई। लड़के ने प्यार से उसे बांहों में समेट लिया। कमरे में पहुंचते ही। लड़का ‘पोर्न हीरो’ बनने को बेचैन, लड़की विचलित। मित्र और उसकी प्रेमिका बोल,े तुम्हारी पूजा करने के लिए तो यहां आएं नहीं है। इंज्वाय करो-कराओ। फिर भी लड़की में झिझक जारी। मित्र बोला, भाई तुम तो अगरबत्ती जलाकर इनकी पूजा करो मैं तो अपने कमरे में चला। उसके जाते ही लड़के ने दरवाजा बंद किया और जब तक लड़की कुछ समझती तब तक वह बन गया ‘पोर्न हीरो’। लड़की के साथ एक झटके में वह सब घट गया जो उसने सोचा भी नहीं था। इसके बाद जो धटा वह उसके लिए और हौलनाक था।
मित्रों ने अपनी प्रेमिकाएं बदल ली। लड़की को इस हादसे ने देह व्यापार के बाजार में खड़ा कर दिया।
            दूसरी कथा, शहर की पॉश कॉलोनी मंे किराये के फ्लैट में शर्मीली और उसके पति रहते हैं। उनके यहां मित्रों की आमदा रफ्त से अगल-बगल के लोग परेशान रहते हैं। दरअसल युवक शर्मीली का किराये का पति हैं। दोनों में समझौता है।
            तीसरी कथा, चारबाग के दड़बेनुमा एक लॉज में केवल दस छोटे कमरे है। ये कमरे चौबीसों घंटे फुल रहते हैं। दिन में घंटे-दो घंटों के लिए जवान जोड़े आते, ठहरते मौज मनाते हैं, चले जाते हैं। इनमें अधिकतर स्कूली युवा होते हैं।
चौथी कथा, सफदरबाग घनी बस्ती। यहां मध्यमवर्गीय परिवार रहते हैं। एक खाली मकान में आये दिन युवा जोड़े दिन में आते हैं। दरवाजा बंद, अंदर मौज होती शाम तक सन्नाटा हो जाता।
            इन कथाओं का सच है देह व्यापार। शहर के हर ऑटो, बस स्टैंड में मुंह ढके लड़कियों को देखा जा सकता है। इनमें यार, साले से लेकर उम्दा किस्म की वजनदार गालियों का इस्तेमाल आमतौर पर होता देखा जा सकता है। ये युवा ‘वेज-नानवेज जोक्स’ सुनते-सुनाते और बंटी-बबली जैसी हरकतें करते देखे जाते हैं। इनकी मौज के खर्चे भी बड़े कीमती हैं। जिसके चलते इनके कारनामें भी हैरतअंग्रेज हैं।

Sunday, June 5, 2011

योग से भोग का तमासा  
योग के मार्केटिंग गुरु बाबा रामदेव का दिल्ली में हुआ तमाशा जहाँ लोकतंत्र के लिए खतरनाक है वहीं देश की 
१२१करोर जनता के  लिए दुर्भाग्यपूर्ण है . यह फासिस्ट ताकतों के औजार की तरह सक्रिय होगा तो देश गुलामी की और बढ़ेगा .बीजेपी ,संघ जैसी जमाते देश पर राज करने के लिए बेताब हैं .यह उनकी सक्रियता से साबित हो रहा है.देशवासियों को उनकी चालों को समझना होगा.बाबा उनके 
हाथों में कठपुतली की तरह हैं.सावधान!हर किसी को बाबा के पिकनिक स्पोट पर जाने से पहले अपना और अपने परिवार के बारे में सोचना होगा .ब्रस्ताचार ,कालेधन से सभी परेशां हैं लेकिन उसके लिए पहल हमें ही करनी होगी. पहले मैं सुध्रू फिर हम उसके बाद समाज सुधर जायेगा. आज ही संकल्प करिए अपने को ब्रस्ताचार से दूर रहने का.i         





   




बहुजन से सर्वजन तक बहनजी

लखनऊ। लोकतंत्र के राजमार्ग पर सूबा उप्र बसपा सरकार की मुखिया मायावती की अगुवाई में चार साल पूरे कर चुका है। पांचवे और अंतिम साल में अगले पांच सालों पर कब्जे की जंग का घमासान राजनैतिक दलों द्वारा पूरे जोश-ओ-खरोश से लड़ा जा रहा है। मायावती पर इल्जाम लगाने वालों की भले ही कमी न हो लेकिन उनके दंभ भरे करिश्मों पर कोई फर्क नहीं पड़ता दिखता। महज 24 सालों में अपने हाथी पर सवार बसपा और उसकी मुखिया ने जहां देश की राजनैतिक सड़क पर अपना अहम् स्थान बना लिया है, वहीं दलितों की मसीहा, नौकरशाहों के लिए बुरा सपना और विपक्ष के लिए बदस्तूर पहेली हैं। मायावती के बहुजन समाज के पागलपन या जादुई करतब ने चार बार मुख्यमंत्री की कुर्सी उन्हें सौंपी और अपने बूते चार साल पूरे करने वाली मुख्यमंत्री कहला रही हैं। उनकी जिद, अहंकार और निरंकुशता से भरे फैसलों से कौन आहत हुआ या कौन दुखी, इससे बेपरवाह अपने सिपहसालारों के साथ 2012 के चुनावों का टेंडर भरने के लिए अपनी सरकार की चौथी सालगिरह के जश्न पर उप्र के मतदाताओं को 20 हजार करोड़ के तोहफे बांटने के बाद अपने पार्टी कार्यकर्ताओं मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और चहेते नौकरशाहों की ऊर्जा का सदुपयोग करने में मगन हैं।
            ब्राह्मण-दलित गठजोड़ के बलबूते सत्ता की सीढ़ियों पर खड़ी मायावती मुसलमानों और पिछड़ों की आबादी में बसपा के हाथी को चिंघाड़ने के मंसूबों पर मंथन कर रही हैं। उनके चहेतों ने उन्हें समझा रखा है कि यही सफलता उन्हें दिल्ली के लालकिले की प्राचीर तक पहुंचा सकती है। मगर हाल ही में हुए पांच राज्यों के चुनावों में बसपा का खाता तक नहीं खुला। इसके अलावा उप्र में बिगड़ी कानून व्यवस्था, दलितों पर होते अत्याचार, रोज सामने आ रहे भ्रष्टाचार के मामले, आम आदमी से लेकर राज्यकर्मियों तक की नाराजगी उन्हें इस कामयाबी तक जाने देगी? इसके अलावा भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के तमाम आरोपों को उप्र के बीस करोड़ वाशिन्दे लगातार आत्मसात कर रहे हैं। ताजा मामला भट्टा परसोल के किसानों पर हुए जुल्म को कांग्रेस बुलन्द आवाज में सूबे भर को सुना रही है। पूरा विपक्ष बहुजन पार्टी की सरकार को सूबे से निकाल बाहर करने पर बजिद है। ऐसे हालातों में 2012 का टेंडर बसपा को दोबारा हासिल होगा?
बसपा का सफरनामा
उप्र विधानसभा चुनाव
1989: 372 सीटों पर चुनाव लड़ा  9.41 प्रतिशत वोटों के साथ 13 सीटों पर विजयी
1991: 386 सीटों पर चुनाव लड़ा 9.44 प्रतिशत वोटों के साथ 12 सीटों पर विजयी
1993: 164 सीटों पर चुनाव लड़ा 11.12 प्रतिशत वोटों के साथ 40 सीटों पर विजयी
1996: 296 सीटों पर चुनाव लड़ा 19.64 प्रतिशत वोटों के साथ 67 सीटों पर विजयी
2002: 401 सीटों पर चुनाव लड़ा 23.90 प्रतिशत वोटों के साथ 98 सीटों पर विजयी
2007: 403 सीटों पर चुनाव लड़ा 30.43 प्रतिशत वोटों के साथ 206 सीटों पर विजयी
बसपा का सफरनामा
लोकसभा चुनाव
1989:  5 सीटों पर विजयी, 2 उप्र, 1 पंजाब में जीती
1991:  2 सीटों पर विजयी, 1 उप्र, 1 मप्र मंे जीती
1996:  11 सीटों पर विजयी, 6 उप्र, 3 पंजाब, 2 मप्र में जीती
1998:  5 सीटों पर विजयी, 4 उप्र., 1 हरियाणा में जीती
1999:  14 सीटों पर विजयी, सभी उप्र में जीतीं
2004:  19 सीटों पर विजयी, सभी उप्र में जीतीं
2009:  21 सीटों पर विजयी 20 उप्र., 1 मप्र में जीती