Wednesday, April 27, 2011

आया बिजली गुल होने का मौसम

लखनऊ। बिजली के बकाएदारों से चले वसूली अभियान में जहां हजारों कनेक्शन काटे गए, करोड़ों की राजस्व वसूली हुई, वहीं बिजली चोरी के नाम पर बड़े खेल हुए। मंत्री के निजी सचिव से लेकर कई बड़े-छोटे लोग पकड़े गए। खूब हल्ला मचा। बाद में सब ठीक हो गया। तमाम लाखों के बकाएदारों से महज कुछ हजार लेकर ही और छोटे बकाएदारों की बिजली काटकर वसूली कर्मकांड को पूरा कर लिया गया। 31 मार्च के नाम पर अधिकतर छोटे उपभोक्ताओं को ही त्रस्त किया गया। अब बिजली गुल होने की बारी आ गई है।
    अखबारों में अपना नाम छपवाने की गरज से या अपनी नेतागिरी चमकाने की गरज से बयान छपवाए गए कि बकाएदार किश्तों में भुगतान कर सकते हैं, लेकिन सामान्य उपभोक्ताओं की बात किसी भी अभियंता या बड़े अफसरों ने नहीं सुनी। हां, वीआईपी या उनके चहेतों को पूरी छूट मिली। उन्हें किश्तों का झंझट भी नहीं झेलना पड़ा, बस तत्काल थोड़ा बहुत भुगतान करने से ही चैन मिल गया। इससे भी बड़ा मामला फर्जी बिलिंग के जरिए पैसा कमाने का रहा। उपभोक्ताओं को मनमानी रीडिंग का बिल भेज दिया गया, फिर संशोद्दन के नाम पर अनाप-शनाप विद्युत मूल्य, सरचार्ज लगाकर पैसा वसूला गया। कई अधिशासी अभियंता स्तर के अधिकारी सामान्य शिष्टाचार भूलकर उपभोक्ताओं से समूची बदतमीजी, जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान सीखी थी, पर अमल करते रहे।
    इससे भी दो कदम आगे बिजली कर्मचारी समय-समय पर घर-घर वसूली के दौरान बगैर रसीद दिए पैसा ले गए थे, उसे भी इस वसूली अभियान में नहीं माना गया, उल्टे पैसा देने वाला उपभोक्ता ही चोर साबित हो गया। अधिकारी अखबारों में बयान देते रहे कि कर्मचारियों को बगैर रसीद पैसा देने की लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई अवश्य की जाएगी। सवाल यह है कि अब तक जो लिखित शिकायतें ऐसी विभाग को मिली हैं, उनमें क्या किया गया? यहां एक मजेदार बात और बताते चलें कि विभाग के पास करोड़ों के कम्प्यूटर हैं, मगर उनमें उपभोक्ताओं द्वारा जमा किए जाने वाले पैसांे का कोई ब्यौरा नहीं होता या यूं कहें विभाग के पास रिकार्ड नहीं होता? बड़े से लेकर छोटे अधिकारी तक उपभोक्ता से भुगतान जमा की रसीद मांगते हैं? और तो और बिल में प्रतिभूत की जमा रकम जो लगातार सहायक अभियंता राजस्व की निगरानी में दर्ज की जाती है, को भी विभाग के बाबू से लेकर बड़े अभियंता तक नकार देते हैं, यदि आपके पास जमा रसीद न हो! ऐसे ही सामान्य भुगतान में भी होता है।
    अब आईये सुविधाओं की बात पर तो किसी प्रकार की शिकायत मत करिये वरना आप मुसीबत में फंस सकते हैं। आपकी बिजली तक काटी जा सकती है गरमी आ रही है, बिजली गुल होने का सिलसिला शुरू हो गया है। दावा किया गया है कि हिमांचल प्रदेश से पहली अप्रैल से बिजली खरीदकर उपभोक्ताओं की दिक्कतें दूर की जा रही हैं। इसकी हकीकत राजधानी में घंटों बिजली गुल रहने के साथ अंधेरे में डूंबे सूबे के अद्दिकतर जिलों में देखी जा सकती है। एक छोटा सा कॉल सेंटर राजधानी लखनऊ में सालों से बन नहीं सका, न ही भुगतान जमा करने की एटीएम मशीन लग सकीं और न ही ऑनलाइन बिलिंग जमा के कम्प्यूटर दुरूस्त बन सके। उपखण्डों में भी हालात में कोई बदलाव नहीं हुए। अधिकारियों, बाबुओं के बर्ताव में भी हेकड़ी बरकरार है।
    बिजली चोरी का हल्ला शक्ति भवन से लेकर ऊर्जा मंत्री के कमरे तक में न जाने कब से मच रहा है। इससे बचने के कारगर उपायों की ओर कदम क्यों नहीं उठाए जाते? महज इसलिए कि इंजीनियरों, हाकिमों व राजनेताओं की काली कमाई बंद हो जाएगी? नहीं तो क्या कारण है कि बयानबाजी से आगे बढ़कर मोबाइल फोन की तर्ज पर बिजली के भी प्रीपेड मीटर सूबे भर में क्यों नहीं लगाए जाते? प्री-पेड मीटर व्यवस्था से उपभोक्ता व ऊर्जा विभाग दोनों को कोई परेशानी नहीं होगी।
    बहरहाल 31 मार्च निबट गया। अब बिजली आवाजाही का मौसम आ गया है। वहां भी कमाई के साधन तलाशे जाएंगे?

वंदेमातरम्! वंदेमातरम्!! वंदेमातरम्!!!

राम प्रकाश वरमा
अभी तो अंगड़ाई है, आगे और लड़ाई है। खतरे की घंटी बज उठी है। वक्त का तकाजा है कि चिकनी-चिपुड़ी बातों के साथ बदजुबानी के बजाय जनशक्ति की सच्चाई को कबूल कर लेने में ही सियासतदानों की भलाई है। देश आज एक ऐतिहासिक मोड़ पर खड़ा है। उसके सामने कई रास्ते खुले हैं। राष्ट्र कौन सा रास्ता अख्तियार करेगा? एक रास्ता विकास और आम सहमति के साथ सकारात्मक सहयोग का हैं, जिस पर चलकर राष्ट्रीय पुनर्जागरण का बिगुल बजाया जा सकेगा। दूसरा रास्ता वह है, जिस पर बेईमान नौकरशाहों, भ्रष्ट नेताओं और स्वार्थी बनियों ने उसकी इच्छा के विरूद्ध उसे धकेला है। और, वह रास्ता निकम्मे टकराव व साम्राज्यवादी गुलामी की ओर जाता है।
    जिस किसी के पास भी देखने वाली आंखें और सुनने वाले कान हैं, वे जानते हैं कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर 97 घंटों के मौन उपवास के बीच उठे ज्वार ने ईमानदारी का, सहयोग का और सच्चाई का रास्ता अख्तियार करने का फैसला लिया। एक लाख कम एक सौ इक्कीस करोड़ भारतीय बदलाव के लिए बेचैन हैं। ये बेचैनी गणराज्य के पुनर्जन्म की भी है। यही वजह थी कि लाखों करोड़ों हाथों में जलती मोमबत्तियों के उजाले में सरकार की हीला-हवाली के बावजूद यूपीए की अध्यक्षा सोनिया गांधी, महात्मा के पांवों के निशान पर पैर रक्खे अण्णा हजारे की निश्छल मंशा पर विचलित हुईं। निश्चित रूप से वह जानती हैं कि वह राष्ट्र तरक्की नहीं कर सकता, जो सिर्फ अपने पूर्वजों की नकल करता रहेगा। राष्ट्रनिर्माण के लिए जनइच्छाओं को सुनकर सटीक बदलाव करने जरूरी हैं। बेशक नागरिक समाज में नीचे से ऊपर तक भ्रष्टाचार समाया है। यहां तक मौन जली मोमबत्तियों की खरीद भी भ्रष्टाचार के जरिए की गई कमाई से की गई हो सकती है।
    चौटाला और उमा को दुत्कारने वाले सुविधा भोगी हाथ भी भ्रष्टाचार के ‘मिनरल वॉटर’ से धुले रहे हों, लेकिन उन्हीं की आत्मा से उठी ज्वाला ने उन्हें भ्रष्टाचार के मुखालिफ हुंकार भरने को ललकारा है। वे भ्रष्ट व्यवस्था से किस कदर परेशान हैं, इसका अंदाजा सिर्फ इस बात से लगाया जा सकता है कि वे केवल जनलोकपाल बिल पर ही नहीं रूक जाने वाले हैं। इससे भी आगे ‘राइट टू रिकाल’ और देश के लाखों मतलब परस्त अमीर बनियों की आर्थिक अराजकता के मुखालिफ भी आवाज बुलंद करने वाले हैं।
    इस खौफनाक सच्चाई से कैसे इंकार किया जा सकता है कि हम गले-गले तक विदेशी कर्ज के दलदल में फंसे हैं। न केवल फंसे हैं, बल्कि कर्ज की अर्थव्यवस्था ने ही महंगाई और मुद्रास्फीति बढ़ाई और बाजार की ताकतें मजबूत होती गईं। विकास के नाम पर लिया गया कर्ज विनाश के श्मशान निर्माण करने वालों की बपौती होता गया। न गरीबी हटी, न खुशहाली आई। अमीर और अमीर हो गये, गरीब और गरीब। ‘गरीबी हटाओं’ के सिनेमाई सपने ने देश को विश्वबैंक के कसाईबाड़े में जिबह होने के लिए धकेल दिया। आज भारत दुनिया भर के कर्जदार देशों में पंाचवे नंबर पर है। सितंबर 2010 तक 1332194 करोड़ रूपयों का कर्जदार है, भारत। इस कर्ज के ब्याज की किश्तें चुकाने में ही सालाना बजट का एक बड़ा हिस्सा चला जाता है। यह रकम विदेशी मुद्रा में अदा की जाती है, इसीलिए भारतीयों के जीवन के लिए अति आवश्यक चीजों के निर्यात की आंख मूंद कर इजाजत दी जाती है और हमें फांकाकशी के लिए यह कहकर मजबूर किया जाता है कि ‘अभी तीन महीने महंगाई और झेलनी होगी।’ कैसा मजाक है, किसान मेहनत करके अन्न उगाये, मेहनतकाश हाथ उत्पादन बढ़ाएं और लाभ उठाएं देश के चंद बड़े बनिये, दलाल, नौकरशाह और राजनेता। यही वजह है कि पेरिसवासी हाथों से बनाये गये भव्य संसद भवन में बैठने वालों को ‘सिविल सोसाइटी’ की साझेदारी बर्दाश्त नहीं हो रही। बेशक संविधान की रचना कानून के पंडितों ने की है लेकिन देश की आजादी महान विचारकों, लोगों के पसीने, आंसुओं, परिश्रम और साहसी योद्धाओं के बलिदान बदले मिली हैं हमें शांति समर्थकों के रास्ते पर चलना ही होगा।
    देश में निजी धन बल की समानांतर सरकारें चलाई जा रही हैं और उन्हें लगातार चलाए रखने के लिए नौकरशाह, साहूकार और दलाल नेता, सब प्रयासरत हैं। देश के पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों में 57 करोड़ रूपया विभिन्न राजनैतिक दलों से चुनाव आयोग ने पिछले महीने में जब्त किया हैं, इसमें अकेले 42 करोड़ रूपये तमिलनाडू से जब्त किये गये हैं। इसी राज्य में 57 हजार मुकदमें आचार संहिता उल्लंघन के भी दर्ज हुए हैं। इस राज्य के मुखिया करूणानिधि के परिवार में 24 हजार करोड़ की सम्पत्ति है। यही हाल दूसरे राजनैतिक परिवारों का है। सियासतदानों की व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं के टकराव और बनियों के हाथों में खेलते राजनीति में नौसीखिये देश को गुलामी की ओर धकेलने का दांव लगाए हैं। सावधान! इतिहास का चक्र घूम चुका है। 1857 के गद्दार राव दुल्हाजू (झांसी के सरदार) की नस्ल को गांध्ीा की लाठी से देश के बाहर हांकने की हलफ युवा भारत ने उठा ली है।
    हम पहले ही लिख चुके हैं कि ‘ग्लोबलाइजेशन’ के जरिये हमारे मुंह से निवाला छीना जा रहा है। सब कुछ बाजार में बेचने की साजिश की जा रही है, यही षड़यंत्रकारी चिंघाड़ रहे हैं कि लोकतंत्र खतरे में है। और तो और महाराष्ट्र के बारामती के एक शख्स ने ‘अन्ना’ को भी बाजार में खड़ा कर दिया। उसने पुणे से 600 रुपयों में अन्ना के गांव धुमाने, उनके दर्शन कराने के लिए बस टूर शुरू कर दिया हैं। यह वही बारामती है, जहां से शरद पवार सांसद हैं। इससे भी आगे अन्ना के नाम पर टी शर्ट, सौंदर्य प्रसाधन, टैटू, एसएमएस व फेस बुक के जरिए बड़ा बाजार खड़ा करने की साजिश देशी-विदेशी साहूकार/बनिये कर रहे हैं। पहले ही देश का करोड़ों रूपया विध्वंस के कारोबार में लगा है। इसके पुख्ता सुबूत हैं देश मंे आये दिन पकड़े जाने वाले हथियारों और जाली नोटों की तादाद।
    हमें सन् 1960 के भूखे-नंगे वर्षाें को याद करते हुए बड़ा दुख होता है, जब हाथ में कटोरा लेकर अमेरिका की चौखट पर खड़ा था, भारत। आज लाखांे टन अनाज सड़ रहा है और बेगैरत मंत्री उसे गरीबों में बांटने के नाम पर आंखे लाल-पीली करने की धृष्टता कर रहे हैं। यह कैसा ‘जनतंत्र’ है? तो सत्ता के नशेड़ियों को फिर से प्रजातंत्र की परिभाषा बताने के लिए वंदेमातरम्! वंदेमातरम्!! वंदेमातरम्!!! का जयघोष करना होगा।

Monday, March 14, 2011

इंकलाब ज़िदाबाद

दुश्मन हमला कर चुका है और, उसकी आक्रमकता युद्ध जैसी बर्बर है। अब हमें दो-टूक शब्दों में बात कहने की हिम्मत जुटानी ही होगी। यह हमला महज राजनीतिक नहीं है। दरअसल यह हमला आतंकवाद, माओवाद, नक्सलवाद, भ्रष्टाचार, घपलों-घोटालों, कालेधन और महंगाई के पीछे छुपे चेहरे ‘ग्लोबलाइजेशन’ के जरिये किया जा रहा है। इस हमले के पीछे जहां दुनियाभर के रूढ़िवादी ताकतकवर व्यापारी हैं, तो उनकी महत्वाकांक्षों के साझेदार हमारे अपने भाई बंद भी है। पिछले पांच महीनों में सामने आए घपलों-घोटालों से पैदा हुआ घमासान और भारत की धरती पर सरझुकाए आने वाले कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों की मीठी वाणी व इससे पहले भी हुए तमाम देशी-विदेशी हमले इस जंग के पुख्ता सुबूत हैं।
    इस जंग को हवा देने और उग्र करने का काम केन्द्र और राज्य स्तर के नेता अपनी भ्रामक बयानबाजियों के जरिए करने में लगे हैं। इन नेताओ ंकी पूरी कोशिश सरकार के तमाम आर्थिक कार्यक्रमों को मटियामेंट करने और तास्सुबी अखाड़े खोदने भर की है। भारत किसी देश से कोई आर्थिक जंग नहीं लड़ना चाहता है, बल्कि दुनियाभर के अमीर  राष्ट्र और उनके बनिए-बक्काल अपनी पूंजी के जरिए भारतवंशियों को आर्थिक, मानसिक गुलाम बनाने की साजिश कर रहे हैं। और उनके साथ कंधे से कंधा मिलाए खड़े हैं हमारे अपने बनिये और उनके राष्ट्रवादी मुखौटा  पहने सियासी समर्थक। यह कोई लफ्फाजी नहीं है। पुख्ता सुबूत हैं अकेले गुजरात में दुनिया के प्रमुख उद्योगपतियों से 450 अरब डाॅलर के पूंजी निवेश के समझौते जनवरी 2011 में हुए हैं।  इसके अलावा पिछले साल पीएचडी चैंबर की 105वीं वार्षिंक आम बैठक के उद्घाटन के मौके पर वित्तमंत्री प्रणव मुखर्जी ने बढ़ते विदेशी पूंजी के प्रवाह को ‘खतरे की घंटी’ न मानने की बात कहते हुए यह भी कहा था कि यदि विदेशी पूंजी का प्रवाह स्तर से ऊपर निकलता है तो चिंता का विषय है। यहां बताते चलें कि साल 2010 के नवंबर महीने तक देश के शेयर बाजारों में विदेशी संस्थागत निवेशकों का पूंजी प्रवाह 38 अरब डाॅलर से ऊपर निकल गया था। तब वित्तमंत्री ने भी इसे खपाने की चिंता जताई थी। हालांकि उस समय वित्त मंत्री ने उच्च आर्थिक वृद्धि के लाभ को समाज के निचले तबके तक पहुंचाने का भ्रामक बयान भी दिया था। आज हालात और भी बदतर हो रहे हैं। अब विदेशी शेयर बाजारों में देशी पूंजी के निवेश का भी रास्ता खोला जा रहा है। इसी तरह हमारे देश के बड़े उद्योगपतियों से लेकर बड़े व्यापारी तक अपना पैसा विदेशी बाजारों में लगा रहे हैं। हमारे पड़ोसी मुल्क प्याज, लहसुन जैसी रोजमर्रा की जरूरतों वाली वस्तुओं के साथ मोबाइल, टीवी व जूते तक से भारतीय बाजारों को पाट दे रहे हैं।  और तो और हमारा ही सामान सस्ते भाव में खरीदकर दोबार हमें ही महंगे भाव में बेचा जा रहा है। इन सामानों के साथ आने वाले लोगों की नीयत कतई साफ नहीं है। इसकी गवाही नेपाल सीमा से लगे इलाकों में व देश के अन्य सीमावर्ती इलाकों में लगातार पकड़े जा रहे घुसपैठियों की बढ़ती संख्या है। और हमारी सरकार के ताजा बजट में विदेशी पूंजी निवेश को दी गई खुली दावत भी हमें इतिहास के पन्नों में दफ्न ईस्ट इंडिया कम्पनी के कारनामों की याद दिला रहे हैं।
    भारतीय लोकतंत्र का राजमार्ग घपलों-घोटालों की संकरी गलियों में फंस गया है। इन्हीं गलियों में बहनेवाली तास्सुब की मोरियों से द्दर्म, जाति और भयादोहन की दुर्गंद्द उठ रही है। विपक्ष में बैठी भाजपा सत्ता दल की मुखिया पर आरोपों की बौछार करने का कोई मौका नहीं चूकती। यहां तक सीधे सोनिया गांधी को उसके सहयोगी संगठन धमकी देते हैं। विहिप के मुखिया से लेकर संघ के पूर्व प्रमुख ‘नतीजे भुगतने’ जैसे जुम्ले उछालकर टकराव की जमीन तैयार करते हैं?राम-मंदिर के नाम पर सिंदूर-चंदन बांटकर हिंन्दुओं की आस्था को चोट पहुंचाने के साथ सियासी ब्लैकमेल का खतरनाक खेल देश को कहां ले जाएगा?वहीं सत्तादल में ही कई अंद्देरी गुफाएं खुल गईं हैं। इनमें से निकलने वाला चेहरा देशद्रोह से मिलता है। उससे भी तकलीफदेह हैं, प्रधानमंत्री के वाक्य, ‘वे मजबूर हैं।’ या ‘सरकार को ब्लैकमेल करना चाहती है, भाजपा।’ यह सच है कि अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान पूरे समय प्रधानमंत्री असाद्दारण संयम से राजनीतिक उतार-चढ़ावों का सामना कर रहे हैं। उनके गम ने ही यह भी कहलवाया कि उनसे कुछ गलतियां हुई हैं। लेकिन वह उतने भी दोषी नहीं है जितना हल्ला मचाया जा रहा है। बावजूद इसके भ्रष्टाचार से जिस सख्ती से निपटने के तेवर मनमोहन सिंह सरकार दिखा रही है, वह देर से ही सही लेकिन उसे उचित कदम कहा जाएगा।
    यह समय आरोपों, प्रत्यारोपों और वोट की राजनीति की संस्कृति से अलग देश की आजादी को बचाने का है। गांधी-नेहरू को गरियाने के दिमागी फितूर को भूलकर पं0 जवाहर लाल नेहरू के प्रण गरीबी और असमानता मिटाने के लिए एकजुट होकर पूरे विपक्ष को जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभानी होगी। आज देश के सभी बड़े शहरों में माफिया गरोहों की अपनी अलग सरकारें हैं। वे अपने दबदबे से समाज, राजनीति को अपनी मुट्ठियों में रखते हैं। सत्ता इन्हीं के आसपास है। सरकारी पैसों की लूट भी यही कर रहे हैं। इनकी देखा-देखी हर स्तर पर मामूली सक्षमता हासिल नागरिक भी अपने ही भाई बंदों को लूटने में लगा है।
    पं0 जवाहर लाल नेहरू ने बहुत पहले कहा था, ‘देश की आजादी खतरे में है, पूरी ताकत से इसे बचाना है।’ उनकी सोंच के मानचित्र पर उभरे हुए खतरे आज और भी बढ़ गये हैं। उनसे निपटने के लिए महात्मा गांधी की रणनीति अहिंसा और डाॅ0 अम्बेडकर की अगुवाई में लिखे गये भारतीय संविधान पर ईमानदारी से अमल करने की आवश्यकता है। हमें देश की आजादी बचाने के लिए हर ‘रावण ’ को देश से बाहर खदेड़ना होगा और सामाजिक विषमताओं को सत्य की लाठी से हांकना होगा। आइए, आजादी बचाने का संकल्प लें। हमारा प्रण ही एक स्वस्थ्य राष्ट्र का निर्माण करेगा।

अभी तो मुट्ठी भर जमीन नापी है, आसमान बाकी है।

साल की शुरूआत के ढाई महीने पिछले बरस की वसीयत थामें अपनी पूरी ताकत से गरियाऊ संस्कृति को पालने-पोसने  की मशक्कत में बेहद मसरूफ रहे। और आदमी की पीड़ा से कराहती चीखें जस की तस गूंजती रही। समस्याओं का हांका लगातार जारी है, लेकिन समाधान के भगीरथ प्रयास कहीं नहीं होते दिख रहे। बस यहीं ‘चीथड़े’ कहे जाने वाले अखबारों की बेचैनी बढ़ जाती है और इसी तकलीफ ने 32 बरस पहले ‘प्रियंका’ को पाठकों के बीच खड़ा किया। यह वह समय था, जब इमरजेंसी की कोख से जन्मी जनता पार्टी की नाकामियों का जश्न इंदिरा कांग्रेस पूरे दंभ से मना रही थी। ‘प्रियंका’ के पहले अंक की महज दो सौ प्रतियां छपीं थी। छठे अंक के आते-आते शराब माफिया से सामना हुआ। तब पहली बार तमाशाचारी चमगादड़ों की चिचियाहट के खौफ ने थोड़ी सिहरन पैदा की , लेकिन पाठकों से मिलने वाले दुलार ने ताकत दी। इसी दौरान पुलिस-अपराधी गंठजोड़ का सिनेमाई चेहरा भी देखने को मिला। एक सुबह आठ-दस मुस्टंडे मेरे गली वाले घर के दरवाजे पर आ धमके। उनमें से कइयों के मुंह पर पाव-पाव भर की मूंछे भी थीं। वे बेधकड़क मेरे बैठक कम स्टडी में घुस आये। मेरी दुबली-पतली चालीस किलों की काया को देखकर घुड़कते हुए बोले, ‘बुला राम प्रकाश को ... मा.....।’ मैं सन्न....... ऐसे अपमान से पहली बार दो-चार हो रहा था। तभी उनमें से एक पहलवान ने फिर डपटा। थोड़ा सहमते हुए मैने अपना नाम बताया। उसी मूंछधारी ने बड़े ही ठंडे लहजे में गरम -गरम वाक्य बोलने शुरू किये, ‘बीबी तो है न। साड़ी रंगीन ही पहनती होगी। सफेद रंग की एक खरीद ला। कल से उसको वही पहननी होगी। सा... ला... चीथड़े सा अखबार उस पर ये ठसक.........।’
    यहां बताते चलें जिस गली में मेरा घर है, वहीं पहले गरीबे दहीवाले और मंगाला भौजी दूधवाली का कारखाने की शक्ल में बड़ा सा घर भी था। जहां देहात से आने वाले तमाम दूधवालों का जमावड़ा रातो-दिन रहता था। उनमें अधिकांश मेरा बेहद सम्मान करते थे। उन आने वाले मुस्टंडों ने उन्हीं लोगों से मेरे घर की पूछताछ की थी, जिससे वे कुछ सशंकित हो गये थे। उनकी एक छोटी सी भीड़ दरवाजे पर आ गई। जिसकी वजह से कोई धमाकाधुन न गूंज पाई। बाद में पता लगा उन्हें एक सी.ओ. साहब ने भेजा था। वे मेरी लिखी ‘मंशा राजपूत कांड’ की खबर के चलते बर्खास्तगी के कगार पर थे। उन पहलवानांें में कई पुलिसवाले स्थानीय थाने से थे। उन सबको तत्कालीन पुलिस अधीक्षक के गुस्से का शिकार होना पड़ा। आहत स्वाभिमान और मुखर हो उठा।
    ‘प्रियंका’ के साथ मैं जिस अखबार के लिए काम करता था उसने मुझे पूर्वांचल की आपराधिक गतिविधियों की खोजपरक रिपोर्टिंग का जिम्मा सौंपा। यह पड़ाव ‘प्रियंका’ के लिए सबसे अहम् साबित हुआ। चार पन्नों के इस ‘चीथड़े’ ने सूबे के मुख्यमंत्री के गड़बड़झाले से लेकर लाॅटरी, अफीम तस्करी, और व्यवस्था के काले खेमों की असलियत का खुलासा करना शुरू किया। नतीजे में मुकदमों और जेल की सलाखों के साथ आर्थिक अभावों का सामना करना पड़ा। इस पूरे सफर में जब भी कोई गरियाता तो ‘प्रियंका’ को ‘चीथड़ा’ कहना नहीं भूलता। हालांकि ‘चीथड़े’ से खौफजदा भी रहता। दरअसल खौफ और गालियांे के बीच दंभ का रावण उनको लक्का कबूतर की शक्ल में होने का भ्रम दे देता था, जिसका काम सिर्फ और सिर्फ मशक्कली मादा (सत्ता) के आसपास मंडराने का रह जाता। हालांकि हासिल कुछ भी न होता। असफलता और निराशा अपनी तमाम ताकत गालियां देने में महारत हासिल करने में बर्बाद कर देती है।
    ‘प्रियंका’ को अखबार मानने से परहेज करने वाले मुट्ठी भर काबिल कुनबे ने चांदी-सोने के टुकड़ांे से उसके संघर्षों के पसीने को बार-बार तौलने के नाकाम प्रयास किये। और तो और कई बार दया दर्शाने वालो ंसे भी सामना होता रहा और आज भी होता है। इससे भी आगे मेरे लंगोटिया यारों में भी ‘प्रियंका’ के छोटे  होने की फांस खरकती है। यहां मैं साफ कर दूं सच का सामथ्र्य भले ही छोटा लगे और स्वाभिमान की संपदा नंगी आंखों से न दिखे, लेकिन सच सिर्फ सच होता है। उसकी जुबान नहीं काटी जा सकती। स्वाभिमान, संस्कार के बेटे का नाम है, जिस पर समूचे समाज को अभिमान है। और साफगोई से कहूं तो, जो बात धारदार है वो रु-ब-रु कहो/  वरना बिखेर देंगे ये जालिम दुभाषिये।
    श्रीकृष्णा ने अर्जुन से कहा था तुम निमित्त मात्र हो, कर्ता मैं हूँ। इसलिए तुम योद्धा हो, केवल युद्ध करो। मेरे गुरू ने मुझे सादगी, साफदिली और सचबयानी के सबक सिखाए थे। उसी साधना के बलबूते ‘प्रियंका’ लगातार 32 सालों से संघर्ष का पर्व हर बरस वार्षिकांक छाप कर अपने दो-चार, दस-बीस पाठकों के साथ मनाती हैं। हो सकता है पाठकों की संख्या का आंकड़ा बड़ा हो लेकिन ‘प्रियंका’ उनमें से दुखियारों की आवाज अपनी पैदाइश के दिन से रही है। इसे यूं भी कह सकता हूं कि इतिहास की भूमि पर खड़े होकर आज के गूंगे पद-दलितों की पीड़ा  के लिए हलक फाड़कर चीखना होगा तभी तो ‘चीथड़ों’ के जरिए भविष्य में इंकलाब का जलजला आएगा। यहां और साफ-साफ बता दूं कि इन्हीं ‘चीथड़ों’ ने आजादी के आन्दोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। यह किसी पगलाए हुए अखबारनवीस की कलम से निकला प्रलाप नहीं है, वरन आदमी की भाषा का व्याकरण है। जहां संज्ञा के ‘व्यंजन’ और सर्वनाम के ‘विज्ञापन’ हो जाने की छटपटाहट व्याकुल किए है।
    और अन्त में इतना ही, ‘‘अभी तो मुट्ठी भर जमीन नापी है, आसमान बाकी है।’’ इसी प्रबल आशा, जिज्ञासा, के साथ ‘प्रियंका’ का वार्षिकांक, 2011’ आपको कैसा लगा जानने की इच्छा रहेगी। हमेशा की तरह आपकी आलोचना, आपका दुलार इस ‘चीथड़े’ को और धारदार बनाएगा।    प्रणाम!

बलात्कार! बलात्कार!! बलात्कार!!! कैसे बचे औरतों की इज्जत?

लखनऊ। सच तो यह है कि हमारा समाज भ्रष्ट, ध्रष्ट और चरित्रहीन होता जा रहा है। हर सुबह अखबार में बलात्कार की घटनाओं की खबरें होती हैं। हद तो यह है कि जहां प्रदेश की तेज तर्रार महिला मुख्यमंत्री विधानसभा सदन के भीतर बड़े गर्व से स्वीकार करती हैं कि जनवरी 2009 से मई 2010 तक डेढ़ साल में 2412 महिलाएं बलात्कार की शिकार हुईं यानी औसतन एक दिन मे ंपांच महिलाओं की इज्जत लूटी गई। इससे भी अधिक कानून के साथ मजाक क्या हो सकात है कि जहां स्वयं मुख्यमंत्री रहती हैं, उसी इलाके में विदेश से आई युवती से बड़े बाप के बेटे फिल्मी अंदाज में खुली सड़क पर छेड़छाड़ करते हैं। डरी-सहमी युवती एक टी.वी. चैनल के दफ्तर में शरण लेती है। चैनल के लोग पुलिस को सूचना देते हैं फिर भी पुलिस आदतन एक घंटे बाद पहुंचती है और अपमानित युवती ब्रीथिया की शिकायत पर पुलिस की नजरों में कोई अपराध नहीं बनता। सवाल यह है कि क्या सड़क पर बलात्कार होने के बाद ही अपराध बनेगा?
    यह सवाल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता पूछते हैं। उनका कहना है कि अखबार पढ़ने से तो यह लगता है कि सूबे में बलात्कारों का मौसम आ गया है। कहीं युवती को बलात्कार के बाद जिन्दा जला दिया जा रहा है, कहीं हाथ-पैर काट लिए जाते हैं। तो कहीं पीड़िता को ही जेल भेज दिया जाता है। हाथ पैर काट लिए जाते हैं। कहीं युवती पर सरेराह तेजाब फंेका जा रहा है। पीड़िताओं को अस्पतालों में इलाज के बजाए डाक्टर धक्के मार कर बाहर भगा दे रहे हैं। इसके बाद भी सरकार और उसके जिम्मेदार मुखिया, हाकिम कहते हैं, कानून-व्यवस्था दुरूस्त है। कानून का राज कायम है।
    इससे भी तकलीफदेह एक मेल ‘प्रियंका’ के पाठक का आया है, जिसका पूछना है कि क्या जब प्रदेश की तमाम युवतियां ‘गैंगरेप’ का शिकार होकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर लेंगी तब यह समाज, सरकार और मीडिया चेतेगी? क्या सारी जिम्मेदारी सरकार की है? मीडिया बलात्कार को चटखारे लगाकर टी.वी. के पर्दे पर दिखाकर और अखबार उसे मसालेदार खबर बनाकर छापकर छुट्टी पा सकता है? क्या उसे समाज में फैल रहे इस क्रूर अपराद्द के प्रति संवेदनशील नहीं होना चाहिए और सुधारात्मक जन जागरण अभियान चलाने की पहल नहीं करनी चाहिए?
        इन सवालों के जवाब में शायद बहस हो सकती है या टका सा पुलिसिया जवाब दिया जा सकता है। सरकार में बैठा दल अपने लोगों के शामिल होने पर पूरी बेशर्मी से इसे ‘सियासी रंग’ करार दे सकता है। विपक्ष सिर्फ हो हल्ला मचाकर अपने हित साधने की जमीन तैयार कर सकता है। फिर कौन इन बिलखती व अपमानित युवतियों के आंसू पोंछेगा?
    आंकड़े कहते हैं, अकेले राजधानी लखनऊ में बीते चार महीनों में 25 युवतियां बलात्कार की शिकार हुईं। इनमें मासूम बच्ची से लेकर नाबालिग लड़कियां तक शामिल हैं। लखनऊ पुलिस के थानों में दर्ज आंकड़े बताते हैं कि मौजूदा सरकार के तीन सालों के दौरान बलात्कार के मामले लगभग 30 फीसदी बढ़े हैं। इनमें भी तमाम मामलों में सत्तादल के नेता शामिल हैं और इनको बचाने में सत्तादल की मुखिया और हाकिम पूरी ढ़िठाई से आगे खड़े हो जाते हैं। यही पुलिस बाकायदा पीड़ितों को धमकाने, समझौता कराने की भूमिका निभा रही है।
    कमोबेश इसी तरह की भूमिका कांग्रेस के राहुल गांद्दी से लेकर सपा, भाजपा व अन्य दलों के नेताओं की भी है। कोई भी गंभीरता से किसी प्रकार के ठोस कदम उठाने के पक्ष मंे नहीं दिखता। विधानसभा के सदन में भी इसे उठाकर विपक्ष महज अपना हित साधता दिखाई दे रहा है।
    समाजसेवकों, नेताओं, अफसरों के भरोसे को छोड़ कर ‘आदमी’ को आगे बढ़कर इस समस्या के लिए जूझना होगा। आइए हम ही पहल करें ‘प्रियंका को अपने सुझाव ई-मेलः मकपजवतण् चतपलंदां/हउंपसण्बवउ पर मेल करें।